
बुर्के से चिढ़ती थी डॉ. शाहीन,तलाक के बाद बच्चे नहीं मांगे; पू्र्व पति ने किए कई खुलासे
दिल्ली ब्लास्ट की आरोपी डॉ. शाहीन के पूर्व पति नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जफर हयात ने खुलासा किया है कि शाहीन बुर्के से चिढ़ती थी और उसकी ख्वाहिश अमेरिका या यूरोप में बसने की थी।
दिल्ली ब्लास्ट में गिरफ्तार डॉ. शाहीन के कारनामे से उसके पूर्व पति नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जफर हयात भी गहरे सदमे में हैं। कानपुर के केपीएम हॉस्पिटल में तैनात डॉ. जफर ने शाहीन से जुड़े कई राज खोले हैं।
डॉ. जफर ने कहा, बुर्के से चिढ़ने वाली शाहीन की ख्वाहिश अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया या यूरोप में कहीं बसने की थी। एक बार उसने अपनी यह इच्छा जताई पर मजाक समझकर ध्यान नहीं दिया। शादी के 10 साल बाद ही अचानक उसने तलाक मांग लिया। लाख समझाने के बाद भी एक नहीं सुनी और तलाक लेकर चार व सात साल के बेटों को छोड़कर चली गई। उसने बच्चों को अपने पास रखने की एक बार भी इच्छा नहीं जताई। मानों उसकी ममता मर चुकी थी।
शादी के विज्ञापन को देखकर मुझसे संपर्क किया
डॉ. जफर कहते हैं, डॉ. शाहीन से उन्होंने प्रेम विवाह नहीं किया। 2003 में अखबार में छपे शादी के विज्ञापन को देखकर शाहीन के पिता ने उनके पिता से संपर्क किया था। उस वक्त शाहीन प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से एमडी सेकेंड ईयर कर रही थी, जबकि वह फतेहपुर में नौकरी कर रहे थे। शाहीन से लगभग 15 साल से अधिक बड़े डॉ. जफर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में 1987 बैच के छात्र रहे हैं।
कोई झगड़ा नहीं रहा
मूलरूप से अंबेडकरनगर के रहने वाले डॉ. जफर हयात कहते हैं कि वर्षों बाद शाहीन के यूं अचानक आने से पुराने जख्म ताजा हो गए। शाहीन और दोनों बच्चों के साथ खुशहाल जिंदगी जी रहे थे। हर माता-पिता की तरह उन्होंने भी बच्चों के बारे में प्लानिंग की थी। वह भले ही बुर्के से चिढ़ती थी लेकिन मुस्लिम रीति-रिवाजों को मानती थी। रिश्तेदार-परिवार और दोस्तों से उसका ज्यादा लगाव और मेलजोल नहीं था। सिर्फ विदेश में बसने की बात पर तलाक लेने की बात उन्हें आज तक समझ नहीं आई। 2012 में अलग-अलग हो गए। तलाक के बाद कभी संपर्क नहीं रहा।
लैपटॉप में हमेशा खोजबीन करती रहती थी
डॉ. जफर ने बताया कि ज्यादा किसी से मेलजोल न रखने वाली शाहीन का ज्यादातर समय लैपटॉप के साथ ही बीतता था। वह घर पर हमेशा लैपटॉप में कुछ न कुछ करती रहती, पूछने पर सिर्फ इतना कहती थी कि टाइम पास कर रही हूं।
शाहीन की करतूत से बेटे अनजान
वीआईपी रोड में दोनों बेटों के साथ रहने वाले डॉ. जफर ने दूसरी शादी कर ली। धमाके में शाहीन की गिरफ्तारी और आतंकी संगठन से जुड़ाव के बारे में दोनों बेटे अब तक नहीं जानते हैं। जफर कहते हैं कि वह नहीं चाहते हैं कि उनके बच्चे यह सब जानकर दुखी हों।





