काम की बात: डीडीए की कर्मजीवी आवास योजना लॉन्च; फ्लैट्स पर 25 फीसदी की छूट, जरूरी बातें
डीडीए ने 'कर्मजीवी आवास योजना-2026' लॉन्च कर दी है। इसमें 1200 से अधिक रेडी-टू-मूव फ्लैटों पर 25 फीसदी की छूट दी जा रही है। इसका रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

राहुल मानव, नई दिल्ली
दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए ने कर्मजीवी आवास योजना-2026 को शुरू कर दिया है। इसके मद्देनजर खरीदार 1200 से अधिक रेडी-टू-मूव फ्लैटों के पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो चुका है। अब तक 200 से अधिक फ्लैट खरीदारों ने ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन करा लिया है। इस योजना में आवेदकों के हितों एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनेक आकर्षक प्रावधान किए गए हैं। सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आवंटियों को पूर्ण स्वामित्व अधिकार प्राप्त होंगे।
15 अगस्त से बुकिंग
इस आवास योजना में पहले आओ पहले पाओ के तहत 15 अगस्त से बुकिंग शुरू होगी। इसमें 25 फीसदी छूट प्रदान की जा रही है। नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर ए1 से ए4 में वन बीएचके, टू बीएचके और थ्री बीएचके श्रेणी के फ्लैटों को बुक करने की सुविधा अगले महीने से उपलब्ध होगी।
कितनी कीमत?
डीडीए अधिकारियों के अनुसार 25 फीसदी छूट के बाद प्रारंभिक कीमतें वन बीएचके के लिए 33.40 लाख रुपये, टू बीएचके के लिए 75.55 लाख रुपये और थ्री बीएचके के लिए 1.065 करोड़ रुपये है।
क्या लोकेशन?
डीडीए अधिकारियों ने बताया कि यह आवासीय परिसर प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन से लगभग 1.2 किलोमीटर, प्रस्तावित आरआरटीएस स्टेशन से 1.9 किलोमीटर, नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से दो किलोमीटर, प्रस्तावित एजुकेशन हब से पांच किलोमीटर और प्रस्तावित इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम से 9.2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर)-1 से 500 मीटर, जीटी करनाल रोड से 1.1 किलोमीटर और यूईआर-2 से 6.15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
इतना राजस्व प्राप्त हुआ
डीडीए अधिकारियों के अनुसार] घर खरीदारों के बीच नरेला की बढ़ती लोकप्रियता का स्पष्ट प्रतिबिंब डीडीए की हाल ही की आवासीय बिक्री में भी देखने को मिला है। चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में सभी श्रेणियों के आवासों की मजबूत मांग के परिणामस्वरूप डीडीए ने 1,284 फ्लैटों की बिक्री कर 1,020 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया। इनमें से अकेले नरेला उपनगर में 1,153 फ्लैटों की बिक्री हुई, जो कुल बिक्री का लगभग 90 प्रतिशत है। यह उपलब्धि नरेला, दिल्ली के सर्वाधिक पसंदीदा आवासीय गंतव्यों में तेजी से उभरने का प्रमाण है।
इन दिशा निर्देशों पर करें गौर
1- इस योजना के मद्देनजर पहले से किसी आवासीय संपत्ति का स्वामित्व होने पर भी आवेदन करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है अर्थात पात्र आवेदक, यदि उनके नाम पहले से कोई आवासीय संपत्ति है, तब भी इस योजना के तहत फ्लैट खरीद सकते हैं।
2- इसके अतिरिक्त, डीडीए के निर्धारित मानकों एवं सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति की शर्त पर एक साथ सटे हुए, फ्लैटों के समामेलन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। अधिकतम पारदर्शिता एवं सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संपूर्ण बुकिंग प्रक्रिया डीडीए आवास पोर्टल के माध्यम से पूर्णतः ऑनलाइन संचालित की जाएगी।
3- इसके अतिरिक्त, इच्छुक आवेदकों के निरीक्षण हेतु नमूना फ्लैट भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे खरीदने का अंतिम निर्णय लेने से पूर्व फ्लैटों की गुणवत्ता, निर्माण मानकों एवं लेआउट का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकें।
4- रेडी-टू-मूव आवास, आकर्षक मूल्य लाभ, आधुनिक अवसंरचना तथा उत्कृष्ट कनेक्टिविटी के साथ डीडीए कर्मजीवी आवास योजना–2026 कार्यरत कार्मिकों को दिल्ली में अपना घर खरीदने के सपने को साकार करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करती है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
डीडीए अधिकारियों के अनुसार योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड, फ्लैटों की कीमत, बुकिंग प्रक्रिया तथा अन्य निबंधन एवं शर्तों के संबंध में इच्छुक आवेदक डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट www.dda.gov.in अथवा डीडीए आवास पोर्टल https://eservices. dda.org.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आवेदक डीडीए की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-110-332 पर भी संपर्क कर सकते हैं।


