
दिल्ली धमाके के बाद बड़े पैमाने पर जांच, चप्पे-चप्पे पर तैनात सुरक्षा कर्मी, 34 गाड़ियां जब्त
संक्षेप: दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद, मध्य जिले में आतंकवाद रोधी उपायों के तहत व्यापक सत्यापन अभियान चलाए जा रहे हैं, नाकों पर जांच बढ़ाई जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र तैनाती को मजबूत किया जा रहा है।
दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद, मध्य जिले में आतंकवाद रोधी उपायों के तहत व्यापक सत्यापन अभियान चलाए जा रहे हैं, नाकों पर जांच बढ़ाई जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र तैनाती को मजबूत किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया, शनिवार रात को विशेष अभियान के दौरान टीम ने 34 लावारिस गाड़ियां जब्त की, जबकि पांच घंटे के जांच अभियान में दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत 417 चालान जारी किए गए।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा बढ़ाए जाने की कार्रवाई धमाके के बाद लागू की गई व्यापक रणनीति का हिस्सा है। अधिकारी ने बताया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेंट्रल रेंज) मधुर वर्मा, जिला पुलिस उपयुक्त, एसीपी, एसएचओ और विशेष इकाइयां, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन (एमडब्ल्यूए), आरडब्ल्यूए, दुकानदारों और विक्रेताओं के साथ लगातार समन्वय बैठकें कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, पुलिस टीम अभियान तत्परता का परीक्षण करने के लिए क्षेत्र में नियंत्रण अभ्यास, औचक निरीक्षण और मॉक ड्रिल कर रही हैं। भीड़-भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सशस्त्र कर्मियों को तैनात किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि होटल,अतिथि गृह, साइबर कैफे, मॉल, सिनेमाघर, रसायन की दुकानों, सिम कार्ड विक्रेताओं और व्यावसायिक केंद्रों पर सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों के किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए किरायेदारों, घरेलू सहायकों, मजदूरों और सुरक्षा गार्डों का सत्यापन भी तेज कर दिया गया है।वार शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक पूरे जिले में कड़ी नाकेबंदी की गई। पुलिस ने कई नाकों पर 683 वाहनों की जांच की और इस दौरान 24 अजनबियों का सत्यापन किया।





