
10 दिनों की NIA कस्टडी में भेजा गया आमिर राशिद अली, दिल्ली धमाके की रची थी साजिश
दिल्ली धमाके मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किए गए आरोपी आमिर राशिद अली को दस दिन की एनआईए की हिरासत में भेज दिया गया है। एनआईए ने राशिद को सोवार को गिरफ्तार किया था।
दिल्ली धमाका मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किए गए आरोपी आमिर राशिद अली को दस दिन की एनआईए की हिरासत में भेज दिया गया है। एनआईए ने राशिद को सोवार को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि उसने आत्मघाती हमलावर डॉक्टर उम उन नबी के साथ मिलकर इस आतंकी हमले की साजिश रची थी।
एनआईए की जांच से पता चला है कि जम्मू-कश्मीर के पंपोर के संबूरा निवासी आरोपी ने कथित आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर आतंकी हमला करने की साजिश रची थी। आमिर उस कार की खरीद में मदद करने के लिए दिल्ली आया था जिसका इस्तेमाल अंततः विस्फोट करने के लिए एक वाहन-जनित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के रूप में किया गया था।
एनआईए ने फोरेंसिक जांच से आईईडी ले जा रहे गाड़ी के मृतक चालक की पहचान उमर उन नबी के रूप में की है, जो पुलवामा जिले का निवासी और फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय के जनरल मेडिसिन विभाग में सहायक प्रोफेसर था।
आतंकवाद-रोधी एजेंसी ने नबी से संबंधित एक अन्य वाहन भी ज़ब्त किया है। इस मामले में साक्ष्य के लिए गाड़ी की जांच की जा रही है, जिसमें एनआईए ने अब तक 10 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में हुए विस्फोट में घायल हुए लोगों सहित 73 गवाहों से पूछताछ की है।
दिल्ली पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और विभिन्न सहयोगी एजेंसियों के साथ मिलकर काम करते हुए, एनआईए विभिन्न राज्यों में अपनी जांच जारी रखे हुए है। यह बम विस्फोट के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए कई सुरागों की तलाश कर रही है।





