‘पापा, बस आधा घंटे में पहुंच रहे हैं…’; दिल्ली में IPL मैच देखकर घर लौट रहे दो भाइयों की मौत
दिल्ली के अशोक रोड इलाके में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों भाई आईपीएल मैच देखकर घर लौट रहे थे। हादसे से पहले एक लड़के ने अपने पिता को बताया था कि वे अगले आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे।

दिल्ली की सड़कों पर रफ्तार का कहर एक बार फिर दो हंसते-खेलते परिवारों के लिए मातम लेकर आया है। सोमवार देर रात थाना पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में अशोक रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों भाई आईपीएल मैच का देखकर अपने घर वापस लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और 14 वर्षीय अभाव भाटिया के रूप में हुई है। दिल्ली के ही अशोक नगर में रहने वाले दोनों लड़के रिश्ते में चचेरे भाई थे। यज्ञ BSc का छात्र था जबकि अभाव स्कूल में पढ़ता था। घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे की है।
थाना पार्लियामेंट स्ट्रीट को रात में एक मोटरसाइकिल और एक माल ढोने वाले वाहन के बीच जानलेवा हादसे के बारे में PCR कॉल मिली। यह हादसा अशोक रोड पर पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने महादेव रोड टी-पॉइंट के पास हुआ था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दो लड़के सड़क पर बेहोश पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस द्वारा डिस्ट्रिक्ट क्राइम टीम को बुलाया गया और घटनास्थल की फोरेंसिक जांच की गई। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल के मोर्चरी में भेज दिया गया।
पिता से आखिरी बातचीत और वो भयावह पल
हादसे से पहले छोटा भाई ‘अभाव’ अपने पिता के साथ फोन पर बात कर रहा था। हादसे से पहले उसने पिता से कहा था, "पापा, हम बस आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे।" किसे पता था कि ये बाप-बेटे के बीच आखिरी बातचीत होगी।
शुरुआती जांच और पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और घटनास्थल के हालात को देखते हुए यह साफ तौर पर 'हिट एंड रन' का मामला लग रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस ने बताया कि एक चश्मदीद के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसा करने वाले वाहन की पहचान कर ली गई है और उसके ड्राइवर को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। पुलिस अशोक रोड और उसके आसपास के सभी रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को भी बारीकी से खंगाल रही है। माना जा रहा है कि रात के समय सड़क खाली होने के कारण वाहन की गति काफी तेज रही होगी।
परिवार में शोक की लहर
आईपीएल मैच की खुशी और घर वापसी का उत्साह पल भर में मातम में बदल गया। यज्ञ और अभाव की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर रात के समय होने वाली लापरवाही और 'हिट एंड रन' की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


