Hindi NewsएनसीआरDelhi Chunav 2025: केजरीवाल के नेतृत्व में चुनाव आयोग से मिले AAP नेता, बताया क्या बात हुई

Delhi Chunav 2025: केजरीवाल के नेतृत्व में चुनाव आयोग से मिले AAP नेता, बताया क्या बात हुई

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को वोट डाले जाएंगे। चुनाव को लेकर सोमवार शाम को प्रचार थम गया। चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए सियासी दलों ने प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा, कांग्रेस और आप के दिग्गज चेहरे जीत सुनिश्चित करने के लिए मैदान में उतरे।

Delhi Chunav 2025: केजरीवाल के नेतृत्व में चुनाव आयोग से मिले AAP नेता, बताया क्या बात हुई

Arvind Kejriwal with wife Sunita

Sneha Baluni| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली | Tue, 04 Feb 2025 10:48 PM
हमें फॉलो करें

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को वोट डाले जाएंगे। चुनाव को लेकर सोमवार शाम को प्रचार थम गया। चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए सियासी दलों ने प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा, कांग्रेस और आप के दिग्गज चेहरे जीत सुनिश्चित करने के लिए मैदान में उतरे। तीनों प्रमुख दलों ने प्रचार के अंतिम दिन करीब 50 रैलियां और रोड शो किए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीन जनसभाएं की। भाजपा ने कुल 25 जनसभाओं के अलावा छोटी-छोटी पदयात्राएं भी कीं।

प्रचार के आखिरी दिन अरविंद केजरीवाल ने कालकाजी, छतरपुर में रोड शो किया। दिल्ली में इस बार सत्ताधारी आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। कुछ स्थानों पर निर्दलीय भी जोर लगा रहे हैं। आप को जहां चौथी बार सत्ता में काबिज होकर अपने नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप गलत साबित करने हैं। वहीं 27 वर्षों से सत्ता से दूर भाजपा दोबारा सत्ता पाना चाहेगी। कांग्रेस पिछले दो चुनाव से अपना खाता नहीं खोल पाई है, यह चुनाव उसके वजूद की लड़ाई है।

4 Feb 2025, 10:14:19 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: आतिशी का PA 5 लाख कैश के साथ पकड़ा गया: BJP

Delhi Chunav 2025 Live: भाजपा ने एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली की सीएम आतिशी मार्लेना का PA 5 लाख रुपए कैश के साथ पकड़ा गया। इस वीडियो को शेयर करते हुए दिल्ली भाजपा ने लिखा, ‘खुलेआम पैसे बटवा रही हैं मार्लेना जी, और दूसरे प्रदेश के लोगों को बुला रखा है अपनी विधानसभा में..और कल नौटंकी करने के लिए इल्ज़ाम लगा रही थी कि कालका विधानसभा में बाहर के लोग क्यों हैं…फिर ये कौन है?? हार का डर साफ दिख रहा है आपियों को’

4 Feb 2025, 07:27:07 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: केजरीवाल शातिर अपराधी, अपना गुनाह दूसरों पर डालते हैं: सचदेवा

Delhi Chunav 2025 Live: लोगों को मतदान से रोकने वाले केजरीवाल के आरोप के जवाब में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'केजरीवाल ऐसे शातिर अपराधी हैं कि जो खुद गुनाह करते हैं, उसको दूसरों पर डालने की कोशिश करते हैं। मैं केजरीवाल से पूछना चाहता हूं तुम्हारी पार्टी के लोगों ने RO को जो लिस्ट सौंपी है एब्सेंट वोटर्स की, शिफ्टेड वोटर्स की, मृत वोटर्स की, वो सच्ची है क्या? बताएँ। इसलिए हमने कहा है कि ये वो शातिर अपराधी हैं, जो चाहते ही नहीं हैं कि असली मतदाता वोट डालें। पूरे चुनाव में दिल्ली को डराने का काम केजरीवाल ने किया है, झूठ बोलने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया है। जैसे-जैसे चोरी पकड़ी जाती है, तो चुनाव आयोग के सामने विक्टिम कार्ड खेलने की कोशिश करते हैं।'

4 Feb 2025, 07:00:52 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: मतदान से एक रात पहले केजरीवाल ने जताया इस बात का डर

Delhi Chunav 2025 Live: चुनाव आयोग से मिलने के दौरान केजरीवाल ने इस बात की चिंता जताई कि आज रात लोगों को डराया जा सकता है और उन्हें कल मतदान करने से रोकने के लिए उन पर काली स्याही से निशान लगाए जा सकते हैं। जिसके बाद चुनाव आयोग ने उनसे उचित कार्रवाई का वादा किया है।

