डॉक्टर, लॉयर, लवर; शातिर ठग ने 500 से अधिक महिलाओं को बनाया 'रोमांस स्कैम' का शिकार, ऐसे खुला राज

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को पकड़ा है जो 500 से अधिक महिलाओं को ब्लैकमेल कर चुका है। वह डेटिंग और मेट्रिमोनियल ऐप्स पर फर्जी डॉक्टर या बिजनेसमैन बन महिलाओं को अपनी बातों में फंसाता था। इसके बाद शादी का झांसा देकर उनके निजी वीडियो लेकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलता था।

डॉक्टर, लॉयर, लवर; शातिर ठग ने 500 से अधिक महिलाओं को बनाया 'रोमांस स्कैम' का शिकार, ऐसे खुला राज

देशभर में सोशल मीडिया और डेटिंग/मेट्रिमोनियल ऐप्स के जरिये महिलाओं को अपनी बातों के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली जिला पुलिस की साइबर थाना टीम ने करीब 500 से अधिक महिलाओं को 'हनीट्रैप' और 'रोमांस स्कैम' का शिकार बनाने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना निवासी 35 वर्षीय आनंद कुमार के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि आनंद कुमार डेटिंग ऐप्स पर खुद को डॉक्टर, वकील, सफल बिजनेसमैन या फिल्म प्रोड्यूसर बताकर फर्जी प्रोफाइल बनाता था। वह मेट्रिमोनियल साइट्स पर जीवनसाथी की तलाश कर रही महिलाओं को निशाना बनाता था। भरोसा जीतने के बाद वह महिलाओं से उनके निजी फोटो और अश्लील वीडियो हासिल कर लेता था। इसके बाद ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू होता था। वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलता था।

ऐसे सामने आया मामला

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वैभव अरोड़ा नाम की इंस्टा प्रोफाइल के जरिये उससे संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को कारोबारी बताकर शादी का वादा किया। विश्वास जीतने के लिए उसने आनंद नाम का एक फर्जी दोस्त भी पेश किया। बाद में मेडिकल इमरजेंसी और बिजनेस में घाटे का बहाना बनाकर उसने महिला से 7 लाख रुपये ठग लिए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने खुद की (वैभव की) मौत की झूठी खबर फैलाकर संपर्क तोड़ दिया।

ऐसे पकड़ा आरोपी

पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के निर्देश पर इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक, एसआई प्रियंका और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच की गई। आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल में मिली। दिल्ली पुलिस ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 4 स्मार्टफोन, 8 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड और ठगी के पैसों से खरीदे गए सोने के गहने बरामद हुए हैं।

संदिग्ध लेन-देन मिला

आरोपी के बैंक खातों में 2 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। पूछताछ में आनंद ने कबूल किया कि वह एक ही समय में दर्जनों महिलाओं के संपर्क में रहता था। ठगी से मिली रकम को वह ऑनलाइन गेमिंग और लग्जरी लाइफस्टाइल पर खर्च करता था। आरोपी पर पहले भी दिल्ली और गाजियाबाद में साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं।

ये सावधानी बरतें

● कोई फोन कॉल करके लोन दिलाने के लिए कहे तो उसके झांसे में न आएं।

● अनजान व्यक्ति से खाता, आधार नंबर, पेन आदि अन्य जानकारी साझा न करें।

● अनजान व्यक्ति किसी सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़ता है तो कारण पूछे।

● कम समय में कोई अगर भारी मुनाफा होने का झांसा दे तो सतर्क हो जाएं।

● वीडियो और वेब पेज को लाइक करने पर मोटी कमाई के झांसे में न आएं।

यहां शिकायत दर्ज कराएं

साइबर ठगी होने पर जितना जल्दी शिकायत दर्ज कराएंगे, उतना धनराशि फ्रीज कराने में आसानी होगी। 24 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत अवश्य दर्ज करा दें।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।