DDA ने जारी किया नया नोटिस, दिल्ली में सालों से खाली पड़े निजी प्लॉटों के मालिकों को होगा फायदा

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

DDA News : दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली उन निजी जमीनों को विकसित करने के लिए एक नया नोटिस जारी किया है, जो वर्षों से खाली पड़ी हैं।

DDA ने जारी किया नया नोटिस, दिल्ली में सालों से खाली पड़े निजी प्लॉटों के मालिकों को होगा फायदा

दिल्ली में अपना खाली प्लॉट रखने वाले निजी जमीन मालिकों के लिए यह एक बड़ी और राहत भरी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने वर्षों से खाली पड़ी निजी जमीनों को विकसित करने का रास्ता साफ कर दिया है।

एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, डीडीए ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली उन निजी जमीनों को विकसित करने के लिए एक नया नोटिस जारी किया है, जो वर्षों से खाली पड़ी हैं। डीडीए ने इस नोटिस में यह स्पष्ट किया है कि निजी स्वामित्व वाली जमीनों के नियोजित विकास के लिए साल 2018 में बनाए गए नियम अब भी पूरी तरह से लागू हैं।

क्या है DDA की योजना?

अधिकारियों ने बताया कि डीडीए का मुख्य उद्देश्य उन निजी जमीन मालिकों को प्रोत्साहित करना है जिनकी जमीनें डीडीए नियंत्रित क्षेत्रों में आती हैं। अब ये मालिक अपनी जमीन पर निर्माण शुरू करने के लिए बिल्डिंग प्लान (नक्शा) पास कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन संबंधित स्थानीय निकायों जैसे MCD, NDMC या खुद DDA के पास जमा किया जा सकता है।

डीडीए के नोटिस के अनुसार, ये नियम 4 जुलाई, 2018 को अधिसूचित किए गए थे और अभी भी लागू हैं। यह नीति दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निजी स्वामित्व वाली जमीनों को अधिसूचित भूमि उपयोग मानदंडों, मास्टर प्लान के प्रावधानों और जोनल विकास योजनाओं के अनुसार विकसित करने की अनुमति देती है।

किन जमीनों को मिलेगा फायदा?

अधिकारियों ने बताया कि कई निजी स्वामित्व वाले खाली प्लॉट ऐसे इलाकों में मौजूद हैं जो लैंड पूलिंग पॉलिस, हरित विकास क्षेत्र योजनाओं या किसी अन्य अधिसूचित पुनर्विकास योजना के अंतर्गत नहीं आते हैं।

कैसे मिलेगी मंजूरी?

डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि योजना का लक्ष्य दिल्ली में उन पात्र निजी जमीनों के नियोजित विकास को बढ़ावा देना और सुगम बनाना है, जो सालों से खाली पड़ी हैं। अधिकारी ने कहा कि हालांकि, बिल्डिंग प्लान की मंजूरी पूरी जांच-पड़ताल के बाद तभी दी जाएगी जब वह सभी लागू नियमों और प्लानिंग मानकों पर खरी उतरेगी। कोई भी व्यक्ति जो अपनी पात्र जमीन को विकसित करना चाहता है, वह नक्शा पास कराने के लिए अपने क्षेत्र के संबंधित स्थानीय निकाय में इसके लिए आवेदन दे सकता है। अधिकारियों के अनुसार, इस साल 2018 के नियमों के तहत लगभग दो से तीन निजी जमीन के भूखंडों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।

बता दें कि दिल्ली विकास प्राधिकरण केंद्र सरकार के अंतर्गत आता है। राजधानी में घरों की मांग को पूरा करने के लिए समय-समय पर EWS से लेकर LIG, MIG और HIG फ्लैटों की किफायती और बजट फ्रेंडली घरों की योजनाएं लेकर आता रहता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।