दिल्ली बिल्डिंग हादसे में पांच की मौत, सीएम रेखा गुप्ता ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के ऑर्डर; PG मालिक के खिलाफ FIR

By Mohit
लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर एक पीजी बिल्डिंग गिर गई। घटना के वक्त पीजी में कई छात्र मौजूद थे जो हादसे की चपेट में आ गए। फिलहाल मलबे में दबे छात्रों को बचाने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ और एमसीडी की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। 

दिल्ली में रविवार को सत्य निकेतन में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पीजी बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। इस हादसे में अबतक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं मलबे में कई छात्र अब भी दबे हुए हैं जिन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना दोपहर डेढ़ बजे के आसपास की है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

चश्मदीदों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि लगा जैसे भूकंप आ गया हो। पीजी मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इधर सिविक सेंटर स्थित एमसीडी दफ्तर में एबीपीवी प्रदर्शनकारी एमसीडी कमिश्नर के इस्तीफे की मांग पर अड़ गए। इस दौरान दफ्तर में तोड़फोड़ भी की गई है। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।

11.20 PM: Delhi Building Collapse: सीएम ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के ऑर्डर

दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच और इमारत के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के ऑर्डर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के सबसे सख्त प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

10.56 PM: Delhi Building Collapse: 150-200 एबीवीपी छात्र MCD दफ्तर पर जमा

दिल्ली पुलिस ने सिविक सेंटर स्थित एमसीडी दफ्तर में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर जानकार साझा की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक 150-200 एबीवीपी छात्र सिविक सेंटर पर जमा हुए।प्रदर्शनकारी गेट नंबर 5 से सिविक सेंटर में घुसे और एमसीडी के कामकाज के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।

10.37 PM: Delhi Building Collapse: पुलिस ने बिल्डिंग मालिक के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक कहे जा रहे हरिराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों के नाम भी एफआईआर में दर्ज किए गए हैं। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105/290/125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि आरोप है कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिर गई। जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है उनकी तलाश करने के लिए टीमें तैनात की गई हैं।

9.59 PM: Delhi Building Collapse: एमसीडी दफ्तर में तोड़-फोड़

एबीवीपी के सदस्यों ने कथित तौर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान सिविक सेंटर स्थित एमसीडी दफ्तर में तोड़-फोड़ की। प्रदर्शनकारी सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे को लेकर एमसीडी कमिश्नर का इस्तीफा मांग रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

9.45 PM: Delhi Building Collapse: मलबे से निकाला गया एक और शख्स

रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच मलबे से एक और व्यक्ति को बाहर निकाला गया है। यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ था। मलबे में अभी कई लोग फंसे हुए हैं।

9.00 PM: Delhi Building Collapse: सांसद बांसुरी स्वराज बोलीं- दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन होगा

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने घटना को लेकर कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। मलबे में दबे हुए लोगों को निकालने के लिए एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं।

8.33 PM: Delhi Building Collapse: एमसीडी दफ्तर के बाहर एबीवीपी का प्रदर्शन

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद एबीवीपी के सदस्य सिविक सेंटर स्थित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के दफ्तर के बाहर इकट्ठा हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि एमसीडी कमिश्नर को इस्तीफा देना चाहिए।

8.07 PM: Delhi Building Collapse: एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंची सीएम, डॉक्टरों संग की बात

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घटनास्थल के बाद अब एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंची हैं। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत की। बिल्डिंग हादसे में घायल बच्चों को यहां ईलाज के लिए लाया गया है।

7.54 PM: Delhi Building Collapse: पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत का गिरना दुखद है। जिन्होंने अपनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। घटनास्थल पर अधिकारी डटे हुए हैं और हादसे में प्रभावित हुए लोगों की मदद कर रहे हैं।’

