दिल्ली के एक विधायक का फोन हुआ हैक, रिश्तेदारों व जानकारों से मांग रहे पैसे; MLA ने किया अलर्ट
विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि सुबह उन्हें एक कॉल आया था, इसमें पार्सल डिलीवरी के नाम पर एक नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया। उन्हें इस कॉल पर शक हुआ और उन्होंने मना कर दिया।

दिल्ली की विश्वास नगर विधानसभा सीट से विधायक ओमप्रकाश शर्मा का फोन हैक कर ठगी की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर ठगों द्वारा विधायक का फोन हैक करने के बाद उनके नाम का इस्तेमाल कर उनके रिश्तेदारों और अन्य जानकारों से पैसों की मांग की जा रही है। ठग विधायक के नाम से लगातार लोगों को मैसेज भेज रहे थे। हालांकि विधायक ने अपने परिचितों को ऐसी किसी भी मांग पर भरोसा करते हुए उसे पूरा नहीं करने के लिए कहा गया है
इन भेजे गए मैसेज में विधायक की तरफ से कहा जा रहा है कि किसी कारण से ऑनलाइन भुगतान नहीं हो पा रहा है और उन्हें तत्काल आर्थिक मदद की आवश्यकता है। इस दौरान ठगों द्वारा 56 हजार रुपए की मांग की जा रही है, साथ ही उनकी तरफ से यह भी भरोसा दिया जा रहा है कि यह राशि दो घंटे के बाद लौटा दी जाएगी। हालांकि इस बात का पता चलते ही विधायक द्वारा पूर्वी दिल्ली जिला के साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत दी गई है। जिसके बाद इस बाबत साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
विधायक शर्मा ने की फोन हैक होने की पुष्टि
उधर, विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि सुबह उन्हें एक कॉल आया था, इसमें पार्सल डिलीवरी के नाम पर एक नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया। उन्हें इस कॉल पर शक हुआ और उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद जब दोबारा कॉल आया, तो उन्होंने सख्ती दिखाई, जिसके बाद कॉल करने वाले ने उन्हें धमकी दी।
विधायक को नहीं पता कैसे हैक हुआ फोन
विधायक के अनुसार, इसके तुरंत बाद उनके परिचितों को उनके नाम से पैसे मांगने वाले संदेश मिलने लगे, उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका फोन कैसे हैक हुआ। इस घटना की सूचना प्रीत विहार थाने में दी गई। उसके बाद साइबर थाने में ऑन लाइन शिकायत भी कर दी गई। वहीं ओम प्रकाश शर्मा ने अपने समर्थकों और आम जनता से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी कॉल या संदेश पर भरोसा न करें।
परिचितों को मैसेज भेजकर कर रहे अलर्ट
फोन हैक होने का पता चलने के बाद विधायक द्वारा अपने रिश्तेदारों व परचितों को एक मैसेज भेजकर अलर्ट किया जा रहा है। इस मैसेज में उन्होंने लिखा, ‘महत्वपूर्ण सूचना, मेरा WhatsApp अकाउंट हैक हो गया था। कृपया मेरे नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज पर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही कोई व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। अगर आपको कोई संदिग्ध मैसेज मिले, तो उसे नजर अंदाज करें। यदि किसी ने पहले ही कोई भुगतान कर दिया है, तो कृपया तुरंत साइबर सेल में 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करें।’
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