4 Feb 2025, 06:57:50 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: चुनाव आयोग ने भी दिया निष्पक्ष चुनाव का भरोसा

Delhi Chunav 2025 Live: उधर AAP नेताओं से मिलने के बाद चुनाव आयोग ने बताया, 'ECI ने दोहराया कि सभी चुनाव अधिकारियों को निष्पक्ष रूप से काम करना जारी रखना चाहिए और समान अवसर को बाधित करने वाला कोई भी पक्षपातपूर्ण आचरण अक्षम्य होगा। EC ने सभी सामान्य, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे रात भर सीमावर्ती क्षेत्रों सहित क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखें और सुनिश्चित करें कि MCC का सख्ती से पालन हो। किसी भी तरह के प्रलोभन या धमकी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।'

4 Feb 2025, 06:51:51 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: आयोग से मिला AAP प्रतिनिधिमंडल, बताया क्या बात हुई

Delhi Chunav 2025 Live: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल आज चुनाव आयोग से मिला। मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा, 'हमने दिल्ली पुलिस द्वारा हिंसा और गुंडागर्दी के बारे में चिंता जताई। उन्होंने हमें निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हमने मतदाताओं को दबाने के जोखिम का भी उल्लेख किया और उन्होंने पुष्टि की कि वे सुनिश्चित करेंगे कि लोग मतदान कर सकें।'

4 Feb 2025, 05:20:30 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपी मतदाता सूचना पर्ची

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आर. एलिस वाज ने मतदाता सूचना पर्ची यहां राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपी। इस बारे में जारी एक बयान में कहा गया है कि मतदाता सूचना पर्ची में सुचारू रूप से वोट डालने में सहायता के लिए विवरण दिया गया है। इसमें कहा गया है कि जिला निर्वाचन अधिकारी (नई दिल्ली) सनी के.सिंह और बूथ स्तर के अधिकारी सुरेश गिरि ने सीईओ के साथ राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की।

4 Feb 2025, 04:43:33 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली चुनाव में MCC उल्लंघन के 1,000 से ज्यादा मामले दर्ज, 34k से ज्यादा लोग गिरफ्तार

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली पुलिस ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद इसके उल्लंघन के 1,076 मामले दर्ज किए हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने इन मामलों के सिलसिले में 34,250 लोगों को गिरफ्तार किया है या हिरासत में लिया है। अधिकारी के मुताबिक, ये मामले सात जनवरी को MCC लागू होने से लेकर तीन फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार थमने के बीच दर्ज किए गए।

4 Feb 2025, 04:21:51 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: महिला मतदाताओं के लिए बनाए गए विशेष 'पिंक बूथ'

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं के लिए विशेष रूप से 'पिंक बूथ' बनाए गए हैं। इन बूथों पर केवल महिला कर्मचारी ही होंगी, जिनमें पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी भी शामिल हैं। मतदान में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा करेंगी।

4 Feb 2025, 03:37:28 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली में वोट डालने वालों को विभिन्न दुकानों पर मिलेगी छूट

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को देखते हुए चैंबर ऑफ ट्रेड्स एंड इंडस्ट्रीज (CTI) ने घोषणा की है कि शहर भर के सैलून और ब्यूटी पार्लर वोट डालने वाले लोगों को 20 से 50 प्रतिशत तक की छूट देंगे। सैलून के अलावा, दुकानें, रेस्तरां, होटल, मॉल, कॉफी शॉप और ढाबे सहित विभिन्न व्यवसाय भी वोट डालने वाले ग्राहकों को 10 प्रतिशत से 50 प्रतिशत के बीच छूट देंगे।

4 Feb 2025, 03:01:43 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली पुलिस ने AAP के बवाना उम्मीदवार को धमकाया: केजरीवाल

Delhi Chunav 2025 Live: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने बवाना विधानसभा क्षेत्र से AAP उम्मीदवार जय भगवान उपकार को धमकी दी है। एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘अमित शाह का गुंडा पुलिस के वेश में खुलेआम धमकी दे रहा है। अमित शाह जी, भारतवर्ष आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेगा।’

4 Feb 2025, 02:31:44 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: अरविंद केजरीवाल से नाराज है दिल्ली की जनता: राजस्थान मंत्री जोगाराम पटेल

