Arvind Kejriwal : ईडी के समन और मोहल्ला क्लिनिक पर घिरी AAP, BJP बोली- खुल रही भ्रष्टाचार की पोल delhi cm arvind kejriwal ed action in liquor case aap bjp - ncr news
Hindi NewsएनसीआरArvind Kejriwal : ईडी के समन और मोहल्ला क्लिनिक पर घिरी AAP, BJP बोली- खुल रही भ्रष्टाचार की पोल

Arvind Kejriwal : ईडी के समन और मोहल्ला क्लिनिक पर घिरी AAP, BJP बोली- खुल रही भ्रष्टाचार की पोल

Arvind Kejriwal News: जांच एजेंसी ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 3 जनवरी को पूछताछ के लिए तलब किया था। केजरीवाल ने इस बार भी ईडी के नोटिस को ही अवैध करार दे दिया। AAP को गिरफ्तारी की आशंका।

Arvind Kejriwal :  ईडी के समन और मोहल्ला क्लिनिक पर घिरी AAP, BJP बोली- खुल रही भ्रष्टाचार की पोल

kejriwal aap

| लाइव हिन्दुस्तान | Thu, 04 Jan 2024 09:05 PM
हमें फॉलो करें

Arvind Kejriwal News: कथित शराब घोटाले (delhi excise policy) में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के तीन समन को दरकिनार कर चुके दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खुद आम आदमी पार्टी का दावा है कि अब ईडी केजरीवाल के घर पर रेड मारकर उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। आधी रात को आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर ऐसा दावा करके सनसनी मचा दी। दिल्ली में सुबह से ही हलचल तेज है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 3 जनवरी को पूछताछ के लिए तलब किया था। लेकिन उन्होंने पिछले दो मौकों की तरह इस बार भी ईडी के नोटिस को ही अवैध करार दे दिया। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार लोकसभा चुनाव में प्रचार से रोकने के लिए केजरीवाल को गिरफ्तार करना चाहती है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि केजरीवाल जांच से डर रहे हैं और इसलिए वह ईडी के सामने पेश नहीं हो रहे हैं। उधर, इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी की सहयोगी कांग्रेस ने भी केजरीवाल को नसीहत दी है कि उन्हें कानून का सामना करना चाहिए। 

4 Jan 2024, 08:49:16 PM IST

AAP नेताओं के खिलाफ सबूत नहीं - केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आबकारी नीति घोटाले का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन ऐसा कोई घोटाला नहीं हुआ है और जेल में बंद किसी भी आप नेता के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा, ''मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और विजय नायर इसलिए जेल में नहीं हैं कि वे भ्रष्टाचार में शामिल थे बल्कि इसलिए कि वे भाजपा में शामिल नहीं हुए। हम उनसे (भाजपा वालों से) लड़ने में सक्षम हैं क्योंकि हम भ्रष्टाचार में शामिल नहीं हैं।''
 

4 Jan 2024, 08:25:57 PM IST

केजरीवाल गिरफ्तार हो सकते हैं - सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इससे पहले ED की तरफ से समन जारी कर पिछले साल दो नवंबर और 21 दिसंबर और इस साल तीन जनवरी को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था। हालांकि, सीएम ईडी के समक्ष नहीं गए थे। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि ईडी कल या परसो केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकती है।
 

4 Jan 2024, 07:42:14 PM IST

केजरीवाल ने समन का आधार पूछा है- टीएस सिंहदेव

ED के समन पर सीएम केजरीवाल के नहीं जाने को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा, 'अरविंद केरीवाल ने ईडी से पूछा है कि किस आधार पर उन्हें समन जारी किया गया है। केजरीवाल ने कभी यह नहीं कहा कि वो नहीं जाएंगे। उन्होंने सिर्फ लिखित तौर से इस समन का आधार पूछा है।'

