Sneha Baluni| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली |
Fri, 24 Jan 2025 06:08 AM हमें फॉलो करें![]()
![]()
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों का ताबड़तोड़ प्रचार जारी है। चुनावी दंगल में दिग्गजों की भी एंट्री होनी शुरू हो गई है। बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी के कई इलाकों में प्रचार कर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कराए जा रहे कार्यों से भी लोगों को अवगत कराया। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों को गिनाते हुए भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो मुफ्त सुविधाएं बंद कर देगी। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके देश के मध्य वर्ग के लिए सात सूत्री घोषणापत्र जारी किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने आम बजट में मध्यवर्गीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आयकर समेत सात क्षेत्रों में छूट की मांग के जरिए साधने की कोशिश की। उन्होंने इसे घोषणा पत्र करार देते हुए एक वेबसाइट जारी की और उस पर लोगों से सहमति देने की अपील की। यहां पढ़ें चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स-
23 Jan 2025, 02:15:57 PM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: राहुल गांधी की रैली रद्द
Delhi Assembly Election 2025 Live: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गुरुवार को दिल्ली में होने वाली रैलियां रद्द कर दी गई है। ऐसा उनकी खराब सेहत की वजह से हुआ है। बुधवार को भी नेता प्रतिपक्ष प्रचार नहीं कर पाए थे।
23 Jan 2025, 02:02:36 PM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: आप ने दिल्ली को कूड़े के ढेर में बदला: पवन खेड़ा
Delhi Assembly Election 2025 Live: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'शराब प्रभावित पार्टी-आप' जिसे आप 'आम आदमी पार्टी' कहते हैं, हमने देखा कि कैसे इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर वाले शहर को बर्बाद कर दिया और इसे कूड़े के ढेर में बदल दिया। जब मनीष नायर शराब नीति लेकर आए, उस पर चर्चा हुई और नरेला के मौजूदा विधायक शरद चौहान ने मनीष (सिसोदिया) से कहा कि ऐसा मत करो, हर इलाके में शराब की दुकानें खुलेंगी। तो मनीष ने कहा कि अगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो चुनाव लड़ने के लिए पैसे कहां से लाएंगे, यही वो (शरद) रिकॉर्डिंग में कह रहे हैं।'
23 Jan 2025, 01:53:16 PM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: सबूत पेश करें आतिशी: उदित राज
Delhi Assembly Election 2025 Live: दिल्ली सीएम आतिशी के बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, 'आम आदमी पार्टी को वीडियो बनाने की आदत है, इसलिए उन्हें वीडियो के रूप में सबूत पेश करना चाहिए। लोकतंत्र में किसी को गाली देना या धमकाना सही नहीं है और यह गलत भी है, लेकिन सबूत पेश किए जाने चाहिए। सहानुभूति के लिए खबरों में बने रहने के लिए बयानबाजी करना ठीक नहीं है।'
23 Jan 2025, 01:21:28 PM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: घोटालों की सरकार से लोग परेशान: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
Delhi Assembly Election 2025 Live: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल सरकार 11 साल से सत्ता में है और जब से वो मुख्यमंत्री बने हैं, लगातार घोटाले हो रहे हैं। हाल ही में कैग रिपोर्ट पेश न करने की शिकायत आई थी। जनता से किए गए वादों में भी विश्वासघात हुआ। दवा घोटाला हुआ, शराब घोटाला हुआ, शिक्षा घोटाला हुआ, घोटालों की सरकार के नेता आज हताश हैं। कभी वो पूर्वांचल के लोगों को गाली देते हैं, कभी हिंदुओं पर हमला करते हैं। उन्होंने भगवान राम और सीता का अपमान किया। वो नकली राजनीतिक हिंदू हैं।'
23 Jan 2025, 12:32:59 PM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: आप ने 11 साल में कुछ नहीं किया: प्रवेश वर्मा