7.41 PM: Delhi Building Collapse: सीएम बोलीं- मालिक अधिकारी किसी को बख्शा नहीं जाएगा

सीएम रेखा गुप्ता के मुताबिक, अबतक 11 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। मैं अस्पताल जा रही हूं। इतना कहा सकती हूं कि जो भी व्यक्ति इसके जिम्मेदार हैं चाहे वह बिल्डिंग का मालिक है या अधिकारी है उन्हें बख्शा नहीं जाएगा, क्योंकि बिल्डिंग पुरानी थी। और इसमें कंस्ट्रक्शन रेनोवेशन का काम चल रहा था। बेसमेंट में किसी प्रकार की खुदाई चल रही थी जिसकी वजह से पिलर हिला और वह पूरी बिल्डिंग ढह गई। ये बिल्डिंग पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी और इसके अंदर बच्चे थे।

7.34 PM: Delhi Building Collapse: 9 लोगों का रेस्क्यू, इनमें से तीन की मौत

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अबतक 9 लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है, जिनमें से तीन लोगों की इस हादसे में मौत हो चुकी है।

7.12 PM: Delhi Building Collapse: घटनास्थल पर पहुंचे एलजी

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ​​और दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

7.00 PM: Delhi Building Collapse: रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे 70 जवान

एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर जनरल NS बुंदेला ने कहा, NDRF की दो टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और अभी वहां काम कर रही हैं। इन दो टीमों में लगभग 70 जवान शामिल हैं। हम अपने डॉग स्क्वॉड, कटिंग इक्विपमेंट और टेक्निकल इक्विपमेंट का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। अब तक, NDRF की टीम ने फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और स्थानीय लोगों (जो जानकारी और मदद दे रहे हैं) के सहयोग से चार लोगों को बचाया है। उनमें से दो की हालत गंभीर है (कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं), जबकि दो होश में हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल भेज दिया गया है। हम अभी यह ऑपरेशन चला रहे हैं।

6.00 PM: Delhi Building Collapse: गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख

गृह मंत्री अमित ने एक्स पर पोस्ट में कहा, दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत के ढहने से बहुत दुख हुआ है। मैंने मुख्यमंत्री, दिल्ली के पुलिस कमिश्नर और NDRF के डायरेक्टर जनरल से बात की और जमीनी हालात का जायजा लिया। स्थानीय प्रशासन और NDRF मिलकर तेजी से बचाव कार्य कर रहे हैं। घायलों को हर ज़रूरी मेडिकल मदद दी जा रही है। मैं सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।

5.25 PM:Delhi Building Collapse: घटना स्थल पहुंची सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हालातों का जायजा लेने घटना स्थल पहुंची हैं। उधरदिल्ली पुलिस ने बताया किस्थानीय पूछताछ से पता चला है कि यह 40-50 साल पुरानी इमारत थी, जिसमें एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंज़िलें थीं। इसका इस्तेमाल PG अकोमोडेशन के तौर पर किया जा रहा था। घटना के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। अब तक छह लोगों को बचाया गया है और अस्पतालों में भेजा गया है। खोज और बचाव अभियान जारी है।

5.23 PM:Delhi Building Collapse LIVE: अमित शाह ने रद्द किया कार्यक्रम

दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बारे में पता चलने के बाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा में अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है।

4.57 PM: Updates: Delhi Building Collapse: दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने कहा कि स्थानीय पूछताछ से पता चला है कि यह 40-50 साल पुरानी इमारत थी, जिसमें एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था। घटना के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। अब तक छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पतालों में भेजा जा चुका है। खोज और बचाव अभियान जारी है।

4. 50 PM: Delhi Building Collapse: एक शख्स की मौत हो गई और तीन घायल

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना में एक शख्स की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

4.09 PM: Delhi Building Collapse: '10-15 छात्रों को किया रेस्क्यू'

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सत्य निकेतन के पास गिरी इमारत के बारे में DUSU प्रेसिडेंट आर्यन मान ने कहा, अब तक लगभग 10-15 छात्रों को बचाया जा चुका है, हालांकि कुछ अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। हम उनसे संपर्क में हैं और पूरी NDRF टीम मौके पर पहुंच चुकी है। मैंने मुख्यमंत्री से बात की है और दूसरी टीमें भी छात्रों की मदद के लिए आ रही हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सभी छात्रों को अस्पताल ले जाया जा रहा है; घटना के समय लगभग 15-20 छात्र वहाँ थे और 10 को बचा लिया गया है। उनकी हालत के बारे में अभी कोई पक्की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। मैंने मुख्यमंत्री और कमिश्नर से बात की है; हम इस घटना को लेकर सभी के साथ तालमेल बिठा रहे हैं और JCB और फायर ब्रिगेड यूनिट समेत सभी टीमें मौके पर मौजूद हैं

