
दिल्ली से गुरुग्राम-बावल तक चलेगी नमो भारत, अगले साल शुरू होगा काम; CM सैनी का ऐलान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐलान किया कि अगले साल दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम होते हुए बावल तक नमो भारत ट्रेन चलाने और ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण का टेंडर आवंटित करने का कार्य शुरू हो जाएगा, साथ ही बुनियादी ढांचे के लिए 1700 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
अगले साल में दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम होते हुए बावल तक नमो भारत ट्रेन चलाने के लिए कार्य शुरू हो जाएगा। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के दूसरे चरण का टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा। यह बात विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के पश्चात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी, 2014 में चलाया था। इसके तहत अधिकांश विभागों की बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की जाती है। सैनी ने कहा कि एसपीआर पर निर्माणाधीन बरसाती नाले का निर्माण कार्य अगले साल मई माह में मानसून से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इससे जलभराव की स्थिति नहीं बनेगी। यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए धनवापुर में 100 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र का टेंडर लगा दिया है।
पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 1700 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि बाहरी विकास शुल्क (ईडीसी) की है। एचएसवीपी को 700 करोड़, जीएमडीए को 700 करोड़, एफएमडीए को 170 करोड़, पीएमडीए को 30 करोड़, एसएमडीए को 80 करोड़, एचएमडीए को 20 करोड़ रुपये जारी किए हैं। पिछले वित्त वर्ष में विकास कार्यों के लिए 2188 करोड़ रुपये दिए गए थे। सैनी ने कहा कि पीएनडीटी एक्ट को प्रभावी ढंग से क्रियांवयन करने और शिक्षा विभाग में ड्रॉपआउट को रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इनमें किसी प्रकार की लापरवाही और कोताही नहीं बरतने के आदेश दिए हैं। पीएनडीटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। ड्रॉपआउट के कारणों की गहराई से जांच करने के आदेश दिए हैं।
रेवाड़ी में बनने वाले एम्स में बिजली और पानी की दिक्कत नहीं रहेगी। बिजली सप्लाई का कार्य अगले साल सितंबर माह तक पूरा हो जाएगा। मार्च, 2027 तक दीवाना डिस्ट्रीब्यूटरी से पानी पहुंचाया जाएगा। इससे पहले पाली में बोरवैल करके अस्थायी तौर पर एम्स तक पानी पहुंचाया जाएगा। यह कार्य अगले साल अप्रैल माह तक पूरा हो जाएगा।
इसके अलावा फरीदाबाद, पानीपत, यमुनानगर, कैथल, जींद, भिवानी, महेंद्रगढ़ के स्वास्थ्य संस्थानों में जल्द ही बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा, विनीत गर्ग, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता आदि मौजूद रहे।
गुरुग्राम में इंटरनेशनल कनवेंशन सेंटर बनेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में अंतरराष्ट्रीयस्तर का कनवेंशन सेंटर तैयार किया जाएगा। इसको लेकर जमीन तलाशने के आदेश एचएसवीपी को जारी कर दिए हैं। इसके बनने से लोगों को सहुलियत मिलेंगी। फरीदाबाद के सेक्टर-78 में एचएसवीपी की तरफ से अंतर्राष्ट्रीय कनवेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जो फरवरी, 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा।
फरीदाबाद में पानी की दिक्कत नहीं होगी
सैनी ने कहा कि गर्मियों में फरीदाबाद में पानी की किल्लत नहीं होगी। 12 रेनीवेल ट्यूवैल लगाए जा रहे हैं। अगले साल जून तक छह को पूरा कर दिया जाएगा। नांगल चौधरी में लोजिस्टिक हब बनाया जाएगा। हिसार में लोजिस्टिक हब का कार्य शुरू हो चुका है।
स्मार्ट सिटी में महिला हॉस्टल बनाया जा रहा
सीएम ने कहा कि गुरुग्राम और रेवाड़ी में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल तैयार किया जाएगा। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। फरीदाबाद के सेक्टर-78 में भी महिला हॉस्टल बनाया जा रहा है। पानीपत, सोनीपत में भी बनाए जाएंगे। पंचकूला के हॉस्टल का जल्द संचालन के निर्देश दिए हैं।





