काम की बात: आश्रम-बदरपुर रूट को जाम फ्री बनाने की तैयारी, NHAI का ₹600 करोड़ वाला प्लान; केंद्र से मांगी मंजूरी

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

दिल्ली के सबसे व्यस्त रूटों में से एक 'आश्रम-बदरपुर' रोड के लिए यह खबर किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। एनएचएआई ने इस रूट को जाम मुक्त करने का प्लान तैयार कर लिया है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को रोजाना के जाम से आजादी मिलेगी। 

आश्रम-बदरपुर रूट को जाम फ्री बनाने की तैयारी, NHAI का ₹600 करोड़ वाला प्लान; केंद्र से मांगी मंजूरी

दिल्ली के आश्रम चौक से लेकर बदरपुर बॉर्डर तक सड़क को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने की परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) लगभग तैयार हो गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने शुक्रवार को परियोजना पर काम शुरू करने की प्रक्रिया से पहले वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में एनओसी के लिए आवेदन कर दिया है। एनओसी मिलने के बाद विभाग टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।

मौजूदा समय में आश्रम चौक से लेकर बदरपुर बॉर्डर तक लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम के चलते गाड़ियां यहां रेंग-रेंगकर चलती हैं। सुबह-शाम व्यस्त घंटों के दौरान तो करीब साढ़े आठ किलोमीटर लंबे इस हिस्से को पार करने में पौना घंटा तक लग जाता है। यहां न्यू फ्रेंडस कॉलेनी, ओखला , सीआरआरआई, सरिता विहार के पास ट्रैफिक लाइट होने से वाहन चालकों को रुकना पड़ता है। वहीं आली गांव और मदनपुर खादर के पास भी ट्रैफिक लाइट हैं। जाम को देखते हुए इन्हें बंद कर दिया गया है।

दिल्ली सरकार ने पिछले साल एनएचएआई को सौंपी थी सड़क

दिल्ली सरकार ने जाम को देखते हुए गत वर्ष अपने हिस्से के इस मार्ग को एनएचएआई को सौंप दिया था। उसके बाद से ही इसकी डीपीआर बनाने का काम चल रहा था। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इसकी डीपीआर लगभग तैयार हो चुकी है। इस परियोजना पर करीब 500 से 600 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

योजना के मुताबिक, जितनी भी जगह ट्रैफिक लाइट हैं, वहां पर सभी जगह फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इस परियोजना को पूरा करने के लिए पेड़ों की कटाई करनी होगी। इसके लिए शुक्रवार को एनएचएआई प्रबंधन ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में एनओसी लेने के लिए आवेदन कर दिया है।

वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा

फरीदाबाद की ओर से दिल्ली के लिए आवाजाही करने के लिए दिल्ली-आगरा हाईवे ही एकमात्र विकल्प है। इसका दूसरा विकल्प डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे है। यह दिल्ली तक दो माह में पूरी तरह बनकर तैयार हो सकता है। करीब 93 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। दिल्ली-कालिंदी कुंज चौक के पास इस एक्स्प्रेसवे का आर्च ब्रिज बनते ही इसका निर्माण होना है। डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक शुरू होने के बादे ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा।

धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, ''आश्रम से बदरपुर तक हाईवे को जाम मुक्त करने के लिए डीपीआर लगभग तैयार हो गई है। इस पर करीब 600 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक दिन पहले ही केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में एनओसी के लिए आवेदन किया गया है। एनओसी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।