DDA की सौगात; 'लंदन आई' की तर्ज पर बनेगी 'दिल्ली आई', रोहिणी में एम्यूजमेंट पार्क
दिल्ली में लंदन आई की तर्ज पर ‘दिल्ली आई’ व्हील और रोहिणी में एक बड़ा एम्यूजमेंट पार्क बनाया जाएगा। माना जा रहा है कि ये परियोजनाएं दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देंगी। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली में 'लंदन आई' और 'ऐन दुबई' की तर्ज पर एक बड़ी व्हील का निर्माण होगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा मयूर विहार डिस्ट्रिक्ट सेंटर में 3.84 एकड़ की खाली भूमि पर लगभग 35 मीटर ऊंची 'दिल्ली आई' का निर्माण होगा। इसके अलावा रोहिणी सेक्टर-35 में 54.7 एकड़ में एम्यूजमेंट पार्क का निर्माण होगा। डीडीए प्रशासन ने मंगलवार को इन दोनों बड़ी परियोजनाओं के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आमंत्रित कर दिए हैं।
इससे पूर्व में इस साल 4 फरवरी को दिल्ली के तत्कालीन उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने डीडीए की बैठक में इन परियोजनाओं को स्वीकृति दी थी। अब इन प्रोजेक्ट के निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस तिथि तक आवेदन जमा करने होंगेमयूर विहार डिस्ट्रिक्ट सेंटर में दिल्ली आई और रोहिणी सेक्टर-34 में एम्यूजमेंट पार्क के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट के लिए 9 जुलाई तक चर्चा व परामर्श कर सकते हैं।
इसके लिए हितधारक अपनी प्रतिक्रिया 10 जुलाई को शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं । 17 जुलाई तक लोग इस संबंध में अपनी प्रतिक्रिया डीडीए के समक्ष भेज सकते हैं। ईओआई के आवेदन की अंतिम तिथि 28 जुलाई शाम 5 बजे तक तय की गई है।
निजी कंपनियों को 55 साल का लाइसेंस एग्रीमेंट
इन प्रोजेक्ट को निजी कंपनी एवं कंपनियों को ईओआई प्रक्रिया के तहत जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस निजी कंपनियों को 55 साल के लाइसेंस एग्रीमेंट के तहत इन परियोजनाओं विकसित और संचालित करना होगा। इसमें निर्माण का समय भी शामिल किया गया है।
कई मीटर ऊंचाई से दिल्ली आई से नजारा दिखेगा
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली आई, डीडीए प्रशासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। इसमें कई मीटर ऊंचाई से दिल्ली के नागरिक और पर्यटक शानदार नजारा देख सकेंगे। यह दिल्ली के पर्यटन को भी आगे बढ़ाने में सहयोग देगा। योजना है कि इसमें नागरिकों को किफायती दामों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
एम्यूजमेंट पार्क में कई सुविधाएं विकसित होगी
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-34 में तैयार होने वाले एम्यूजमेंट पार्क में कई सुविधाएं मिलेंगी। इस पार्क में दिल्ली के लोगों के लिए एक शानदार वाटर पार्क भी बनाने की योजना है। इसमें कई तरह के बड़े झूले जैसी मनोरंजक गतिविधियों को भी विकसित किया जाएगा।