3.43 PM: Delhi Building Collapse: कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक ये ग्राउंड प्लस 4 मंजिला इमारत 80 गज में बनी थी। हर फ्लोर पर पांच कमरे बने थे। रविवार होने के चलते ज्यादातर रहने वाले बाहर थे या फिर खाना खाने गए हुए थे। बेसमेंट में काम हो रहा था, जिसके चलते नींव कमजोर हो गई थी। नींव कमजोर होने के चलते इमारत गिरी है।

3.40 PM: Delhi Building Collapse: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने भी जताई चिंता

दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सत्य निकेतन के पास इमारत गिरने की घटना को लेकर मैं बहुत चिंतित हूं। दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई है। बचाव और राहत कार्य चल रहे हैं और हमारी टीमें हर ज़रूरी मदद पहुंचाने के लिए जमीन पर काम कर रही हैं। हम स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और संबंधित टीमों को निर्देश दिया है कि वे वहाँ मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएँ। हमारे नागरिकों की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

3.32 PM: Delhi Building Collapse: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने जताई चिंता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर चिंता जताते हुए कहा, DMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव कार्य कर रही हैं। एहतियात के तौर पर बगल की इमारत को खाली करा लिया गया है। फँसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुँचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। हालात पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी पहली प्राथमिकता है।

3.26 PM: Delhi Building Collapse: दो छात्रों को बचाया

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि अब तक दो छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मलबे में अभी कितने छात्र फंसे हैं, अभी साफ तौर पर पता नहीं चल पाया है।

3.11 PM: Delhi Building Collapse: चश्मदीद ने कहा- दो बिल्डिंग गिरीं

एक अन्य चश्मदीद ने कहा, जो इमारत गिरी है, उसका नाम 'हॉस्टल डेज़' है। ठीक उसके बगल में एक और इमारत है जो गिर गई। 'हॉस्टल डेज़' खास तौर पर लड़कों का PG है। यह पांच मंज़िला इमारत थी। बगल वाली इमारत भी गिर गई। जो छात्र अपने कमरों के अंदर थे, वे सभी मलबे के नीचे दब गए। फंसे हुए छात्रों की सही संख्या का पता रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच करने पर ही चलेगा। फायर ब्रिगेड और बचाव दल लगभग 15-20 मिनट से यानी इमारत गिरने के समय से ही लोगों को बाहर निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कई छात्र बुरी तरह घायल हुए हैं। बचावकर्मी उन्हें बहुत मुश्किल से बाहर निकाल रहे हैं।

2. 56 PM: Delhi Building Collapse: ‘अंदर से बचाओ बचाओ चिल्ला रहे छात्र’

चश्मदीद ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास ही मेरी दुकान है। हम अंदर बैठे थे तभी अचानक हमें भूकंप जैसी गड़गड़ाहट की आवाज़ सुनाई दी। हम तुरंत बाहर भागे। वहां बहुत धुआं और धूल थी। पूरी इमारत गिर चुकी थी। कुछ शव निकाले गए और चार ऐसे बच्चों को भी बचाया गया जिनकी सांसें चल रही थीं। मलबे के अंदर से अभी भी आवाज़ें आ रही हैं। बच्चे चिल्ला रहे हैं, ‘हमें बचाओ, हमें बचाओ!’ वहां कम से कम 25-30 बच्चे थे। पास ही लड़कों और लड़कियों का PG था। 4-5 लोगों को बचाया गया है।

