
दिल्ली धमाके के आरोपी मुजम्मिल को अल-फलाह लाया गया, NIA ने दो घंटे की छानबीन
दिल्ली बम धमाके के आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल अहमद को एनआईए की टीम मंगलवार देर रात अल-फलाह यूनिवर्सिटी लेकर पहुंची, जहां जांच टीम ने आरोपी के खुलासों को सत्यापित करने के लिए प्रशासनिक कार्यालय और फ्लैट में दो घंटे तक छानबीन की।
दिल्ली बम धमाके के आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल अहमद को एनआईए मंगलवार देर रात एक बार फिर अल-फलाह यूनिवर्सिटी लेकर पहुंची। करीब दो घंटे यूनिवर्सिटी में रहने के बाद जांच टीम आरोपी को लेकर वापस लौट गई।
सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में कई खुलासे किए थे। इसे देखते हुए एनआईए की टीम तथ्यों को सत्यापित करने के लिए फिर से आरोपी को अल-फलाह यूनिवर्सिटी लेकर आई थी। यहां एनआईए ने यूनिवर्सिटी के अंदर करीब दो घंटे तक छानबीन की। छानबीन करने के बाद जांच टीम वहां से वापस लौट गई।यहां जांच टीम आरोपी को उसके फ्लैट और प्रशासनिक कार्यालय में लेकर भी गई। हालांकि, आरोपी को लाने की भनक नहीं लग पाई थी।
सूत्रों का कहना है कि जांच में कोई नई बात सामने आने पर जांच एजेंसी एक अन्य आरोपी डॉक्टर शाहीन सईद को लेकर फिर से अल-फलाह यूनिवर्सिटी आ सकती है।
बता दें कि 10 नवंबर को दिल्ली में बम धमाका होने के बाद से अल-फलाह यूनिवर्सिटी चर्चा में आ गई थी। इस मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी के डॉक्टर मुजम्मिल को सबसे पहले गिरफ्तार किया था। आठ और नौ नवंबर को पुलिस ने उसकी निशानदेही पर धौज और फतेहपुर तगा में उसके ठिकानोंसे 2,900 किलोग्राम से ज्यादा अमोनियम नाइट्रेट और हथियार बरामद किए थे। 10 नवंबर को आरोपी डॉक्टर के साथी डॉक्टर उमर नबी ने दिल्ली में धमाका कर दिया था। इसके बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी की डॉक्टर शाहीन सईद को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था।