4 Jan 2024, 07:09:46 PM IST

मोहल्ला क्लिनिक पर BJP के संगीन आरोप

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''अब तक केवल शराब घोटाला हुआ था, अब मेडिकल घोटाला हुआ है। ईमानदार होने का दावा करने वाले 'स्वघोषित भारत रत्न' ने यह (घोटाला) किया है।''उ न्होंने आरोप लगाया, ''विपश्यना ध्यान से लेकर चुनाव प्रचार तक के तमाम ड्रामे के बीच एक ईमानदार (नेता) का चरित्र पूरी तरह बर्बाद हो गया है क्योंकि उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है।'' उन्होंने कहा, ''यह बहुत स्पष्ट हो गया है कि आपने पहले मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किया, शुरू में सामान्य परीक्षण शुरू किए और फिर बड़े परीक्षणों की व्यवस्था की और अंततः इन सभी चीजों को एक निजी संस्था को आउटसोर्स कर दिया। यह कुछ-कुछ वैसा ही है जैसा शराब घोटाले में हुआ था।''

4 Jan 2024, 06:09:04 PM IST

गुजरात दौरे पर जाएंगे अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। आप सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अपनी चुनावी यात्रा के दौरान जन सभाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि वह इस दौरान जेल में बंद आम आदमी पार्टी (आप) नेता चैतर वसावा से भी मिल सकते हैं।
 

4 Jan 2024, 05:41:24 PM IST

AK के पत्रों की समीक्षा कर रही ED - सूत्र

ईडी की ओर जारी समन पर बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उसके सामने पेश होने से इनकार कर दिया था और यह भी कहा था कि एजेंसी का दृष्टिकोण कानून, समानता या न्याय की कसौटी पर खरा नहीं उतर सकता है और ईडी की यह ''जिद'' 'जज, जूरी और जल्लाद' की भूमिका निभाने के समान है। सूत्रों ने कहा कि जांच एजेंसी फिलहाल केजरीवाल की ओर से बुधवार को जांच अधिकारी को भेजे गये पन्नों के जवाब की समीक्षा कर रही है और समन को अवैध बताने के उनके आरोपों को खारिज कर सकती है।

4 Jan 2024, 05:16:13 PM IST

घोटाले हैं जुड़े हैं केजरीवाल के तार, केंद्रीय मंत्री का दावा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED द्वारा भेजे गए समन पर केंद्रीय मंत्री वी के सिंह ने कहा, " शराब घोटाले की जांच तो होगी और इनके (अरविंद केजरीवाल) भी तार जुड़े हुए हैं। उनको जांच से डर क्यों लग रहा है अगर वो बिल्कुल सच्चे हैं।...आपकी छवि और अच्छी होगी अगर आप जांच में साथ देंगे।"

4 Jan 2024, 04:52:10 PM IST

केजरीवाल को चौथा समन हो सकती है जारी - सूत्र

प्रवर्तन निदेशालय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा एजेंसी के सामने पेश होने से इनकार करने के संबंध में भेजे गए जवाब की समीक्षा कर रहा है और कथित आबकारी नीति मामले की जांच में शामिल होने के लिए उन्हें चौथा समन जारी कर सकता है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।  

4 Jan 2024, 04:25:54 PM IST

बिना सबूत जेल में डाल रहे - AAP प्रवक्ता

आप की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं को बिना किसी सबूत के एक के बाद एक जेल में डाला गया है, लेकिन वे हमेशा बेदाग निकले हैं। उन्होंने कहा, ''इस मामले (कथित शराब घोटाला) में भी कुछ समय लग सकता है लेकिन न्याय होगा । हमें कानून पर भरोसा है।'' केजरीवाल इससे पहले भी दो नवंबर और 21 दिसंबर को ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे।

4 Jan 2024, 04:04:05 PM IST

भ्रष्टाचार की खुल रही पोल - BJP

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED द्वारा भेजे गए समन पर भाजपा नेता शहज़ाद पूनावाला ने कहा, "ऐसा कोई सगा या विभाग नहीं जिसे AAP और अरविंद केजरीवाल ने ठगा नहीं। केवल शराब ही नहीं दवाई में भी और जांच में ना जाने से लेकर जांच करवाने में भी जो भ्रष्टाचार अरविंद केजरीवाल और AAP की सरकार ने किया है, उसकी एक के बाद एक परतें खुलती जा रही हैं।"     