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली चुनाव पर राजस्थान के मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल ने सत्ता में आने से पहले जो उपदेश दिए थे, उसका ठीक उल्टा किया। दिल्ली की जनता उनसे नाराज है। इस बार दिल्ली में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी और यह ऐतिहासिक होगा।'

4 Feb 2025, 02:11:12 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचे अरविंद केजरीवाल

Delhi Chunav 2025 Live: आप संयोजक और नई दिल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

4 Feb 2025, 02:07:03 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: अरविंद केजरीवाल का सामने आया भ्रष्टाचार: भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली चुनाव पर भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'दिल्ली के लोग बंगाल के लोगों की तरह ही बदलाव चाहते हैं। दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल और आप को आजमाया, परखा और खारिज कर दिया। अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार सामने आ चुका है, यह पब्लिक डोमेन में है। लोग सुशासन और पारदर्शी सरकार चाहते हैं जो केवल पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार ही दे सकती है।'

4 Feb 2025, 01:18:47 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: अरविंद केजरीवाल वोटिंग वाले दिन तक करेंगे ड्रामा: रवि किशन

Delhi Chunav 2025 Live: अरविंद केजरीवाल के बयान पर बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा, 'उनके सारे नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। उन्हें पता चल गया है कि वो बुरी तरह हार रहे हैं। अब वो EVM को दोष देंगे। कल वोटिंग वाले दिन तक ये ड्रामा चलता रहेगा। मेरी लोगों से बस इतनी ही विनती है कि दिल्ली की जनता झांसे में न आए। आप नारकीय जीवन जी रहे हैं। क्या यही राजधानी है? मेरी विनती है कि आप उन्हें (आप) ऐसी हार दें कि कोई और ऐसा न करे।'

4 Feb 2025, 12:52:05 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: यह आतिशी की निराशा दिखाता है: सतीश उपाध्याय

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के आरोपों पर मालवीय नगर से भाजपा उम्मीदवार सतीश उपाध्याय ने कहा, 'यह आतिशी की हताशा और निराशा को दर्शाता है। वह चुनाव हार रही हैं इसलिए इस तरह के निराधार आरोप लगा रही हैं। मुझे नहीं लगता कि उनके आरोपों में कोई दम है।'

4 Feb 2025, 12:36:42 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: आपस में लड़ रहे हैं बीजेपी-आप: संदीप दीक्षित

Delhi Chunav 2025 Live: नई दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि नतीजे अच्छे होंगे। लोग अपना भविष्य देख रहे हैं। मुझे लगता है कि कांग्रेस को लोगों का अच्छा समर्थन मिलेगा। ये दोनों (बीजेपी-आप) आपस में लड़ रहे हैं क्योंकि उन्हें वोट नहीं मिल रहे हैं, कांग्रेस पार्टी शिकायत नहीं कर रही है क्योंकि हम निष्पक्ष चुनाव लड़ रहे हैं। दिल्ली के मतदाता अभी भी शीला (दीक्षित) जी को याद कर रहे हैं।'

4 Feb 2025, 12:08:12 PM IST

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली में 19 केंद्रों पर होगी वोटिंग

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना आठ फरवरी को 19 केंद्रों पर होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, नई दिल्ली और उत्तर-पश्चिम जिलों में तीन-तीन स्थलों पर मतों की गिनती होगी, जबकि चार जिलों में दो-दो स्थानों पर और पांच जिलों में एक-एक मतगणना स्थल तय किया गया है। मतगणना कर्मियों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है।

4 Feb 2025, 11:47:13 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली के लोग चुनेंगे साफ-सुथरे लोग: सौरभ भारद्वाज

Delhi Chunav 2025 Live: ग्रेटर कैलाश से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'दिल्ली के लोगों के पास दो मुख्य विकल्प हैं, एक आप की टीम है, जिसमें पढ़े-लिखे लोग हैं- अरविंद केजरीवाल आईआईटीयन हैं, मनीष सिसोदिया की मीडिया पृष्ठभूमि है। दूसरी तरफ, भाजपा की टीम में रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा और सतीश उपाध्याय जैसे लोग हैं। क्या दिल्ली के लोग रमेश बिधूड़ी या प्रवेश वर्मा जैसे लोगों के हाथों में दिल्ली देना चाहेंगे? मुझे लगता है कि दिल्ली के लोग गाली-गलौज और गुंडागर्दी नहीं चुनेंगे। वे साफ-सुथरे और पेशेवर लोगों को चुनेंगे। दिल्ली आम आदमी पार्टी के साथ जाएगी।'

4 Feb 2025, 11:13:12 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: जनता की तरफ मोड़ा सरकारी खजाने का मुंह: प्रियंका कक्कड़

