
दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी दिक्कत दूर, 800 फ्लाइट्स पर पड़ा असर; घंटों परेशान रहे यात्री
दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक सिस्टम ठीक हो गया है जिसके बाद फ्लाइट्स का ऑपरेशन एक बार फिर सामान्य हो रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर घंटों ठप रहा एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम अब ठीक हो गया है जिसके बाद फ्लाइट्स का ऑपरेशन एक बार फिर सामान्य हो रहा है। इंडिगो की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक सिस्टम में आई खराबी अब ठीक कर ली गई जिसके बाद फ्लाइटों का ऑपरेशन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। इस खराबी के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 800 फ्लाइट्स लेट थीं जिसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

वहीं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ‘ऑटोमैटिक मेसैज स्विचिंग सिस्टम (एएमएसएस)के टेक्निकल ग्लिच को ठीक कर लिया गया है और अब यह सिस्टम काम कर रहा है। एएमएसएस की इसी तकनीकी समस्या के चलते उड़ानों में देर हुई थी। एएआई ने यह भी कहा कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।
एएआई ने कहा कि आईपी-आधारित एएमएसएस प्रणाली में यह समस्या छह नवंबर को पाई गई थी। हवाई यातायात नियंत्रकों के लिए उड़ान योजनाएं प्रदान करने वाली एएमएसएस में तकनीकी समस्या के कारण 800 से ज़्यादा उड़ानों में देर हुई और कुछ उड़ानें रद्द कर दी गईं।
एएआई ने कहा कि उसने ऑटोमैटिक मेसैज स्विचिंग प्रणाली (एएमएसएस)’ में तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया है, इसी समस्या के कारण उड़ान योजना संदेशों के प्रसंस्करण में देरी हो रही थी।
एएआई ने एक्स पर रात 8:56 बजे एक पोस्ट में कहा, ओईएम को काम पर लगाया गया है और हएयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के लिए फ्लाइट प्लान को भौतिक रूप से संसाधित करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
उसने कहा, ईसीआईएल अधिकारियों और एएआई कर्मियों की एक टीम अभी भी मौके पर मौजूद है। एएमएसएस प्रणालियां अब चालू हैं। कुछ पिछले काम के कारण, स्वचालित संचालन के सामान्य कामकाज में कुछ देरी हो सकती है, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।
इससे पहले इंडिगो, एअर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर जैसी विमानन कंपनियों ने शुक्रवार को कहा था कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खामी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी उड़ानों में देरी हो रही है।
भाषा से इनपुट





