
CM रेखा गुप्ता का AAP पर पलटवार, बोलीं- AQI के आंकड़ों से छेड़छाड़ नहीं हो सकती; एक सलाह भी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदूषण के आंकड़ों से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। उन्होंने बेरोजगार विपक्ष को गीत गाने तक ही सीमित रहने की सलाह दी। आप ने आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार ने दिवाली की रात AQI के आंकड़ों में हेरफेर किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदूषण के आंकड़ों से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। उन्होंने बेरोजगार विपक्ष को गीत गाने तक ही सीमित रहने की सलाह दी। आप ने आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार ने दिवाली की रात प्रदूषण निगरानी केंद्र बंद कर दिए और AQI के आंकड़ों में हेरफेर किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि प्रदूषण के आंकड़ों से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सोच में कुछ गड़बड़ है। आप की समस्या यह है कि अगर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गिरता है तो वे कहते हैं कि आंकड़ों में हेराफेरी की गई है। अगर वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ता है तो यह कैसे बढ़ रहा है? उनके नासमझी का जवाब देना हमारा काम नहीं है। हम दिल्ली में प्रदूषण की समस्या को दूर करने के लिए ईमानदारी से काम कर रहे हैं। सीएम ने खुदरा विक्रेताओं के एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से ये बातें कहीं।
सीएम गुप्ता ने देकर कहा कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों से न तो छेड़छाड़ की जा सकती है और न ही उसमें हेरफेर किया जा सकता है। कोई भी किसी खास जगह पर खड़े होकर वहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक जान सकता है।
उन्होंने कहा कि आप के साथ एक समस्या है। वे सोच रहे हैं कि आठ महीने बाद सरकार के क्या नतीजे दिखेंगे। आप बेरोजगार है। वे उस दिन गाना गा रहे थे। उन्हें ऐसा ही कुछ करना चाहिए और लोगों को परेशान करना बंद कर देना चाहिए। वे लोगों को गुमराह करते रहेंगे और बेतुके बयान देते रहेंगे।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज सहित अपने नेताओं का एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वे दिल्ली में क्लाउड सीडिंग परीक्षणों का मजाक उड़ाते हुए 'बरसात भी आके चली गई' गाना गा रहे थे। आप ने छठ पूजा को लेकर भी सरकार की आलोचना की थी। कहा था कि उन्होंने फिल्टर्ड पानी से नकली यमुना घाट तैयार किया गया है।
सीएम गुप्ता ने कहा कि उन्हें प्रगति से खुश होना चाहिए। पूर्वांचल के लोग छठ पूजा से खुश थे, लेकिन आप नाटक कर रही थी। उनके नाटक का कोई अंत नहीं है और हम इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।