4 Jan 2024, 03:36:55 PM IST

वैध समन भेजेंगे तो देंगे जवाब- AAP

आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली का कथित शराब घोटाला फर्जी है। उन्होंने कहा कि अगर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ''वैध'' समन भेजेगा तो वह उसके साथ सहयोग करेंगे। आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल बुधवार को दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए और उन्होंने समन को ''अवैध'' और ''राजनीति से प्रेरित'' बताया। आप नेता जैस्मिन शाह ने कहा कि कथित शराब घोटाले की जांच पिछले दो साल से जारी है लेकिन अब तक ईडी ने सबूत के तौर पर कुछ बरामद नहीं किया है।
 

4 Jan 2024, 03:19:14 PM IST

जांच भी फर्जी, दवाइयां भी फर्जी; AK पर बोले केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "राजनीति में आने से पहले अरविंद केजरीवाल ईमानदारी की बड़ी-बड़ी बातें करते थे... जितने लोगों को उन्होंने ईमानदारी का सर्टिफिकेट दिया, कोर्ट ने उनमें से किसी को भी जमानत नहीं दी। उपमुख्यमंत्री हो, मंत्री हो या सांसद, आज AAP नेता जेलों में पड़े हैं... अब तो नए-नए भ्रष्टाचार सामने आ रहे हैं। पहले फर्जी दवाइयों का और अब फर्जी जांच का। यानी जांच भी फर्जी, दवाइयां भी फर्जी..."

4 Jan 2024, 02:23:30 PM IST

केंद्र सरकार अपने लगाए लोगों की जांच कर रही है: AAP

केंद्र सरकार की ओर से लगाए गए लोगों की जांच ही केंद्र सरकार करा रही है। आप कह रहे कि करोड़ों का भ्रष्टाचार हो गया, आप किसी पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं: सौरभ भारद्वाज

4 Jan 2024, 02:21:23 PM IST

कुछ डॉक्टर गड़बड़ी कर रहे थे अटेंडेंस में: सौरभ भारद्वाज

मैंने ही कहा था कि कुछ डॉक्टर लेट आते हैं या जल्दी चले जाते हैं। मोहल्ला क्लीनिक में अटेंडेंटस वीडियो बनाकर लगती है। इस टेक्नॉलजी का भी तोड़ निकाल लिया गया। कुछ डॉक्टरों ने अपना वीडियो रिकॉर्ड करके क्लीनिक के कर्मचारी को दे दिया। हमने जब जांच कराई तो पता चला कि डॉक्टर आ रही है दूसरे कपड़े में और जा रही है दूसरे कपड़े में। सात डॉक्टरों समेत 26 लोगों को निकाला था, सख्त कार्रवाई का आदेश दिया था। उसी से जुड़ा कुछ मामला है।

4 Jan 2024, 01:53:01 PM IST

दारू की तरह दवा में भी घोटाला किया: BJP

कुछ उसी तरह मोहल्ला क्लीनिक में घोटाला हुआ जिस तरह शराब घोटाला हुआ। अब तक दारू का घोटाला था अब दवा में हो गया। दवा और दारू दोनों में घोटाला कौन करके दिखा रहा है, जिन्होंने अपने को ही कट्टर ईमानदारी का भारत रत्न दे रखा है: सुधांशु त्रिवेदी

4 Jan 2024, 01:49:38 PM IST

मोहल्ला क्लीनिक में एक दिन में 500 से ज्यादा मरीज कैसे: BJP

एक दिन में 500 से अधिक मरीज भी देखे जाने का रिकॉर्ड है। यानी आधे मिनट में एक मरीज। जब त्याहारों के दिनों में मंदिर में भीड़ होती है, उतने सेकेंड में तो व्यक्ति दर्शन भी नहीं कर पाता है जितने में तो आपके डॉक्टर ने दाव भी लिख दी। यह वो सरकार है ना जिसने कहा था कि दिल्ली में सीसीटीवी का जाल बिछा देंगे। मोहल्ला क्लीनिक की सीसीटीवी देखकर बताइए कहां थी 533 लोगों की लाइन: बीजेपी

