
दिल्ली विधानसभा का 4 दिवसीय शीतकालीन सत्र आज से, CAG सहित कई मुद्दों पर हंगामे के आसार
Delhi Vidhan Sabha Winter Session 2026 : दिल्ली विधानसभा के 4 दिवसीय शीतकालीन सत्र की शुरुआत आज उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण से होगी। माना जा रहा है कि इसमें भाजपा सरकार के कामकाज और आने वाली योजनाओं की झलक मिलेगी। विपक्ष प्रदूषण सहित अन्य मसले पर सरकार को घेरने की कोशिश कर सकता है।
दिल्ली विधानसभा के 4 दिवसीय शीतकालीन सत्र की शुरुआत आज उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण से होगी। माना जा रहा है कि इसमें भाजपा सरकार के कामकाज और आने वाली योजनाओं की झलक मिलेगी। विपक्ष प्रदूषण सहित अन्य मसले पर सरकार को घेरने की कोशिश कर सकता है। विधानसभा का यह सत्र 5 से 8 जनवरी तक चलेगा।
राजधानी दिल्ली में भाजपा सरकार ने 10 महीने का वक्त पूरा किया है। इस दौरान तमाम मसलों पर सरकार की ओर से महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इन फैसलों को लेकर अलग-अलग धड़ों में समर्थन और विरोध का सिलसिला भी चला। विधानसभा सत्र में भी भाजपा सरकार के दस महीने के कामकाज की झलक देखने को मिल सकती है।
सत्र की शुरुआत आज उपराज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी। माना जा रहा है कि इसमें दस महीनों के कामों की उपलब्धियों के साथ-साथ सरकार के आगे के कामकाज की एक रूपरेखा भी प्रस्तुत की जाएगी। खासतौर पर वायु प्रदूषण, यमुना नदी को साफ करने, हरित ऊर्जा आदि को लेकर सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदमों की एक कार्ययोजना इसमें शामिल हो सकती है। विधानसभा सत्र आठ जनवरी तक चलेगा।
पक्ष-विपक्ष में तकरार के आसार
विधानसभा में प्रश्नकाल आयोजित होगा और नियम 280 के तहत विधायक अपने क्षेत्रों की परेशानियां भी विधानसभा में रख सकेंगे। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी की ओर से प्रदूषण, चुनाव के दौरान किए गए वादों आदि के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की जाएगी। सत्र के दौरान विधानसभा पटल पर पांच सीएजी रिपोर्ट रखे जाने की संभावना है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री के आवास में किए गए मरम्मत और खर्च से संबंधित रिपोर्ट, दिल्ली जल बोर्ड, मोहल्ला क्लीनिक और विज्ञापन नीति से संबंधित रिपोर्ट शामिल हो सकती है।
प्रदूषण के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग करेगी आप
राजधानी में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा दिल्ली विधानसभा में गूंजेगा। सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आम आदमी पार्टी दिल्ली के प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार को सदन में घेरेगी। ‘आप’ विधायक दल के चीफ व्हिप संजीव झा ने कहा कि पार्टी के लिए शीतकालीन सत्र में प्रदूषण प्रमुख मुद्दा रहेगा। ‘आप’ विधायक भाजपा सरकार से सदन में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदूषण को लेकर गंभीर कदम उठाने के बजाय एक्यूआई के डेटा में ही फर्जीवाड़ा करने में लगी रही है।
संजीव झा ने कहा कि पार्टी के सभी विधायक मुद्दों को विधानसभा में उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे। संजीव झा ने कहा कि पिछले 10 महीने में सरकार की जो नाकामियां रही हैं, उन पर सवाल पूछे जाएंगे। फिर वह महिला सम्मान राशि देने का मसला हो या होली-दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर और 500 रुपये में सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा हो। जलभराव से हुई मौतें, यमुना में प्रदूषण की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग करेंगे।
सदन की तैयारियों का निरीक्षण किया
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले रविवार को कहा कि आगामी सत्र का मुख्य उद्देश्य सदन की गरिमा बनाए रखते हुए कार्यवाही का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सदन की तैयारियों एवं डिजिटल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शीतकालीन सत्र सुव्यवस्थित विचार-विमर्श, पारदर्शिता तथा उत्तरदायी विधायी आचरण के सिद्धांतों को प्रतिबिंबित करेगा। आठवीं विधानसभा के चौथे (शीतकालीन) सत्र का आयोजन 5 से 8 जनवरी तक होगा।





