दिल्ली के ली-मेरिडियन होटल में सुसाइड, 12वीं मंजिल से शख्स ने लगाई छलांग

Jan 04, 2026 06:37 pm ISTMohit लाइव हिन्दुस्तान, राजन शर्मा, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

मृतक की पहचान लाजपत नगर निवासी 50 वर्षीय परविंदर सिंह जुनेजा के रूप में हुई है। पुलिस को इस घटना की जानकारी दोपहर करीब सवा 12 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

दिल्ली के ली-मेरिडियन होटल में सुसाइड, 12वीं मंजिल से शख्स ने लगाई छलांग

दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में रविवार उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने होटल की 12वीं मंजिल की लॉबी से नीचे आंगन में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लाजपत नगर निवासी 50 वर्षीय परविंदर सिंह जुनेजा के रूप में हुई है। पुलिस को इस घटना की जानकारी दोपहर करीब सवा 12 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही नई दिल्ली जिला पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने होटल परिसर को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कई वर्षों से डिप्रेशन जूझ रहा था मृतक

पुलिस सूत्रों के अनुसार, परविंदर सिंह जुनेजा होटल में सामान्य तरीके से दाखिल हुआ था। होटल में कुछ समय बिताने के बाद वह 12वीं मंजिल तक पहुंचा, जहां से उसने अचानक नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मृतक पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन से जूझ रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था। बताया जा रहा है कि परविंदर पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था, लेकिन काम छोड़ने के बाद वह मानसिक तनाव में आ गया था।

वह अपनी पत्नी के साथ लाजपत नगर इलाके में रहता था। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक इससे पहले भी ली मेरिडियन होटल में ठहर चुका था। जानकारी के अनुसार, वह 25 और 26 दिसंबर की रात होटल में रुका था।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

इस मामले में नई दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे कारणों का तत्काल पता चल सके।

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक होटल में किन-किन जगहों पर गया और आत्महत्या से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं। इसके साथ ही होटल स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

;;;