4 Jan 2024, 01:05:57 PM IST

संजय सिंह ने दिल्ली कोर्ट में दाखिल की जमानत याचिका

कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद संजय सिंह ने दिल्ली हाई कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की। ट्रायल कोर्ट ने उनकी अपील खारिज कर दी थी।

4 Jan 2024, 12:49:29 PM IST

kejriwal Live: केजरीवाल जो कहेंगे वह कानून नहीं: रमेश बिधूड़ी

केजरीवाल ही कहते थे ना जिस पर शक हो उसकी जांच होनी चाहिए। केजरीवाल जो कहेंगे वह कानून नहीं होते। केजरीवाल की कोई विश्वसनीयत रही नहीं। यदि उनके मन में चोर नहीं है तो घबरा क्यों रहे हैं। आपको देश छोड़ना पड़ेगा तभी आप देश के कानून से बच पाओगे: केजरीवाल की सफाई पर रमेश बिधूड़ी

4 Jan 2024, 12:04:49 PM IST

Kejriwal Live: भ्रष्टाचार किया होता तो भाजपा में शामिल हो गया होता- केजरीवाल

हमने भ्रष्टाचार किया होता तो दूसरे नेताओं की तरह भाजपा में शामिल हो गए होते: केजरीवाल

4 Jan 2024, 12:03:57 PM IST

Kejriwal Live: मुझे गिरफ्तार करना मकसद- केजरीवाल

ये लोग ठीक लोकसभा चुनाव से दो महीने पहले मुझे बुला रहे हैं। बीजेपी का मकसद है केजरीवाल को पूछताछ के बहाने बुला लो और गिरफ्तार कर लो। ताकि मैं चुनाव प्रचार ना कर सकूं: अरविंद केजरीवाल

4 Jan 2024, 12:02:43 PM IST

Kejriwal Live- मेरी सबसे बड़ी संपत्ति ईमानदारी पर चोट- केजरीवाल

अभी तक एक भी पैसे का हेरफेर नहीं मिला है। यदि भ्रष्टाचार हुआ है तो इतने पैसे गया कहां। क्या सारे पैसे हवा में उड़ गए। फर्जी केस में कई नेताओं को जेल में रखा गया है। खुलेआम गुंडागर्दी चल रही है। बीजेपी मुझे गिरफ्तार करना चाहती है मेरी सबसे बड़ी ताकत ईमानदारी है। मेरी ईमानदारी पर चोट करना चाहते हैं। मेरे वकीलों ने कहा है कि समन गैरकानूनी है। मैंने इन्हें लिखकर बताया है कि कैसे यह गैर कानूनी है। उनके पास मेरी बात का जवाब नहीं है। 

4 Jan 2024, 11:58:08 AM IST

Kejriwal Live: मोहल्ला क्लीनिक में फर्जी टेस्ट की सीबीआई जांच पर क्या बोले सचदेवा

यह अत्यंत खेदपूर्ण है कि अभी 20 दिन पहले अरविंद केजरीवाल शासित दिल्ली सरकार के अस्पतालों में नकली एवं घटिया दवाई वितरण के स्कैम की जानकारी सामने आने से दिल्ली एवं देश की जनता स्तब्ध हुई थी और आज फिर सुबह सुबह केजरीवाल सरकार के स्वास्थ्य विभाग का एक और सैंकड़ों करोड़ का पैथोलॉजी टेस्ट घोटाला सामने आने से दिल्ली की जनता शर्मसार है: वीरेंद्र सचदेवा
 

4 Jan 2024, 11:44:28 AM IST

Kejriwal Live: क्या गरीब-अमीर के लिए अलग हो कानून: रमेश बिधूड़ी

आज सूर्योदय से पहले विलाप शुरू हो गया आतिश और सौरभ जी का कि केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है। कानून देश में गरीब के लिए अलग हो और वीआईपी के लिए अलग, यह कहना है इन लोगों का। चोर को क्या पुलिस घर पर जवाब भेजेगी। पुलिस किसी को बार-बार बुला रही है और वह नहीं आ रहा है तो उसे गिरफ्तार नहीं किया जाना चाहिए। दिल्ली की जनता बताए क्या गरीब और वीआई के लिए कानून अलग हो: भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी

