
दिल्ली ब्लास्ट: नसीर बिलाल से 7 और दिन पूछताछ करेगी NIA; सोएब जेल भेजा गया
लाल किला धमाका मामले के अदालत ने शुक्रवार को आरोपी डॉ. बिलाल नसीर मल्ला की राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) रिमांड सात दिन के लिए बढ़ा दी है।
लाल किला धमाका मामले के अदालत ने शुक्रवार को आरोपी डॉ. बिलाल नसीर मल्ला की राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) रिमांड सात दिन के लिए बढ़ा दी है। अदालत ने फरीदाबाद के रहने वाले सोएब को भी पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सोएब पर लाल किला हमलावर उमर-उन-नबी को पनाह देने का आरोप है। जांच एजेंसी ने सोयब व बिलाल को 15 दिसंबर को मिली उनकी पिछली चार दिन की एनआईए रिमांड समाप्त होने पर शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पटियाला हाउस स्थित प्रिंसीपल एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चांदना की अदालत में पेश किया गया। मीडिया वालों को कार्रवाई में शामिल नहीं होने दिया गया।
एनआईए के प्रवक्ता ने पहले कहा था कि एजेंसी ने हरियाणा के फरीदाबाद के धौज के रहने वाले सोएब को दिल्ली आतंकी बम धमाके से पहले आतंकी उमर-उन-नबी की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एनआईए ने 9 दिसंबर को दिल्ली में डॉ. नसीर बिलाल मल्ला को गिरफ्तार किया था। उसे साज़िश का मुख्य आरोपी बताया था। एनआईए की जांच के मुताबिक नसीर ने जानबूझकर उमर-उन-नबी को लॉजिस्टिक सपोर्ट देकर पनाह दी थी।
जांच एजेंसी ने 9 दिसंबर को पहले बताया था कि उस पर आतंकी हमले से जुड़े सबूत मिटाने का भी आरोप है। एनआईए इस मामले में पहले ही नौ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें तीन डॉक्टर डॉ. मुजम्मिल गनई, डॉ. अदील राथर, डॉ. शाहीन सईद व धार्मिक उपदेशक मौलवी इरफ़ान शामिल हैं। दो और लोगों आमिर राशिद अली व जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश को भी गिरफ्तार किया गया है। 18 दिसंबर को एनआईए ने इस मामले में नौवें आरोपी यासिर अहमद डार को गिरफ्तार किया, जो जम्मू एवं कश्मीर का रहने वाला है। कथित तौर पर उमर-उन-नबी का करीबी साथी है। एजेंसी ने कहा कि साजिश में एक सक्रिय हिस्सा लेने वाले डार ने कथित तौर पर खुद की कुर्बानी वाले ऑपरेशन करने की कसम खाई थी। उमर-उन-नबी विस्फोटक से भरी i20 कार चला रहा था, जिसमें 10 नवंबर को लाल किले के बाहर धमाका हुआ था।





