
दिल्ली ब्लास्ट में NIA का एक और ऐक्शन, हल्द्वानी से इमाम और उसके सहयोगी को उठाया
दिल्ली बम धमाके की जांच का दायरा उत्तराखंड के हल्द्वानी तक जा पहुंचा है। एनआईए की टीम ने इस सिलसिले में दिल्ली और उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र से एक इमाम और उसके सहयोगी को उठाया है।
दिल्ली में लाल किला के पास हुए बम धमाके की जांच का दायरा उत्तराखंड तक जा पहुंचा है। एनआईए ने शनिवार को इस मामले में दिल्ली और उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र से बिलाली मस्जिद के इमाम और उसके एक सहयोगी को उठाया। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
उमर के मोबाइल के कॉल डिटेल से सुराग
घटनाक्रम से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस को लाल किले के बाहर हुए धमाके के मुख्य आरोपी डॉ. उमर नबी से जुड़े मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल से एक सुराग मिला था जिसकी जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
आधी रात के बाद दबोचा
अधिकारियों ने बताया कि एनआईए ने बिलाली मस्जिद के इमाम और बिजली का काम करने वाले एक शख्स को शुक्रवार को आधी रात के बाद हिरासत में ले लिया।
कई थानों से पहुंची पुलिस
गिरफ्तारी के दौरान हल्द्वानी के शहर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल और लालकुआं की पुलिस उपाधीक्षक दीपशिखा अग्रवाल के नेतृत्व में लालकुआं, कालाढूंगी, हल्द्वानी, मुखानी और काठगोदाम आदि अनेक थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल बनभूलपुरा पहुंची थी।
सुरक्षा बढ़ाई
पुलिस ने बिलाली मस्जिद और इमाम के घर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। अचानक बढ़ी पुलिस की हलचल से स्थानीय लोग सहम गए। इस संबंध में कत्याल ने कहा कि एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
नैनीताल भी पहुंची टीम
इस बीच अधिकारियों ने बताया कि एनआईए और उत्तराखंड पुलिस की एक टीम नैनीताल में भी एक मस्जिद में कुछ लोगों से पूछताछ करने के लिए गई है। बता दें कि दिल्ली में लाल किला के पास हुए धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई अन्य घायल हो गए थे।