4 Jan 2024, 11:31:41 AM IST

Kejriwal Live: आप ने कहा- बीजेपी दफ्तर से निकलेगा वारंट

आप नेता जैस्मीन शाह ने कहा- हमें पुख्ता सूत्रों से पता चला था कि अरविंद केजरीवाल जी के घर रेड होने वाली है, वो अरेस्ट होने वाले हैं। इसकी क्रोनोलॉजी समझिए। मनीष सिसोदिया और संजय सिंह की गिरफ्तारी से पहले ही बीजेपी नेताओं ने कह दिया था कि वो गिरफ्तार होंगे। अब बीजेपी नेताओं ने कहना शुरू कर दिया है कि अरविंद केजरीवाल जी भी गिरफ्तार होंगे। गिरफ्तारी के वारंट बीजेपी के दफ्तर से निकलते हैं।
 

4 Jan 2024, 10:49:10 AM IST

Arvind Kejriwal: 12 बजे केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस

दोपहर 12 बजे अरविंद केजरीवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि वह कथित शराब घोटाले में ईडी के समन और गिरफ्तारी की आशंका पर अपनी बात रख सकते हैं।

4 Jan 2024, 10:46:51 AM IST

एलजी ने एक और सीबीआई जांच की सिफारिश की

दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने मोहल्ला क्लीनिक में कथित फर्जी टेस्ट के आरोपों की सीबीआई जांच की सिफारिश की है।

4 Jan 2024, 10:04:29 AM IST

Arvind Kejriwal Live: गिरफ्तारी की आशंका के बीच केजरीवाल चले गुजरात

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका के बीच वह लोकसभा चुनाव के प्रचार का आगाज करने जा रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री 6 जनवरी को तीन दिन के लिए गुजरात जा सकते हैं।

4 Jan 2024, 09:36:41 AM IST

Arvind Kejriwal: ED ने किया इनकार पर AAP को विश्वास नहीं

पिछले रात को पुख्ता सूत्रों के हवाले हमें पता चला था कि ईडी की रेड होने वाली है, केजरीवाल जी अरेस्ट होने वाले हैं। जब मनीष सिसोदिया अरेस्ट हुए थे तो बीजेपी वालों ने कहना शुरू कर दिया था कि अरेस्ट होने वाले हैं। ई़डी ने खारिज किया था। संजय सिंह अरेस्ट हुए थे तो बीजेपी वालों ने कहा था कि 24 घंटे में गिरफ्तार हो जाएंगे, ईडी ने तब भी इनकार किया था। समन जारी होने से पहले बीजेपी को पता चल जाता है। पिछले 24 घंटे में बीजेपी नेता कह रहे हैं कि केजरीवाल गिरफ्तार होने वाले हैं। अरेस्ट वॉरंट बीजेपी के दफ्तर से निकलेगा, ईडी इसके बाद कार्रवाई करेगा: जैस्मीन शाह

4 Jan 2024, 09:20:42 AM IST

Arivnd Kejriwal Live: छापेमारी की बात अफवाह: ED सूत्र

आम आदमी पार्टी की ओर से जाहिर की गई रेड और केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका पर ईडी सूत्रों ने कहा- आज छापेमारी का प्लान नहीं है। छापेमारी के आरोप अफवाह। 

4 Jan 2024, 09:10:35 AM IST

Kejriwal Live: चोरी को इवेंट बनाना चाहती है AAP: सचदेवा

AAP के नेता शोर मचा रहे हैं कि मुख्यमंत्री कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं। इन्होंने चोरी भी की है भ्रष्टाचार भी किया है और अब ये लोग हंगामा कर रहे हैं। गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले अरविंद केजरीवाल आपको जांच एजेंसी ने मौका दिया था अपनी बात रखने के लिए, पर आप भागते रहे। आज सुबह से मैं देख रहा हूं कि चोरों की बारात शोर मचा रही है। इन लोगों ने चोरी की है, भ्रष्टाचार किया है और अब ये इस चोरी को भी इवेंट बनाना चाहते हैं, शर्मनाक है AAP का यह व्यवहार: वीरेंद्र सचदेवा

