काम की बात: फरीदाबाद में दयालपुर-मोहना रोड की संवरेगी सूरत, PWD नए सिरे बनाएगा सड़क; 10 गांवों की राह होगी आसान
फरीदाबाद में दयालपुर-मोहना रोड की हालत जल्द सुधरने वाली है। पीडब्ल्यूडी करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से नए सिरे से इस सड़क की सूरत संवारेगा। इस सड़क के बनने से ग्रामीण क्षेत्र की शहर से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

फरीदाबाद जिले में खस्ताहाल दयालपुर-मोहना रोड से आवाजाही करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से पृथला विधानसभा क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण सड़क को नए सिरे से बनाने की योजना तैयार की गई है, जिससे वाहन चालकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
दयालपुर-मोहना रोड ग्रामीण क्षेत्र के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। यह सड़क कई सालों से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर पानी भरने से लोगों को गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया चालक उसमें गिर कर चोटिल हो जाते हैं। इसे लेकर स्थानीय लोग कई बार लोक निर्माण विभाग को पत्र लिख चुके हैं, प्रशासन से कई बार सड़क बनवाने की मांग कर चुके हैं। लोगों की बढ़ती समस्या को देखते हुए विभाग ने सड़क को नए सिरे से बनाने की तैयारी की है।
साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च होंगे
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने बताया कि विभाग की ओर से सड़क निर्माण पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए छह महीने की समय रखा गया है।
आवागमन होगा आसान, समय बचेगा
दयालपुर-मोहना रोड के नए सिरे से बनने से ग्रामीण क्षेत्र की शहर से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। सड़क के मजबूत होने से गांवों से फरीदाबाद और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ता था और कई जगह गड्ढों के कारण परेशानी होती थी। सड़क बनने से लोगों का सफर आसान होने के साथ समय की भी बचत होगी।
10 गांवों के निवासियों को लाभ मिलेगा
सड़क बनने से दयालपुर, मोहना समेत आसपास के करीब 10 गांवों के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सड़क बेहतर होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों का समय बचेगा और वाहनों का आवागमन भी सुगम होगा। सीमेंट सड़क बनने से भारी वाहनों के दबाव का असर कम होने और सड़क की टिकाऊ क्षमता बढ़ेगी।
मोहना गांव में बांध निर्माण पर किसानों की समस्याएं सुनीं
फरीदाबाद के मोहना गांव में ग्रीन एक्सप्रेसवे के लिए यमुना पर बनाए जा रहे बांध का सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। एसडीओ प्रिंस शिवाच और जेई भगत सिंह ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को जायज बताया। किसानों ने बताया कि यमुना का पानी पहले से उनकी जमीन में भर रहा है, जिससे वे वर्षों से प्रभावित हैं। किसानों ने स्थायी समाधान होने तक बांध निर्माण रोकने की मांग की और अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताईं।


