पीरियड्स में बेटी खुद को संभाल नहीं पाती, माता-पिता ने तकलीफ बता मांगी गर्भाशय हटाने की अनुमति; क्या बोला कोर्ट
मामले की सुनवाई के बाद फैसला देते हुए कोर्ट ने कहा कि, 'इसे ऑपरेशन के लिए खुली छूट या मंजूरी नहीं माना जा सकता, क्योंकि सर्जरी के बारे में राय तो संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ, यानी मेडिकल एक्सपर्ट ही बना सकते हैं।'

दिल्ली हाई कोर्ट का कहना है कि दिव्यांगता कभी भी किसी के शरीर से प्रजनन अंग हटाने की मंजूरी देने का एकमात्र आधार नहीं हो सकती। इसके साथ ही अदालत ने कहा कि सर्जिकल हस्तक्षेप केवल मेडिकल एक्सपर्ट्स के सुझाव पर उसी स्थिति में किया जा सकता है, जब यह उस व्यक्ति के सबसे अच्छे हित में, उसकी भलाई और सम्मान की रक्षा के लिए हो।
उच्च न्यायालय ने यह बातें एक दिव्यांग युवती के माता-पिता की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहीं, उनका कहना है कि बीमारी की वजह से उनकी बेटी पीरियड्स के दौरान खुद को संभाल नहीं पाती है और उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उन्होंने हाई कोर्ट से दिल्ली सरकार को उनकी बेटी की हिस्टेरेक्टॉमी सर्जरी (गर्भाशय को ऑपरेशन से हटाना) करने की अनुमति देने का निर्देश देने की मांग की।
माता-पिता बोले- 21 साल की हो चुकी बेटी
माता-पिता ने कोर्ट को बताया कि उनकी बेटी का जन्म मार्च 2005 में हुआ था, और अब वह 21 साल की हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह बालिग तो है लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसे सेरेब्रल पाल्सी है, जिसमें उसे मध्यम स्तर का 'स्पैस्टिक हेमीपेरेसिस' (शरीर के एक तरफ अकड़न और कमजोरी) और मध्यम स्तर की मानसिक अक्षमता है।
मां-बाप ने कोर्ट को बताई बेटी की परेशानी
उन्होंने बताया कि बेटी की यह विकलांगता स्थायी है और उसकी स्थिति में सुधार होने की कोई गुंजाइश भी नहीं है। ऐसे में उन्होंने बेटी को पीरियड्स के दौरान होने वाली तकलीफ से छुटकारा दिलाने के लिए ऑपरेशन के जरिए उसका गर्भाशन निकालने की अनुमति देने का निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के कारण उनकी बेटी मासिक धर्म (पीरियड्स) के दौरान अपना ध्यान रखने और साफ-सफाई बनाए रखने में असमर्थ है।
'सहमति देने की मानसिक स्थिति में नहीं है बेटी'
माता-पिता ने अदालत से कहा कि इस सर्जरी के लिए मरीज की सहमति भी जरूरी होती है, लेकिन उनकी बेटी सहमति देने की मानसिक स्थिति में भी नहीं है। ऐसे में माता-पिता ने कोर्ट से इस बारे में अनुमति देने की मांग की। उधर राज्य सरकार के वकील ने बताया कि युवती का इलाज अशोक विहार के दीप चंद बंधु हॉस्पिटल में चल रहा है और डॉक्टरों के बोर्ड की मंजूरी के बाद ही सर्जरी हो सकती है।
'सिर्फ एक स्थिति में ऐसी अनुमति दी जा सकती है..'
याचिका पर सुनवाई के बाद 22 सितंबर को दिए अपने आदेश में जस्टिस अमित महाजन की बेंच ने कहा कि, 'यह बताना जरूरी होगा कि केवल दिव्यांगता कभी भी किसी महिला की प्रजनन संबंधी आजादी को छीनने का आधार या प्रजनन अंग को हटाने की अनुमति देने का अकेला आधार नहीं हो सकती। हालांकि अगर मेडिकल जांच से यह पता चलता है कि ऐसी सर्जरी याचिकाकर्ता की भलाई और उसकी सुरक्षा और सम्मान के लिए सबसे अच्छी है, तो ऐसा कदम उठाया जा सकता है।'
हाई कोर्ट ने दिया मेडिकल बोर्ड बनाने का आदेश
मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने अधिकारियों को एक स्वतंत्र मल्टीडिसिप्लिनरी मेडिकल बोर्ड बनाने और दिव्यांग युवती पर की जाने वाली सर्जरी पर चार सप्ताह के अंदर फैसला लेने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अदालत ने साफ किया कि कोर्ट ने सिर्फ मेडिकल बोर्ड बनाने की इजाजत दी है जो यह तय कर सकता है कि महिला के खराब मेडिकल बैकग्राउंड के बदले ऐसी सर्जरी की जरूरत है या नहीं।
कोर्ट ने कहा, 'इसे ऑपरेशन के लिए खुली छूट या मंजूरी नहीं माना जा सकता, क्योंकि सर्जरी के बारे में राय तो संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ, यानी मेडिकल एक्सपर्ट ही बना सकते हैं।'


