Delhi Red Fort Blast LIVE Update: शाह ने NIA को दिया निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनआईए को लाल किले के पास हुए कार विस्फोट केस की रिपोर्ट जल्द सौंपने का निर्देश दिया है।


दिल्ली धमाका
Delhi Red Fort Blast: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम हुए विस्फोट ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया।शाम 6 बजकर 52 मिनट पर लालकिले के पास एक कार में धमाका हुआ, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। मृतकों में एक दिल्ली और एक यूपी के अमरोहा का रहने वाला है। यह धमाका, लालकिला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के बाहर आई-20 कार में हुआ। इस धमाके ने न केवल आसपास के बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में UAPA के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां सभी एंगल से पड़ताल कर रही हैं। दिल्ली धमाके से जुड़े सभी बड़े अपडेट जानने के लिए बने रहिए लाइव हिंदुस्तान के साथ।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: शाह ने NIA को दिया निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एनआईए को लाल किले के पास हुए कार विस्फोट केस की रिपोर्ट जल्द सौंपने का निर्देश दिया है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: पूर्व नियोजित था या… जांच से चलेगा पता
लाल किला विस्फोट की जांच के शुरुआती निष्कर्षों के बारे में शीर्ष सूत्रों ने बताया कि पूरी तरह से विकसित नहीं होने के कारण बम समय से पहले ही फट गया। यह पूर्व नियोजित था या आकस्मिक यह जांच से पता चलेगा।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: ये घबराहट में किया गया धमाका
लाल किला विस्फोट पर शुरुआती निष्कर्षों के बाद शीर्ष सूत्रों ने ANI को बताया-
- सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उन्हें पकड़ने के लिए की गई छापेमारी के कारण घबराहट और हताशा के कारण यह विस्फोट हुआ।
- यह पूर्व नियोजित था या आकस्मिक, यह जांच के दौरान पता चलेगा।
- बम समय से पहले ही फट गया था और पूरी तरह से विकसित नहीं हुआ था, इसलिए इसका प्रभाव सीमित रहा।
- विस्फोट से कोई गड्ढा नहीं बना और न ही कोई छर्रे या प्रक्षेपास्त्र मिले।
- दिल्ली-NCR और पुलवामा में कई जगहों पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई छापेमारी में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए, जिसके कारण माना जा रहा है कि संदिग्ध ने बढ़ते दबाव में जल्दबाजी में कार्रवाई की।
- संदिग्ध ने आत्मघाती कार बम विस्फोट के सामान्य तरीके का पालन नहीं किया - उसने न तो कार को किसी लक्ष्य से टकराया और न ही जानबूझकर टक्कर मारी।
- एक बड़ा हमला टल गया है, जिसका श्रेय "अखिल भारतीय सतर्कता और संदिग्ध मॉड्यूल पर समन्वित कार्रवाई" को जाता है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: सीएम रेखा गुप्ता ने किया मुआवजे का ऐलान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने धमाके के 24 घंटे बाद पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा, दिल्ली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। इस मुश्किल की घड़ी में दिल्ली सरकार की गहरी संवेदनाएँ उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो इस घटना में घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा, दिल्ली सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है और हमने तत्काल राहत के लिए एक संवेदनशील निर्णय लिया है । इस घटना में मृतक के परिवारों को ₹10 लाख, स्थायी रूप से अक्षम लोगों को ₹5 लाख, गंभीर रूप से घायलों को ₹2 लाख की राशि देगी। घायलों के समुचित और गुणवत्तापूर्ण इलाज की जिम्मेदारी हमारी सरकार लेगी। दिल्ली की शांति और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है और सभी पीड़ित लोगों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: कल भी बंद रहेगा लाल किला मेट्रो स्टेशन
डीएमआरसी ने जानकारी दी है कि सोमवार को लाल किले के पास हुए कार धमाके के बाद सुरक्षा कारणों से, लाल किला मेट्रो स्टेशन 12 नवंबर को भी बंद रहेगा। बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update:एक्शन में एनआईए
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गृह मंत्रालय के आदेश के बाद औपचारिक रूप से मामले को अपने हाथ में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दिल्ली धमाके पर गृह मंत्री अमित शाह ने की समीक्षा बैठक