Delhi Chunav 2025 Live: आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, 'ग्राउंड पर जासूसी कैमरे लगे हैं। अगर आप भाजपा को कुछ भी संदिग्ध करते हुए देखें, तो उसे रिकॉर्ड करें और ऑनलाइन पोस्ट करें। अरविंद केजरीवाल इस देश के एकमात्र राजनेता हैं जिन्होंने सरकारी खजाने का मुंह जनता की तरफ मोड़ दिया है। भाजपा द्वारा लगाए गए कोई भी आरोप कभी साबित नहीं हो सकते क्योंकि अरविंद केजरीवाल एक ईमानदार राजनेता हैं।'

4 Feb 2025, 11:04:06 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: पढ़ा-लिखा सीएम चुनेगी दिल्ली की जनता: प्रियंका कक्कड़

Delhi Chunav 2025 Live: आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, 'भले ही भाजपा ने दिल्ली में हर काला काम कर लिया हो और चुनाव आयोग नींद में सो रहा हो, लेकिन दिल्ली की जनता एक ईमानदार पार्टी को वोट देने जा रही है, जिसके पास सकारात्मक दृष्टिकोण है, जिसके पास अरविंद केजरीवाल जैसा पढ़ा-लिखा सीएम चेहरा है। हमने एक वेबसाइट बनाई है, जिस पर हम चुनाव से एक रात पहले फॉर्म 17 सी का मिलान करेंगे।'

4 Feb 2025, 10:42:49 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: आतिशी के खिलाफ केस दर्ज

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली पुलिस ने कहा कि आप उम्मीदवार आतिशी 50-70 लोगों और 10 वाहनों के साथ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पाई गईं। डीसीपी ने कहा, '4 फरवरी को 12:30 बजे, कालकाजी (AC-51) से AAP उम्मीदवार 50-70 लोगों और 10 वाहनों के साथ फतेह सिंह मार्ग पर मिलीं। पुलिस ने उन्हें आदर्श आचार संहिता (MCC) के कारण जगह खाली करने का निर्देश दिया। FST की शिकायत पर, धारा 223 BNS और 126 RP अधिनियम के तहत गोविंदपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।'

4 Feb 2025, 10:31:09 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: रमेश बिधूड़े के बेटे पर केस

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली पुलिस ने रमेश बिधूड़ी के बेटे मनीष बिधूड़ी के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई कालकाजी से आप उम्मीदवार और दिल्ली सीएम आतिशी की शिकायत पर की गई है। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त के आधिकारिक हैंडल से एक्स पर बताया गया कि मनीष बिधूड़ी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।

4 Feb 2025, 09:48:42 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली चुनाव में 699 उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत

Delhi Chunav 2025 Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा, आप, कांग्रेस समेत 30 दल हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही 699 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान को लेकर चुनाव अयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। कुल 2696 स्थानों पर 13 हजार 766 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

4 Feb 2025, 09:23:19 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: अभिषेक दत्त ने कहा कस्तूरबा नगर के लोग उन्हें वोट देंगे

Delhi Chunav 2025 Live: कस्तूरबा नगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक दत्त ने कहा, 'मैंने विपक्ष में रहते हुए भी बहुत काम किया है। लोगों को लगता है कि जैसे मैंने विपक्ष में रहकर बहुत काम किया है, वैसे ही मैं विधायक के तौर पर सत्ता में रहकर भी बहुत काम करूंगा। लोग मुझे काम के लिए वोट देंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा के रोड शो में उमड़ी भीड़ इस बात का साफ संकेत है कि कांग्रेस कस्तूरबा नगर विधानसभा जीतने जा रही है।'

4 Feb 2025, 09:07:30 AM IST

Delhi Chunav 2025 Live: आप-दा सरकार का जाना तय: अमित शाह

Delhi Chunav 2025 Live: प्रचार के अंतिम दिन केंद्रीय गृह एंव सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जंगपुरा, बिजवासन और द्वारका विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं की। उन्होंने कहा कि आप आदमी पार्टी की सरकार में दिल्ली को 10 वर्ष में झूठ, बहानेबाजी और झगड़े के अलावा कुछ नहीं मिला है। कूड़ा कचरा, भ्रष्टाचार और गंदा पानी देने वाली आप-दा सरकार का आठ फरवरी को जाना तय है

दिल्ली चुनाव वोटिंग , दिल्ली विधानसभा चुनाव और दिल्ली चुनाव एग्जिट पोल , Delhi Exit Poll से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।