Delhi Assembly Election 2025 Live: प्रवेश वर्मा ने कहा, 'सिर्फ एक हफ्ते में पंजाब से इतनी गाड़ियां आई हैं, हजारों गाड़ियां। मुख्यमंत्री, विधायक, पार्षद, पूरी पार्टी यहां आकर लोगों को शराब पिला रही है, पैसे दे रही है, फर्जी चीनी कंपनियों के सीसीटीवी कैमरे लगवा रही है, यहां के मतदाताओं को प्रभावित कर रही है। तो कल दिल्ली पुलिस ने भी जवाब मांगा कि किस-किस को सुरक्षा दी गई है, कौन-कौन लोग यहां आए हैं। चुनाव में कार्यकर्ता आकर काम कर सकते हैं, लेकिन शराब और पैसे नहीं बांटे जा सकते। इनके (आप) पास कोई मुद्दा नहीं है। इन्होंने पिछले 11 सालों में कुछ नहीं किया।'
23 Jan 2025, 12:09:20 PM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: अगले 5 साल में दूर करेंगे बेरोजगारी
Delhi Assembly Election 2025 Live: अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दोबारा सत्ता में आने पर अगले पांच साल में युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। अगले पांच साल में मेरी टॉप प्राथमिकता होगी बेरोजगारी को दिल्ली से दूर करना। अपने बच्चों के लिए रोजगार का इंतजाम करना।
23 Jan 2025, 12:00:59 PM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: आप और भाजपा का एक ही मकसद: अलका लांबा
Delhi Assembly Election 2025 Live: दिल्ली सीएम आतिशी द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर कालका जी से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि उनके बीच क्या चल रहा है, लेकिन उनका उद्देश्य एक ही है, मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाना। मैं हर समय कालका जी में रहती हूं और लोगों की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी है। लोग रमेश बिधूड़ी द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली अभद्र भाषा का समर्थन नहीं करते। यह साफ है कि लोग आप और भाजपा से नाराज हैं क्योंकि उन्होंने लोगों को धोखा दिया है।'
23 Jan 2025, 11:45:40 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: आतिशी के नाम पर वोट नहीं मांग रही आप: तरुण चुग
Delhi Assembly Election 2025 Live: दिल्ली सीएम आतिशी के आरोपों पर बीजेपी नेता तरुण चुग ने कहा, 'रबर स्टैंप सीएम आतिशी भूल गई हैं कि उनकी पार्टी उनके कार्यकाल पर विचार ही नहीं कर रही है। वह मौजूदा सीएम हैं, लेकिन उनकी पार्टी उनके नाम पर वोट नहीं मांग रही है। आप पूरी तरह विफल हो चुकी है और भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। वे अपनी जमीन खो चुके हैं और लोगों ने तय कर लिया है कि केजरीवाल को जाना होगा।'
23 Jan 2025, 11:29:22 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: हरदीप सिंह पुरी को आप का जवाब
Delhi Assembly Election 2025 Live: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के ट्वीट पर आप हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता कहते हैं, 'हरदीप सिंह पुरी शायद भूल गए हैं कि जब शहीद भगत सिंह ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान की थी, जब सिख समुदाय ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, उस समय वह अंग्रेजों से दोस्ती रखते थे और उनके स्कूलों में पढ़ते थे। वह दिल्ली की झुग्गियों में रहने वाले लोगों का दर्द नहीं समझ सकते। जबकि, अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों का दर्द समझते हैं। मैं उनके ट्वीट का मतलब नहीं समझ पाया।'
23 Jan 2025, 11:13:09 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: दो अरबपति लड़ रहे चुनाव
Delhi Assembly Election 2025 Live: दिल्ली दंगल में तीनों प्रमुख दलों 'आप', भाजपा और कांग्रेस से चुनाव लड़ने वाले तीन चौथाई प्रत्याशी करोड़पति हैं। इस बार चुनावी मैदान में दो अरबपति उम्मीदवार भी उतरे हैं। दोंनों ने पिछला चुनाव नहीं लड़ा था। यहां पढ़ें पूरी खबर
23 Jan 2025, 11:01:35 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का अरविंद केजरीवाल पर निशाना
