
दिल्ली में आज भी जहरीली हवा, AQI 368; इन इलाकों में सबसे ज्यादा पलूशन
Delhi Air Toxic: दिल्ली में पलूशन से अभी भी राहत नहीं है। सोमवार सुबह दिल्ली में औसतन एक्यूआई 318 दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा बुरा हाल बावना का है। यहां एक्यूआई 368 पहुंच गया।
Delhi Air Toxic: राजधानी दिल्ली में पलूशन कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 7 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 318 दर्ज किया गया। यह बहुत खराब श्रेणी में है। राजधानी के अन्य हिस्सों में भी सोमवरा सुबह पलूशन चरम पर था। बावना में एक्यूआई 368 पहुंच गया। राजधानी के कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी चादर ने दृश्यता को काफी प्रभावित किया।
कई इलाके बेहद प्रभावित
आनंद विहार, इंडिया गेट, द्वारका और ITO इलाके में सुबह-सुबह धुंध के कारण दृश्यता बहुत कम रही। ITO इलाके का AQI 354 दर्ज किया गया, जबकि इंडिया गेट और करतव्य पथ भी धुंध की चादर में ढके हुए दिखाई दिए। राजधानी में पिछली सुबह भी AQI 397 था, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
किन इलाकों में ज्यादा प्रदूषण
अन्य मुख्य इलाकों जैसे अशोक विहार (338), बावना (368), बुराड़ी (327), चांदनी चौक (321) और द्वारका (325) में भी हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' रही। इससे साफ है कि दिल्ली के कई हिस्सों में प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
गौरतलब है कि सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।





