
दिल्ली में आज खुलेंगे 81 नए आयुष्मान आरोग्य केंद्र, बुजुर्गों और गरीबों को मिलेगा मुफ्त इलाज
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने राजधानी में 81 नए आयुष्मान आरोग्य केंद्रों के उद्घाटन की घोषणा की है, जिससे अब केंद्रों की कुल संख्या 319 हो जाएगी और लाखों लोगों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
दिल्ली में बुधवार को 81 नए आयुष्मान आरोग्य केंद्र खुलेंगे। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि राजधानी में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएजेएवाई) के तहत अब तक 6,91,530 लोगों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाया जा चुका है। इसमें 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को जारी 2,65,895 आयुष्मान भारत वय वंदना कार्ड भी शामिल हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों व बुजुर्गों का इलाज आसान हुआ है।
दिल्ली में 1100 से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होंगे
मंत्री ने कहा कि दिल्ली में 1100 से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाने हैं। इस दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। दिल्ली में अभी 238 आयुष्मान आरोग्य मंदिर हैं। जहां चिकित्सा सेवाएं संचालित की जा रही है। बुधवार को 81 नए आरोग्य मंदिरों के उद्घाटन के बाद दिल्ली में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की संख्या 319 पहुंच जाएगी। इससे दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
गरीबों को मिल रहा फ्री इलाज
उन्होंने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और कम आय वाले परिवारों को मुफ्त इलाज सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा कि एबी-पीएमजेएवाई योजना के तहत अब तक 189 अस्पताल पैनल में शामिल हो चुके हैं, जिनमें 138 निजी अस्पताल, 41 दिल्ली सरकार के अस्पताल और 10 केंद्र सरकार के अस्पताल भी शामिल हैं।