Delhi Assembly Election 2025 Live: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आप मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा, 'केजरीवाल जी आपको अपने बचपन से जुड़ा एक किस्सा सुनाता हूं। तब मेरे पिता सरदार भगत सिंह जी की पोस्टिंग जर्मनी में थी और मैं वहां एक किंडरगार्टन स्कूल में पढ़ता था। क्लास में गुथ बांधने वाला मैं इकलौता स्टूडेंट था जिसकी वजह से जिन बच्चों ने कभी किसी सिख को देखा नहीं था मेरा मजाक उड़ाने लगे। इसको आजकल की भाषा में Bullying कहते हैं। तब मुझे थोड़ा परेशान देख मेरी टीचर ने मुझे निडरता से इस Bullying का सामना करना सिखाया। वो सबक मैंने अपने जीवन में गांठ बांध लिया और फिर चाहे चुनावी रण हो, मीडिया में दिए गए बयान हों, सोशल मीडिया हो या जीवन का कोई अन्य पहलू, मैं आज भी उस Bullying से नहीं डरता।'
23 Jan 2025, 10:49:13 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: आप बांट रही एक हजार रुपए
Delhi Assembly Election 2025 Live: संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी पर भी पैसे बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'मेरा संजय सिंह से भी एक सवाल है, कल हम काली बाड़ी इलाके में प्रचार कर रहे थे और वहां कुछ महिलाओं ने कहा कि आप 1000 रुपये बांट रही है और वे इसके लिए जा रहे थे।'
23 Jan 2025, 10:33:44 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: प्रवेश बांट रहे हैं पैसे-कंबल
Delhi Assembly Election 2025 Live: नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, 'यह सच है कि पैसे बांटे जा रहे हैं...जब कोई व्यक्ति यह देख लेता है कि वह असफल हो रहा है और उसके पास विकास के बारे में बात करने के लिए कुछ नहीं है...तब वे पैसे, कंबल बांटना शुरू कर देते हैं...कल मैं ईस्ट किदवई नगर में था और वहां के लोगों ने मुझे यह दिया और कहा कि परवेश जी यह बांट रहे हैं...इस बारे में चुनाव आयोग को कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।'
23 Jan 2025, 10:03:42 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: दिल्ली चुनाव में आज योगी की एंट्री
Delhi Assembly Election 2025 Live: दिल्ली में आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन-तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल भी रैली करेंगे।
23 Jan 2025, 09:43:45 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: खराब तबीयत की वजह से नहीं आए राहुल गांधी
Delhi Assembly Election 2025 Live: दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, 'राहुल गांधी की सदर बाजार में एक विशाल जनसभा प्रस्तावित थी, लोग राहुल गांधी को सुनना चाहते थे लेकिन उनकी खराब सेहत के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बोलने से मना कर दिया, जिसके कारण इसे रद्द कर दिया गया। जहां तक अगले कार्यक्रम की बात है तो आज रात तक आगे का कार्यक्रम तय कर लिया जाएगा।'
23 Jan 2025, 09:19:17 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: भाजपा ने कहा कि आप लोगों को गुमराह कर रही
Delhi Assembly Election 2025 Live: आम बजट में आप की मांगों को लेकर भाजपा ने कहा कि उनकी मांगें गुमराह करने वाली हैं। सांसद कमलजीत सेहरावत और प्रवीण खंडेलवाल ने संयुक्त बयान में कहा कि आप सभी वर्गों में कमजोर पड़ रही है। 11 वर्ष पूर्ण बहुमत की सरकार चलाने के दौरान उन्होंने मध्यवर्ग को नजरअंदाज रखा।
23 Jan 2025, 08:59:47 AM IST
Delhi Assembly Election 2025 Live: माफी मांगे केजरीवाल और मान
Delhi Assembly Election 2025 Live: नई दिल्ली विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के वकील विवेक गर्ग ने कहा, 'प्रवेश वर्मा के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को 100 करोड़ रुपये का कानूनी मानहानि नोटिस भेजा गया है। हमने उन्हें माफी मांगने और हर्जाना देने के लिए 48 घंटे का समय दिया है, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जो भी हर्जाना होगा, वह नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए खर्च किया जाएगा।'