दिल्ली धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को इस घटना के पीछे के हर अपराधी का पता लगाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, इस घटना में शामिल हर व्यक्ति को हमारी एजेंसियों की कड़ी सज़ा मिलेगी।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: राष्ट्रपति मुर्मू ने गृह मंत्री अमित शाह से की बात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंगोला से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और दिल्ली में लाल किले के पास कल शाम हुए विस्फोट के बारे में जानकारी
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दिल्ली धमाके पर AAP का केंद्र सरकार पर वार
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली धमाके पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा जब कोई घटना में किसी की जान चली जाती है तो सरकार केवल सोशल मीडिया पर संवेदना जता देती है, पीड़ितों के लिए कोई इंतजाम नहीं करती है। कल ब्लास्ट के बाद LNJP में भी यही हुआ, यहां किसी को एम्बुलेंस तक नहीं दी गई।
यह सरकार तालिबान को एम्बुलेंस मुहैया कराती है लेकिन पीड़ितों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जाती है, उनके परिवारों से कहा जाता है कि ख़ुद ही इंतज़ाम कर लो।
एक तरफ़ प्रधानमंत्री कहते हैं कि देश में कोई आतंकवादी हमला होता है तो उसे युद्ध माना जाएगा। वहीं कल दिल्ली में हमला हुआ और प्रधानमंत्री आज विदेश यात्रा पर निकल गए हैं।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: NIA को सौंपी जांच
गृह मंत्रालय ने दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके की जांच एनआईए को सौंप दी है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: लालकिले के पास ब्लास्ट में 3 मृतकों की नहीं हो पाई पहचान
लाल किला के पास हुए ब्लास्ट में दस लोगों की मौत हुई है। सात लोगों की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम हो चुका है। तीन मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: कल शाम को कैबिनेट की बैठक, PM मोदी करेंगे अध्यक्षता
दिल्ली धमाके को लेकर हाई लेवल बैठकों का दौर जारी है। कल शाम साढ़े 5 बजे दिल्ली में कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक की अध्यक्षता पीएम मोदी करेंगे।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना और दिल्ली कैबिनेट के मंत्री प्रवेश वर्मा अस्पताल पहुंचे
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: संदिग्ध की मां और भाई के सैंपल से होगा डीएनए टेस्ट
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को लाल किले के पास विस्फोट वाली कार चलाने वाले संदिग्ध व्यक्ति की मां और भाई को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में डीएनए परीक्षण के लिए बुलाया। आगे की जांच के लिए दोनों परिवार के सदस्यों को दिल्ली लाया जाएगा।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: देश में डर का माहौल है… कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बोले
हाल ही में जब्त किए गए भारी मात्रा में विस्फोटकों पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "यह बेहद आश्चर्यजनक और चौंकाने वाला है कि हमें अभी तक इस बात का जवाब नहीं मिला है कि 350 किलोग्राम आरडीएक्स पुलवामा कैसे पहुंचा। अब 6 साल से ज़्यादा हो गए हैं, लेकिन हमें कोई जवाब नहीं मिला है। तत्कालीन राज्यपाल सतपाल मलिक ने कई बार इस पर सवाल उठाए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अब, एनसीआर से इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक और बम बनाने के उपकरण ज़ब्त किए गए हैं। इससे पता चलता है कि सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है।
शायद उन्हें पता ही नहीं है कि उनकी नाक के नीचे क्या हो रहा है। 5-6 दिन पहले, 800 उड़ानें बाधित हुईं। विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि यह जीपीएस सिस्टम की स्पूफिंग थी, यह एक बड़ा साइबर हमला था। लेकिन आज तक कोई जवाब नहीं आया। नागरिक उड्डयन मंत्री, गृह मंत्री, कोई भी इसका जवाब नहीं दे रहा है। इसलिए, मैं दोहरा रहा हूं कि देश में डर का माहौल है और सबके मन में आशंकाएं हैं। आशंकाएं तब पैदा होती हैं जब आपको कोई जवाब नहीं मिलता।"
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: लाल किला धमाके के बाद से लापता ई-रिक्शा चालक, परिजन कर रहे तलाश
लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद लापता हुए ई-रिक्शा चालक जुम्मन (32) का परिवार उसकी तलाश कर रहा है।
जुम्मन के चाचा इदरीश कहते हैं, "वह मेरा भतीजा है... वह ई-रिक्शा चलाता है। उसके वाहन में एक जीपीएस डिवाइस लगा था, जिससे गेट नंबर 1 के पास का स्थान दिखाई दे रहा था। मैंने यह जानकारी उसकी बहन को भेजी। जब हम वहां पहुंचे, तो एक कांस्टेबल ने हमें अस्पताल में जांच करने के लिए कहा। वहां भी कुछ पुष्टि नहीं हो सकी। उसके बाद से, किसी ने हमें कोई जानकारी नहीं दी। शव भी नहीं मिला है... घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने उसे शाम 6 बजे के आसपास देखा था।"
