
BMW कार की टक्कर ऐसी थी कि बाइक से दूर जा गिरे थे नवजोत, चौंकाने वाले खुलासे
संक्षेप: दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास बेकाबू बीएमडब्ल्यू कार की टक्कर से केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव 56 वर्षीय नवजोत सिंह की मौत के मामले में नए नए खुलासे हो रहे हैं। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…
दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास रिंग रोड पर रविवार को एक बेकाबू बीएमडब्ल्यू कार ने केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव 56 वर्षीय नवजोत सिंह और उनकी पत्नी संदीप कौर की बाइक को टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में नवजोत सिंह की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी संदीप कौर समेत 3 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है। समय बीतने के साथ केस में नए नए खुलासे हो रहे हैं।

बाइक से उछल गए थे नवजोत
रविवार को दोपहर 1:30 से 2 बजे के बीच धौला कुआं के पास हुए इस सड़क हादसे में एक बड़ा खुलासा यह हुआ है कि बेकाबू बीएमडब्ल्यू कार ने टक्कर इतनी जोरदार मारी थी कि दंपति यानी नवजोत और उनकी पत्नी बाइक से उछलकर दूर जा गिरे थे। पुलिस का कहना है कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि बीएमडब्ल्यू कार सड़क पर तिरछी पड़ी थी। मोटरसाइकिल मेट्रो पिलर संख्या 67 के पास सड़क के डिवाइडर के पास खड़ी थी।
पीछे से मारी थी टक्कर
एफआईआर के मुताबिक, रविवार की दोपहर नवजोत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ मोटरसाइकिल पर धौला कुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मारी। इसमें नवजोत के शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हो गए। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कार एक महिला चला रही थी। आरोपी महिला का नाम गगन प्रीत मक्कड़ है। कार में उसके पति परीक्षित मक्कड़ भी सवार थे।
डिवाइडर से टकरा पलट गई थी बीएमडब्ल्यू कार
कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि बाइक को टक्कर मारने के बाद एक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर से नवजोत और उनकी पत्नी संदीप कौर बाइक से उछलकर दूर जा गिरे थे। पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम को तीन बार कॉल की गई। आरोपी महिला चालक और उसके पति ने टैक्सी बुलाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव नवजोत सिंह की मौत हो गई।
वायरल हो रहा एक वीडियो
इस हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दंपत्ति मेट्रो पिलर के पास सड़क पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। लग्जरी कार भी सड़क पर तिरछी पड़ी दिखाई दे रही है। पास में मोटरसाइकिल खड़ी है। हालांकि हिन्दुस्तान टाइम्स इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। हादसे में जख्मी बीएमडब्ल्यू चालक महिला को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिली।
पुलिस ने किया अरेस्ट, क्या आरोप?
आरोपी महिला के अस्पताल से बाहर आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से गाड़ी चलाने, सबूतों को बाधित करने और जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी हादसे में घायल नवजोत सिंह और संदीप कौर को दूर एक अस्पताल ले गए।
दूर के अस्पताल ले गए आरोपी
प्राथमिकी में संदीप कौर का आरोप है कि वह आरोपी महिला से बार-बार कहती रहीं कि वह उनको पास के अस्पताल ले चले लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। उनके पति नवजोत सिंह बेहोश थे और उसे तुरंत इलाज की जरूरत थी। उनको समय पर इलाज मिल जाता तो उन्हें बचाया जा सकता था। आरोपों पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पिता उस अस्पताल के तीन मालिकों में से एक को जानते हैं जहां पीड़ितों को ले जाया गया था।
वैन चालक ने भी की आरोपों की तस्दीक
गौर करने वाली बात यह भी कि चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले वैन चालक मोहम्मद गुलफाम ने भी कहा कि आरोपी महिला ने उसको जोर देकर कहा था कि सभी को 22 किलोमीटर दूर अस्पताल में ले जाया जाए। मैं एक लोडिंग वाहन चला रहा था जब कार में सवार पुरुष और महिला ने मुझे घायलों को आजादपुर के एक अस्पताल ले जाने के लिए कहा तो मैंने गाड़ी रोकी और घायलों को आजादपुर के एक अस्पताल तक पहुंचाया।





