खांसी की आवाज से बीमारी जान लेगा AI, दिल्ली एम्स ने बनाया प्लेटफार्म 'श्वासा'

Feb 18, 2026 07:06 pm ISTKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, राजीव शर्मा, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने 'श्वासा' नामक एआई ऐप का सफल परीक्षण किया है जो स्मार्टफोन के जरिए मरीज की खांसी की आवाज सुनकर फेफड़ों की बीमारियों की पहचान कर सकता है। विस्तृत जानकारी इस रिपोर्ट में…

खांसी की आवाज से बीमारी जान लेगा AI, दिल्ली एम्स ने बनाया प्लेटफार्म 'श्वासा'

मेडिकल के क्षेत्र में भी एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने कर्नाटक में विकसित किए गए 'श्वासा' (Shwasa) नाम के एक एआई प्लेटफार्म (मोबाइल ऐप) पर अध्ययन किया है। यह एआई ऐप स्मार्टफोन के माध्यम से किसी भी मरीज की खांसी की आवाज सुनकर उसका विश्लेषण करता है और इसके आधार पर जान लेता है कि मरीज को फेफड़ो या श्वसन तंत्र की कौन सी बीमारी है।

गंभीर बीमारी की भी हो सकती है पहचान

एम्स के विशेषज्ञों का दावा है कि इस एआई तकनीक के जरिए क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) जैसी गंभीर बीमारी की भी पहचान की जा सकती है। दिल्ली एम्स के सेंटर फॉर कम्युनिटी मेडिसिन के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. हर्षल रमेश साल्वे ने बताया कि कर्नाटक में विकसित इस एआई आधारित ऐप पर उत्तर भारत में किसी भी संस्थान ने अध्ययन नहीं किया था। दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने इस पर अध्ययन किया।

अध्ययन में सटीक रहे नतीजे

डॉ. हर्षल रमेश साल्वे ने बताया कि अध्ययन के दौरान 460 लोगों की खांसी के सैंपल इसमें डाले गए और उनके आधार पर एआई ने विश्लेषण कर जांच की। काफी हद तक इसका विश्लेषण और परिणाम सही पाए गए। यह किसी भी स्मार्ट फोन के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

फायदेमंद होगा यह ऐप

दिल्ली एम्स के सेंटर फॉर कम्युनिटी मेडिसिन के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. हर्षल रमेश साल्वे ने बताया कि एक बार स्मार्टफोन पर रिकॉर्ड होने के बाद यह एआई ऐप सांस की नली में रुकावट या फेफड़ों की असामान्यताओं के संकेतों की पहचान करने के लिए सूक्ष्म आवाजों के पैटर्न का विश्लेषण करता है और महज पांच मिनट से भी कम समय में परिणाम बता देगा।

यह फायदा होगा

दिल्ली एम्स के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. साल्वे ने बताया कि फेफड़ों की बीमारी की जांच के लिए स्पाइरोमीटर की जरूरत पड़ती है। यह मशीन बहुत महंगी है और इसे चलाने के लिए एक्सपर्ट की जरूरत होती है। छोटे शहरों या ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक या सेकेंडरी चिकित्सा केंद्रों पर ऐसी मशीनों को लगाया जाना बहुत खर्चीला होगा।

यहां किया जा सकता है इस्तेमाल

इसके लिए बड़ी संख्या में विशेषज्ञों की भी जरूरत होगी। लेकिन एआई आधारित इस प्लेटफार्म पर फेफड़ों की जांच के लिए न तो मशीन और न ही विशेषज्ञों की जरूरत पड़ेगी। अस्पतालों में तैनात स्टाफ भी इससे जांच कर सकेगा। इसका इस्तेमाल ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ जैसे प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्रों में भी किया जा सकता है।

ऐसे करता है काम

यह एआई आधारित ऐप मोबाइल के जरिए मरीजों की खांसी को रिकॉर्ड करता है। दिल्ली एम्स के डॉक्टर हर्षल रमेश साल्वे ने बताया कि जिस तरह डॉक्टर स्टेथोस्कोप लगाकर मरीजों की धड़कनों को सुनते हैं, वैसे ही यह तकनीक खांसी की आवाज की बारीकियों को समझती है और खांसी के साथ मरीज के लक्षणों को मिलाकर एक हेल्थ स्कोर देती है।

बीमारियों की शुरुआती स्टेज में होगी पहचान

इससे डॉक्टर समझ लेते हैं कि क्या बीमारी है और उसके आधार पर इलाज करने में मदद मिलती है। उनका कहना है कि इस आसान डायग्नोस सिस्टम से बीमारी का पता शुरुआती समय पर ही चल जाएगा और मरीजों को इलाज समय पर मिल जाएगा। इससे फेफड़ों के कैंसर जैसी बीमारियों को शुरुआती स्टेज पर पहचानने में मदद मिल सकेगी।

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh

कृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )


संक्षिप्त विवरण

कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।

रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।

पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।

और पढ़ें