
हम सब अपनी राजनीतिक मजबूरियां भूलकर साथ आएं, PM मोदी-CM रेखा से क्या बोलीं प्रियंका गांधी?
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर गहरी चिंता जताई है। प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से दखल देने और लोगों को 'गंदी धुंध' में सांस लेने से बचाने के लिए तुरंत कदम उठाने की अपील की है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर गहरी चिंता जताई है।प्रियंका ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से दखल देने और लोगों को "गंदी धुंध" में सांस लेने से बचाने के लिए तुरंत कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अब सच में समय आ गया है कि हम सब अपनी पॉलिटिकल मजबूरियों को भूलकर एक साथ आएं और इसके बारे में कुछ करें।

प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर पीएम नरेंद्र मोदी, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को टैग कर लिखा, "कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वायनाड से पहले और फिर बिहार के बछवारा से दिल्ली की हवा में वापस आना सच में चौंकाने वाला है। इस शहर को घेरने वाला प्रदूषण ऐसा है जैसे इस पर एक ग्रे चादर डाल दी गई हो।"
उन्होंने कहा, "अब सच में समय आ गया है कि हम सभी अपनी राजनीतिक मजबूरियों को भूलकर एक साथ आएं और इसके बारे में कुछ करें। केंद्र और राज्य सरकारों को तुरंत कार्रवाई करने की जरूरत है, इस भयानक स्थिति को कम करने के लिए वे जो भी कदम उठाएंगे, हम सभी उनका समर्थन और सहयोग करेंगे।"
प्रियंका गांधी ने कहा कि साल दर साल दिल्ली के नागरिक बिना किसी उपाय के इस जहर का सामना कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, "जिन लोगों को सांस की दिक्कतें हैं, जो बच्चे रोज स्कूल जाते हैं और खासकर सीनियर सिटीजन्स, उन्हें इस गंदे स्मॉग से छुटकारा दिलाने के लिए तुरंत दखल की जरूरत है, जिसमें हम सब सांस ले रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी, पर्यावरण मंत्री यादव और दिल्ली के सीएम से तुरंत कदम उठाने की अपील की है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार को दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' रही क्योंकि हवा की धीमी गति के कारण शहर में प्रदूषकों का फैलाव कम हो गया। CPCB के डेटा से पता चला कि राष्ट्रीय राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सुबह 386 था, जो शनिवार के 303 से काफी ज्यादा था।