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा: PM मोदी
दिल्ली धमाके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली धमाके के पीछे के षड्यंत्र का पता लगाने में हमारी एजेंसियां जुटी हुई हैं। षड्यंत्रकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि पीएम मोदी भूटान दौरे पर हैं।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: फतेहपुर तगा की कॉलोनी में पुलिस का सघन तलाशी अभियान
फरीदाबाद के गांव फतेहपुर तगा की कॉलोनी में सोमवार को बड़ी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ बरामद होने के बाद मंगलवार सुबह पुलिस ने कॉलोनी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। एसीपी शैलेन्द्र की अगुवाई में लगभग 800 पुलिसकर्मी इलाके की हर गली और घर की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दिल्ली धमाके में 5 मृतकों की हुई पहचान
दिल्ली धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 5 लोगों की पहचान हो गई है।
दिनेश कुमार मिश्रा- बहराइच
मोहसिन- मेरठ
अशोक- अमरोहा, हसनपुर
लोकेश -अमरोहा, हसनपुर
पंकज साहनी- बिहार का रहने वाला था लेकिन कंझावला में रहता था। कैब चालक था।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दोषियों को नहीं बख्शेंगे: राजनाथ सिंह
दिल्ली लाल किला कार विस्फोट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उन्हें किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।"
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: धमाके के बाद दिगंबर जैन मंदिर के टूटे शीशे
चांदनी चौक के श्री दिगंबर जैन लाल मंदिर में काम करने वाले प्रदीप ने बताया, "मैं अपने ऑफिस में काम कर रहा था, तभी धमाके से शीशे टूट गए... मैंने लोगों को भागते देखा। मैंने बाहर पानी का एक बर्तन रखा था। मैंने लोगों को पीने के लिए दिया... यानी मंदिर के अंदर भी नुकसान हुआ... धमाका बहुत बड़ा था..."
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: गृहमंत्री अमित शाह की बैठक शुरू
दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में हाई लेवल मीटिंग शुरू हो गई है। इस बैठक में दिल्ली पुलिस कमिश्नर, NIA के डीजी, गृह सचिव, आईबी प्रमुख समेत कई बड़े अधिकारी पहुंचे हैं। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के डीजी भी वर्चुअली शामिल होंगे।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दिल्ली धमाके में मौतों की संख्या बढ़कर 13 हुई
दिल्ली में लालकिले के पास हुए धमाके के बाद मौतों की संख्या बढ़ गई है। अब तक इस घटना में 13 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि 4-5 शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: वो अच्छा इंसान है, हमने पत्थरबाजी झेली.. आतंकी मुज़म्मिल के भाई का बयान
फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार डॉक्टर मुज़म्मिल के भाई आज़ाद शकील ने बताया कि वह आखिरी बार जून में हमारे पिता की सर्जरी के दौरान हमसे मिलने आए थे। सब उन पर आतंकवादी होने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। 50 सालों में हमारे परिवार पर एक भी केस नहीं हुआ। हम दिल से भारतीय हैं - हमने भारत के लिए पत्थरबाजी भी झेली है। वह एक अच्छे इंसान थे। वे हमें उनसे मिलने नहीं दे रहे हैं। मेरी बहन की शादी, जिसमें उन्हें शामिल होना था, अब रद्द कर दी गई है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दिल्ली धमाके पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार का बयान
बिहार के नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट किया, "दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके में कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को चिर शांति दें तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।"
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दिल्ली के स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट से गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।" उन्होंने आगे कहा, "सभी प्रमुख रेलवे स्टेशन विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ हाई अलर्ट पर हैं।"
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: अमित शाह की बैठक में जम्मू-कश्मीर के DGP भी होंगे शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने आवास पर उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी वर्चुअली इस बैठक में शामिल होंगे।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: लालकिले के पास RAF तैनात
