नर्क जैसी जिंदगी जीने को क्यों मजबूर हैं दिल्ली में इस इलाके के लोग? कोई सुनवाई नहीं
बेगमपुर की आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने बताया कि नालियों की बेहतर तरीके से सफाई न होने के कारण नालियों का गंदा पानी खाली प्लॉटों में बह रहा है। इससे आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के बेगमपुर में स्थानीय निवासी बेहद चिंताजनक परिस्थिति से गुजर रहे हैं। यहां पर अंदरूनी सड़कों और गलियों में मकानों के आसपास नाले और नालियों का पानी पहुंचा रहा है। सीडी ब्लॉक,सोम बाजार रोड बेगम विहार बेगमपुर में काफी लंबे समय से लोगों को इन समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
सदैव जन विकास जन कल्याण आरडब्ल्यूए बेगमपुर के सचिव सचिन कुमार सचिन ने बताया कि एक वर्ष से अधिक समय से कई बार विभागों को गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करने के लिए कई बार शिकायतें की गई। लेकिन शिकायतों का कोई भी समाधान नहीं हुआ। इस कारण अभी मौजूदा समय में बेगमपुर में गंदे पानी की और नाले व नालियों की निकासी न होने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को सुबह के समय और शाम के समय काम पर आने और जाने के लेकर होती है। इन सब के कारण गंदा पानी काफी समय से बेगमपुर में कई स्थानों पर जमा हो रहा है। इस वजह से मच्छर जनित बीमारियां जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के होने की भी आशंका बढ़ रही है।
नालियों की नहीं हो रही सफाई
बेगमपुर की आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने बताया कि नालियों की बेहतर तरीके से सफाई न होने के कारण नालियों का गंदा पानी खाली प्लॉटों में बह रहा है। इससे आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इस संबंध में शिकायतें की गई। लेकिन इसका कोई भी समाधान नहीं किया जा रहा है।
नालियों की निकासी की व्यवस्था करेंगे
इस संबंध में दिल्ली के उपमहापौर जय भगवान यादव ने बताया कि बेगमपुर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की निकासी की अतिरिक्त व्यवस्था करेंगे। इस संबंध में दिल्ली ग्रामोदय अभियान (डीजेए) के तहत नालियों का मरम्मत कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही,बेगमपुर समेत अन्य गांवों व ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे। ऐसे विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।


