फरवरी में ही दिल्लीवालों के पसीने छुड़ा रही तेज धूप, अगले एक सप्ताह कैसा रहेगा हाल

Feb 13, 2026 05:46 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली का तापमान बीते पांच दिनों से लगातार सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। दिन भर निकलने वाली तेज धूप के कारण फरवरी में ही लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम में आए बदलाव के कारण धूप में कुछ देर बैठना भी मुश्किल हो रहा है।  

फरवरी में ही दिल्लीवालों के पसीने छुड़ा रही तेज धूप, अगले एक सप्ताह कैसा रहेगा हाल

राजधानी दिल्ली का तापमान बीते पांच दिनों से लगातार सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। दिन भर निकलने वाली तेज धूप के कारण फरवरी में ही लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम में आए बदलाव के कारण धूप में कुछ देर बैठना भी मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। दिल्ली में आमतौर पर जनवरी के पहले पखवाड़े के बाद भी ठिठुरन वाली सर्दी बनी रहती है। फरवरी के महीने में हल्की सर्दी रहती है और लोगों को धूप में बैठना पसंद आता है।

हालांकि, इस बार अभी से धूप तीखी होने लगी है। दिन के 11 बजे के बाद ही धूप इतनी कड़ी हो रही है कि कुछ देर भी बाहर बैठना मुश्किल हो रहा है। दिन के समय ज्यादातर लोग हल्के कपड़ों में दिखने लगे हैं। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।

न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 35 से 94 फीसदी तक रहा।

weather delhi

सप्ताह भर सामान्य से ज्यादा रहेगा पारा : दिल्ली के लोगों को अभी से ही आने वाली गर्मियों की तैयारी कर लेनी चाहिए। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह भर अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा ही रहेगा। आमतौर पर दिल्ली का तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की गति पांच से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है। विभाग ने फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है।

प्रदूषण में कमी आई

हवा की गति से बढ़ने से दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से खासी राहत मिली है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 164 दर्ज किया गया। एक दिन पहले यह 305 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है।

लगातार बढ़ रही तपिश

फरवरी का महीना पहले से लगातार गर्म हो रहा है। एग्रोमेट एडवायजरी सर्विसेज के डिपार्टमेंट प्रमुख डॉ. डी.एस. पाई बताते हैं कि तेज धूप, हिमालय की तरफ से ठंडी हवा का न आना और वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी, हीट आईलैंड प्रभाव के कारण गर्मी में इजाफा हो रहा है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।