लाल किले के पास उस जगह पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तैनात है जहां कल शाम लगभग 7 बजे एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ था। दिल्ली पुलिस, FSL और अन्य कई एजेंसियां घटनास्थल पर जांच कर रही हैं। विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: दिल्ली धमाके पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
दिल्ली धमाके पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लाल किले के पास हुआ विस्फोट एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और स्थिति बदल रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, सच्चाई सामने आएगी।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: धमाके वाली जगह से सबूत जुटा रही FSL की टीम
दिल्ली में लालकिले के पास ब्लास्ट वाली जगह FSL की टीम जांच कर रही है। जैन मंदिर की छत से FSL ने सबूत जुटाए हैं। FSL की टीम नीली थैली में कुछ लेकर निकली। ब्लास्ट वाली जगह सफेद पर्दे से कवर की गई है।
Delhi Red Fort Blast LIVE Update: सुबह 11 बजे अमित शाह करेंगे हाई लेवल मीटिंग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे गृह मंत्रालय के कर्तव्य भवन स्थित कार्यालय में एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक, दिल्ली पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। यह समीक्षा सोमवार शाम दिल्ली में हुए बम विस्फोटों के बाद हो रही है।
Delhi Blast LIVE Update: दिल्ली पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक अलर्ट
दिल्ली में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने कई रास्तों पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक, नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों कैरिजवे और सर्विस रोड पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सुबह 6:00 बजे से अगले आदेश तक इन मार्गों से बचें और परेशानी मुक्त यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
उस दिन चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक और इसके विपरीत, नेताजी सुभाष मार्ग पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
Delhi Blast LIVE: दिल्ली धमाके के बाद लाल किले को 3 दिन के लिए किया गया बंद
Delhi Red Fort Blast LIVE: दिल्ली धमाके का फर्जी वीडियो वायरल, फैक्ट चेक
Delhi Blast LIVE Update: दिल्ली का लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद: DMRC
DMRC ने सुरक्षा कारणों से आज लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद किया है। बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से चालू हैं।
Delhi Blast LIVE: दिल्ली धमाके पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान
दिल्ली धमाके पर बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा "देश में सबसे अजीबोगरीब चीजों में से एक यह है कि जब भी विस्फोट हुए हैं, वे कट्टरपंथी धार्मिक विचारधारा वाले लोगों द्वारा किए गए हैं और हमेशा भारत और सनातन को निशाना बनाया गया है। कल जो हुआ वह बेहद निंदनीय और अमानवीय है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि जिनकी देह पूर्ण हुई है, उन्हें वह अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं... अब सनातनियों को कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों पर नियंत्रण करने के लिए एकजुट होना होगा। आप भारतीयों और सनातनियों को कितना भी डरा दो, हम न डरेंगे, न रुकेंगे और न झुकेंगे। इस देश में जब तक भारतीयों और सनातनियों की एकता नहीं हो जाती, हम पदयात्राएं करते रहेंगे"
Delhi Blast LIVE: दिल्ली धमाके पर इजराइली राजदूत का बयान
दिल्ली धमाके पर क्या बोले डीसीपी?
दिल्ली विस्फोट पर डीसीपी नॉर्थ राजा बंथिया ने कहा, "विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच चल रही है, हम इस समय हर डिटेल्स शेयर नहीं कर सकते। निष्कर्ष निकलने के बाद हम सूचित करेंगे।"
Delhi Blast LIVE: अस्पताल पहुंचे दिल्ली धमाके के पीड़ितों के परिजन
कल लाल किले के पास हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिजन अपने प्रियजनों के निधन पर शोक मना रहे हैं। विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई। लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) शवगृह के बाहर के दृश्य।
Delhi Blast Update: बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में दाखिल हुआ ब्लास्ट वाली कार
दिल्ली के लालकिले के पास जिस i20 कार में धमाका हुआ उसे लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है। ये कार दिल्ली में बदरपुर बॉर्डर से दाखिल हुई थी। बदरपुर बॉर्डर दिल्ली और हरियाणा को जोड़ता है। पुलिस इस कार की सीसीटीवी मैपिंग कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।