दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, टेकऑफ से पहले विमान में आग लगी, 228 यात्री थे सवार- VIDEO
दिल्ली एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टेकऑफ से पहले विमान में आग लग गई। इस हादसे में 6 य़ात्री घायल हुए हैं। विमान में 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे। हादसे का वीडियो भी सामने आया है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख जाने वाली स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट में टेकऑफ के दौरान इंजन में आग लग गई। विमान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। विमान में कुल 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे। हादसे में 6 यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट नंबर एलएक्स147, एयरबस A330 विमान, रात करीब 1:08 बजे रनवे पर टेकऑफ के लिए दौड़ रहा था। इसी दौरान अचानक एक इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने से यात्रियों में चीख-पुकार, अफरातफरी
घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक विमान में कुल 228 यात्री और चार शिशु सवार थे। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों और दमकल टीमों की तत्परता से हालात पर जल्द काबू पा लिया गया।
एयरलाइन का बयान
एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम (टास्क फोर्स) का गठन किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इंजन में आग लगने की असली वजह क्या थी। एयरपोर्ट अथॉरिटी और डीजीसीए ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी को संभावित कारण माना जा रहा है।
एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्रियों को फिलहाल सहायता दी जा रही है और स्थानीय टीमें उनके लिए रीबुकिंग या होटल में ठहरने की व्यवस्था करने में जुटी हैं। यात्रियों को संपर्क कार्ड भी दिए गए हैं, ताकि उनसे आसानी से संपर्क किया जा सके।
घटना की जांच होगी
कंपनी ने कहा, “ऐसी स्थिति सभी के लिए तनावपूर्ण होती है। हमारी स्थानीय टीमें मौके पर यात्रियों की देखभाल कर रही हैं और उनसे सीधे संपर्क में हैं। हम स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।” एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना के कारणों की पूरी जांच की जाएगी। इसके लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम दिल्ली भेजी जा रही है, जो विमान का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई तय करेगी।
कंपनी ने कहा, “हम सभी यात्रियों के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करने में जुटे हैं। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
रिपोर्ट- राजन शर्मा
लेखक के बारे में
Gaurav Kalaगौरव काला: वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम सदस्य
संक्षिप्त विवरण: गौरव काला पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। वह विशेष रूप से हिमालयी राज्य उत्तराखंड के अलावा, दिल्ली-एनसीआर, मध्यप्रदेश, झारखंड समेत कई हिंदी बेल्ट के राज्यों की खबरें कवर कर रहे हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: गौरव काला का भारतीय डिजिटल मीडिया जगत में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वह वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में, वह 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट टीम सेक्शन का हिस्सा हैं। पिछले पांच वर्षों से वह पहले होम टीम का हिस्सा रहे और अब बड़ी बखूबी से स्टेट टीम में अपनी जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। उन्हें डिजिटल पाठकों की पसंद और बदलती प्रवृत्तियों (Trends) को समझने में विशिष्ट महारत हासिल है। गौरव का करियर प्रिंट मीडिया से शुरू होकर टीवी जगत और डिजिटल मीडिया तक फैला हुआ है। यही वजह है कि उनकी खबरों में गहराई और सटीकता की झलक दिखती है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और रिपोर्टिंग: गौरव मॉस कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट हैं और यही उनकी सबसे बड़ी विशेषता है। पहले बी. ए. इन मॉस कम्यूनिकेशन और फिर आधुनिक पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन होने के कारण उनके पास खबरों की ठोस समझ है। 2011 में दैनिक जनवाणी अखबार में क्राइम रिपोर्टिंग से पत्रकारिता शुरू करने के बाद उन्होंने ईटीवी भारत में बतौर एंकर और स्क्रिप्ट राइटर पर तौर पर काम किया। 2015 में डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेते हुए अमर उजाला और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों में काम किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय खबरों को भी कवर किया, बल्कि आकर्षक लेखनी से पाठकों के बीच लोकप्रियता बनाई।
सितंबर 2021 में गौरव लाइव हिन्दुस्तान की नेशनल टीम के साथ जुड़े। तब से वह न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय, वायरल समाचार और मौसम संबंधी खबरों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, बल्कि राजनीतिक, रिसर्च बेस स्टोरीज भी कवर कर रहे हैं। अपनी मजबूत लेखनी के दम पर वह खबरों को आकर्षक नए कलेवर के साथ आम जनता तक पहुंचा रहे हैं।
डिजिटल ट्रेंड्स के साथ रिपोर्टिंग: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बदलते ट्रेंड्स को समझना गौरव की बड़ी ताकत है। वायरल खबरों, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और इंटरनेट कल्चर से जुड़े विषयों को वह तथ्यात्मक जांच और संतुलित प्रस्तुति के साथ सामने रखते हैं। उनकी यही क्षमता उन्हें क्लिक-बेस्ड नहीं, बल्कि कंटेंट-बेस्ड पत्रकार बनाती है। इसके अलावा वह राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीति से जुड़े मुद्दों को तथ्यात्मक गहराई और संतुलित दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: गौरव के लिए पत्रकारिता केवल खबर देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सत्य और जनहित को प्राथमिकता देते हुए पाठकों तक सही जानकारी पहुंचाना है। वह अपनी लेखनी से सत्ता, समाज और आम जनता के बीच एक मजबूत और भरोसेमंद सेतु बनाने में विश्वास रखते हैं।
विशेषज्ञता (Areas of Expertise):
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचार
वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट
राजनीतिक और रिसर्च-आधारित स्टोरीज
हेडलाइन और न्यूज़ प्रेजेंटेशन