4 Jan 2024, 08:53:32 AM IST

Kejriwal Live: कब तक भागेंगे केजरीवाल: हरीश खुराना

अरविंद केजरीवाल और उनकी पूरी टीम को मनोहर कहानियां गढ़ने में महारत हासिल है। कल देर रात से इनके ट्वीट और वीडियो चल रहे हैं कि आज केजरीवाल के घर ईडी की रेड और गिरफ्तारी हो सकती है। मुझे नहीं पता इन्हें यह जानकारी कहां से मिली, लेकिन कानून के तहत कार्रवाई होगी। तीन बार से वे जानबूझकर ईडी के समन को नजरअंदजा कर रहे हैं। ईडी को अपने सवालों के जवाब चाहिए। कभी ना कभी आपको ईडी के पास जाना ही होगा, आज नहीं तो कल। आप कब तक भागेंगे: बीजेपी नेता हरीष खुराना

4 Jan 2024, 08:32:58 AM IST

Kejriwal Live: चोरों की बारत शोर मचा रही- वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा ED के समक्ष पेश न होने पर देश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "शराब शरीर और आत्मा का नाश करती है लेकिन इस शराब ने तो अरविंद केजरीवाल की आत्मा का भी नाश किया है। आज सुबह से चोरों की बारात शोर मचा रही है...  जब चोरी की थी तो क्या उस समय ध्यान नहीं आया था?... जांच एजेंसी क्या आपको बताकर गिरफ्तार करेगी?... अरविंद केजरीवाल यदि आप खुद के कट्टर ईमानदार होने का दावा करते हैं तो जाइए जांच एजेंसी के सामने साक्ष्य रखिए।"

4 Jan 2024, 08:19:37 AM IST

Arvind Kejriwal: गिरफ्तार हुए केजरीवाल तो क्या देंगे इस्तीफा?

आम आदमी पार्टी के नेताओं को आशंका है कि लोकसभा चुनाव से पहले कभी भी अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है। सवाल यह है कि यदि केजरीवाल गिरफ्तार किए गए तो क्या वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे? इसका जवाब आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता के हवाले से दिया है। पार्टी का दावा है कि दिल्ली में करीब एक करोड़ लोगों से सवाल किया गया और 98 फीसदी ने जवाब दिया कि केजरीवाल को जेल में रहकर भी सरकार चलानी चाहिए।

4 Jan 2024, 08:06:28 AM IST

Kejriwal Live: आम आदमी पार्टी के मुख्यालाय के बाहर जुट रहे हैं नेता

आम आदमी पार्टी के मुख्यालय पर पार्टी के नेता पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक पहुंचे हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर सकते हैं। केजरीवाल के प्रति अपने समर्थन और एकजुटता के इजहार का प्लान है।

4 Jan 2024, 08:02:12 AM IST

Kejriwal Live: केजरीवाल के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर सुक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस के जवानों की कुछ टुकड़ी केजरीवाल के आवास के बाहर खड़ी है। अन्य दिनों के मुकाबले आवास के बाहर सुरक्षा अधिक पुख्ता है।

4 Jan 2024, 07:58:34 AM IST

Kejriwal Live: केजरीवाल के आवास के बाहर हलचल

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास के बाहर हलचल तेज है। सुबह से ही यहां चहलकदमी ज्यादा है। हालांकि, अभी  तक ईडी की टीम नहीं पहुंची है, जैसा की आम आदमी पार्टी के नेताओं ने दावा किया है।

4 Jan 2024, 07:55:14 AM IST

Kejriwal Live: आतिशी ने भी जताई गिरफ्तारी की आशंका

बुधवार देर रात आम आदमी पार्टी नेता और केजरीवाल की मंत्री आतिशी ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि गुरुवार सुबह केजरीवाल के घर पर ईडी छापेमारी कर सकती है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है।

4 Jan 2024, 07:53:30 AM IST

सौरभ भारद्वाज का दावा- आज गिरफ्तार किए जाएंगे केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल के मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने देर रात सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि गुरुवार को केजरीवाल को  गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने लिखा, 'सुनने में आ रहा है कल सुबह मुख्यमंत्री केजरीवाल जी के घर ED पहुंच कर उन्हें गिरफ्तार करने वाली है।'

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।