2.46PM: Delhi Building Collapse: मलबे में दबे कई छात्र, अंदर से कर रहे फोन

बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने कहा, यह बहुत दुखद घटना है; इससे ज़्यादा दिल तोड़ने वाली बात और क्या हो सकती है। छात्र यहां पढ़ने आते हैं और इस इमारत में PG में रहते हैं; यह इमारत गिर गई है। हालांकि, सही संख्या बताना मुश्किल है कि पांच, दस या बीस छात्र हैं। लेकिन हमें पक्का पता है कि छात्र अंदर फंसे हुए हैं। NDRF और MCD ने दो छात्रों को पहले ही बचा लिया है। कुछ छात्र अंदर से फ़ोन भी कर रहे हैं और ऐसा लगता है कि अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हैं, इसलिए बचाव कार्य जारी है। हम भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं और मुख्यमंत्री ने यहां पूरी टीम भेजी है। पूरी सरकार बहुत चिंतित है और छात्रों को बचाने पर ध्यान दे रही है। यही हमारा मुख्य मकसद है।

2.35 PM: Delhi Building Collapse: दिल्ली पुलिस ने दी हादसे की जानकारी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक इमारत ढह गई है। फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली। बचाव कार्य जारी है। स्थिति स्पष्ट होने पर और जानकारी मिलेगी।

2.30 PM: Delhi Building Collapse: तीन छात्रों के मलबे में दबे होने की खबर

इस इमारत में पीजी चलाया जा रहा था। ऊपरी मंजलि पर छात्र रुके हुए थे। हादसे के वक्त भी कुछ छात्र बिल्डिंग में मौजूद थे। फिलहाल तीन छात्रों को मलबे में दबा पाया गया है। उन्हें बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है।

Mohit

लेखक के बारे में

Mohit

मोहित पिछले 10 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्टेट टीम के लिए क्षेत्रीय समाचारों और महत्वपूर्ण घटनाओं को कवर कर रहे हैं। वे विशेष रूप से दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, गुजरात जैसे राज्यों की खबरों को कवर करते हैं।


विस्तृत बायो:

मोहित एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें भारतीय मीडिया जगत के प्रतिष्ठित संस्थानों में एक दशक से ज्यादा का अनुभव हासिल है। वे साल 2016 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में हिंदुस्तान डिजिटल के साथ कार्यरत, मोहित अपनी लेखनी के जरिए खबरों की गहराई और सत्यता को पाठकों तक पहुंचा रहे हैं। इनका पत्रकारिता का सफर केवल समाचार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके पास जटिल विषयों को सरल और सटीक भाषा में समझाने का विशेष कौशल है। बदलते समय के साथ विजुअल स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में भी महारत हासिल की और न्यूज वेब स्टोरीज के जरिए लाखों पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाई।


अनुभव:

मोहित साल 2021 से ही हिंदुस्तान डिजिटल से जुड़े हैं। वर्तमान में स्टेट (State) टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे क्षेत्रीय समाचारों और महत्वपूर्ण घटनाओं की कवरेज कर रहे हैं। इससे पहले वेब स्टोरी टीम में वैल्यू-एडेड कंटेंट तैयार कर चुके हैं। हिंदुस्तान से जुड़ने से पहले जनसत्ता डिजिटल, एनडीटीवी, उमर उजाला डिजिटल में अलग-अलग पदों पर रहते हुए राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीति से जुड़े मुद्दों, ब्रेकिंग न्यूज, स्पोर्ट्स और यूटिलिटी की खबरों के जरिए पाठकों को जागरूक करने का काम कर चुके हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि:

हिंदी पत्रकारिता में मास्टर डिग्री है और देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा होने के कारण मोहित के पास खबरों की ठोस समझ है। विशेष रूप से स्पोर्ट्स, ऑटो-टेक और राजनीति जैसे क्षेत्रों में निरंतर रिसर्च और लेखन ने उन्हें इन विषयों पर एक विश्वसनीय 'विषय विशेषज्ञ' बनाया है।


पत्रकारिता का उद्देश्य:

एक दशक के पत्रकारिता सफर और IIMC जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए, मोहित का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचनाओं का प्रसारण नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज के प्रति एक गहरी जवाबदेही है। ये जवाबदेही निष्पक्ष और तथ्यपरक सूचनाएं देने से पूरी होती है।


विशेषज्ञता

राजनीतिक खबरें
स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी गैजेट्स कंटेट
यूटिलिटी कंटेट
विजुअल स्टोरीटेलिंग

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली बिल्डिंग हादसे में पांच की मौत, सीएम ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के ऑर्डर