
दिल्ली धमाके का नया VIDEO, यूं उड़े परखच्चे; 'कार' बम बना रहा था डॉ. उमर, 5 बड़े अपडेट
संक्षेप: Delhi Car Blast CCTV VIDEO: दिल्ली में लाल किला के पास हुए कार धमाके का नया CCTV वीडियो आया है जिसमें देखा जा सकता है कि विस्फोट के बाद कैसे गाड़ियों के परखच्चे उड़ रहे हैं। इस बीच सरकार ने धमाके को 'जघन्य आतंकवादी घटना' करार दिया है।
दिल्ली में लाल किला के पास हुए कार धमाके का नया CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि शक्तिशाली धमाके के बाद कैसे परखच्चे उड़ रहे हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने धमाके को 'जघन्य आतंकवादी घटना' करार दिया है और एजेंसियों को हमले की पेशेवर तरीके से जांच करने का निर्देश दिया है। वहीं अधिकारियों की मानें तो हमलावर डॉ. उमर एक घातक बम बनाने में जुटा था। इस रिपोर्ट में दिल्ली धमाके से जुड़े आज के 5 बड़े अपडेट...

दिल्ली धमाका 'आतंकी घटना'
केंद्र सरकार ने दिल्ली कार धमाके को ‘आतंकवादी घटना’ करार दिया है। भूटान से लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। पारित प्रस्ताव में कहा गया कि सरकार स्थिति पर उच्चतम स्तर पर कड़ी नजर रखी रही है।
6 दिसंबर को थी हमले की योजना
इस बीच अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह सामने आया है कि विस्फोटकों से लदी कार चला रहे डॉ. उमर नबी ने 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद ढांचा विध्वंस की बरसी के आसपास हमला करने की योजना बनाई थी। फरीदाबाद स्थित अंतरराज्यीय जैश-ए-मोहम्मद आतंकी मॉड्यूल से कथित संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार आठ लोगों से पूछताछ और उनके परिवार, दोस्तों, पड़ोसियों से बातचीत के आधार पर इस साजिश के विवरण के बारे में पता चला।
घातक 'मशीन' बम बना रहा था डॉ. उमर
अधिकारियों की मानें तो हमलावर डॉ. उमर नबी ने दिसंबर में हमले की योजना के बारे में साथियों को बताया और हुंदै i20 कार में विस्फोटक रख इसकी तैयारी शुरू कर दी थी। ऐसा लगता है कि वह इंटरनेट से विस्फोट में सहायक सर्किट के बारे में सीखने के बाद एक घातक 'कार' बम बनाने की कोशिश में था। कार बम यानी Vehicle-Based Improvised Explosive Device, VBIED… लग रहा है कि वीबीआईईडी (VBIED) अधूरा था और उसमें छर्रे जोड़े जाने बाकी थे।
घबरा गया था हमलावर
अधिकारियों ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि फरीदाबाद में 2,900 किलो विस्फोटक बरामद होने और आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने के साथ माॅड्यूल के प्रमुख संदिग्ध डॉ. मुजम्मिल गनई के किराए के मकान से 360 किलो ज्वलनशील पदार्थ मिलने की बात जानकर 10 नवंबर को डॉ. उमर घबरा गया था। डॉ. उमर दिल्ली चला आया। उसने एक मस्जिद में पनाह ली। वहां वह 3 घंटे रुका। फिर कार से निकला जिसमें समय से पहले धमाका हो गया।
चेतावनी: यह वीडियो कुछ दर्शकों को विचलित कर सकता है। ऐसे में हम विवेक का इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं।
मुंबई हमले जैसा अटैक करने का था प्रयास
जांच में पता चला कि पुलवामा का डॉ. उमर और माॅड्यूल का प्रमुख संदिग्ध डॉ. मुजम्मिल गनई तुर्किये गए थे। दोनों के पासपोर्ट से 2021 में कुछ टेलीग्राम समूहों में शामिल होने के कुछ समय बाद ही तुर्किये की यात्रा का पता चलता है। जांचकर्ताओं का यह भी मानना है कि संदिग्ध 2008 के मुंबई हमले जैसा अटैक करना चाहते थे। आतंकी दिवाली के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों को भी निशाना बनाना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं कर सके।
लाल किला की कई बार ली टोह
एक अधिकारी ने बताया कि मुजम्मिल गनई के मोबाइल फोन के डेटा के विश्लेषण से पता चला है कि उसने इस साल जनवरी में लाल किला क्षेत्र की कई बार टोह ली थी। डॉ. उमर और डॉ. मुजम्मिल गनई ने 2021 में तुर्किये की अपनी यात्रा के दौरान जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ से मुलाकात की थी। वहीं जांच के दायरे में आए फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय ने आतंकियों से दूरी बनाते हुए कहा कि संस्थान देश के साथ एकजुटता से खड़ा है।
लाल इकोस्पोर्ट कार भी बरामद
इस बीच पुलिस ने धमाके से जुड़ी एक अन्य संदिग्ध लाल फोर्ड इकोस्पोर्ट कार का पता लगा लिया है। कार को फरीदाबाद जिले के खंदावली से जब्त किया गया। जांच में पता चला है कि धमाके वाले हुंदै i20 से जुड़े अन्य संदिग्धों के पास यह लाल रंग की कार थी।
श्रीनगर ले जाया गया मौलवी इश्तियाक
फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय के पास अपने किराये के मकान में 2,500 किलो से अधिक अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर रखवाने वाले हरियाणा के मौलवी इश्तियाक को हिरासत में लेकर श्रीनगर ले जाया गया है। इश्तियाक मेवात का है जो अल फलाह परिसर में तकरीरें करता था। इश्तियाक के आवास पर विस्फोटक डॉ. मुजम्मिल और डॉ. उमर नबी ने रखी थी। विश्वविद्यालय से जुड़ी प्रमुख संदिग्ध डॉ. शाहीन सईद को भी गिरफ्तार है।
(एएनआई के इनपुट के साथ)





