काम की बात: दिल्ली AIIMS के मरीजों के लिए जांच की विशेष सुविधा, 4 दिन में सीटी स्कैन और MRI टेस्ट

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली एम्स के मरीजों के लिए जल्द ही विशेष सुविधा शुरू होने जा रही है। ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों को जल्द ही निजी लैबों में किफायती शुल्क पर जांच की सुविधा मिल सकेगी। डॉक्टर द्वारा जांच के लिए सलाह दिए जाने पर चार दिन के अंदर किफायती शुल्क पर जांच सुनिश्चित होगी।

दिल्ली AIIMS के मरीजों के लिए जांच की विशेष सुविधा।
दिल्ली AIIMS के मरीजों के लिए जांच की विशेष सुविधा।

दिल्ली स्थित एम्स में ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों को जल्द ही निजी लैबों में किफायती शुल्क पर सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा मिल सकेगी। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। एम्स ओपीडी के मरीजों को एमआरआई व सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करीब 20 निजी रेडियोलॉजी डायग्नोसिस लैब संचालकों ने दिलचस्पी दिखाई है। उन रेडियोलॉजी डायग्नोसिस लैब संचालकों के दस्तावेजों का निरीक्षण और सत्यापन का काम चल रहा है।

एम्स अभिरुचि पत्र देने वाले लैब संचालकों में से योजना के अनुकूल और एनएबीएच (नेशनल एक्रिटिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स) से मान्यता पात्र रेडियो डायग्नोस्टिक लैबों की छंटनी कर दो वर्ष के लिए करार करेगा। निजी रेडियोलॉजी डायग्नोस्टिक सेंटरों को एम्स के प्रोटोकॉल व मानकों का पालन करना होगा। शुरुआत में योजना को पायलट परियोजना के रूप में छह माह के लिए लागू किया जाएगा। इसके बाद इसे आगे बढ़ाया जाएगा। इससे मरीजों को आसानी से सीटी स्कैन व एमआरआई जांच की सुविधा मिल सकेगी।

वेटिंग से मिलेगी निजात

एम्स में ओपीडी मरीजों की एमआरआई व सीटी स्कैन जांच निजी लैब में किफायती शुल्क पर होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। वहीं, इससे एम्स में एमआरआई व सीटी स्कैन जांच में वेटिंग की समस्या भी दूर होगी। डॉक्टर द्वारा एमआरआई व सीटी स्कैन जांच के लिए सलाह दिए जाने पर चार दिन के अंदर किफायती शुल्क पर जांच सुनिश्चित होगी।

करीब 15 हजार मरीज रोज पहुंचते हैं

बता दें कि एम्स की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 15 हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें से सैकड़ों मरीजों को एमआरआई व सीटी स्कैन जांच की जरूरत होती है। मरीजों का दबाव अधिक होने से एम्स में एमआरआई, सीटी स्कैन सहित रेडियोलॉजी जांच में अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्राथमिकता दी जाती है। भर्ती मरीजों की जांच के लिए वेटिंग नहीं है, लेकिन ओपीडी मरीजों को सीटी स्कैन व एमआरआई जांच के लिए लंबी वेटिंग है।

तीन से चार साल बाद तक की तारीख

कई मामलों में एमआरआई जांच के लिए तीन से चार साल बाद तक की तारीख दी जाती है। यह भी तब जब 24 घंटे सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन का संचालन किया जाता है। इस समस्या के सामधान के लिए एम्स ने ओपीडी मरीजों को आउटसोर्सिंग के जरिये निजी रेडियोलॉजी लैबों में एमआरआई व सीटी स्कैन जांच उपलब्ध कराने की पहल की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से संबंधित स्थायी संसदीय समिति भी इसके लिए सिफारिश कर चुकी है।

10 किलोमीटर के दायरे में होगी लैब

शर्तों के अनुसार एम्स अपने पैनल में उन्हीं निजी रेडियो डायग्नोसिस सेंटरों को शामिल करेगा जो अस्पताल से दस किलोमीटर के दायरे में स्थित हों। यह सुविधा शुरू होने पर एम्स से मरीज संबंधित डायग्नोस्टिक सेंटर में एमआरआई व सीटी स्कैन के लिए भेजे जा सकेंगे। बाकायदा फोन और एम्स की वेबसाइट से अप्वाइंटमेंट लेने की सुविधा होगी और जांच के लिए चार दिन से अधिक वेटिंग नहीं होगी। लैब मरीज से सीधे शुल्क नहीं लेंगे। मरीज एम्स में किफायती दर पर शुल्क जमा करेंगे।

जल्द शुरू होगा अमल

एम्स के मीडिया डिविजन की प्रभारी डॉ. रीमा दादा ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया के तहत करीब 20 वेंडरों ने आवेदन किया है। उनमें से कुछ वेंडरों के दस्तावेज में कुछ कमियां पाई गई थीं। उन्हें दस्तावेज पूरे करने का निर्देश दिया गया था। वेंडरों ने आवश्यक कागजात जमा करा दिए हैं। निरीक्षण और सत्यापन पूरा होने के बाद जल्द ही योजना पर अमल सुनिश्चित किया जाएगा।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली AIIMS के मरीजों के लिए विशेष सुविधा, 4 दिन में सीटी स्कैन और MRI जांच