काम की बात: एजेंट की गलती का खामियाजा ग्राहक नहीं भुगतेगा, उपभोक्ता आयोग ने इंश्योरेंस कंपनी को दिया झटका

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली में एक उपभोक्ता आयोग ने हेल्थ पॉलिसी लेने वाले बीमाधारक के हक में फैसला सुनाते हुए इंश्योरेंस कंपनी की दलीलों को खारिज कर दिया और पीड़ित को ब्याज सहित 20 लाख रुपये चुकाने का आदेश दिया है। 

delhi high court on defamation
Court Symbolic Image

निखिल पाठक, नई दिल्ली

बीमा एजेंट के जरिये ली गई हेल्थ पॉलिसी में जानकारी छिपाने का बहाना बनाकर क्लेम खारिज करना स्टार हेल्थ एवं एलाइड इंश्योरेंस कंपनी को भारी पड़ गया। पश्चिमी जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने 24 अगस्त को इंश्योरेंस कंपनी की दलीलों को खारिज करते हुए उपभोक्ता के हक में फैसला सुनाया है।

आयोग की अध्यक्ष सोनिका महरोत्रा, सदस्य ऋचा जिंदल और अनिल कुमार कौशल की बेंच ने स्पष्ट कहा है कि बीमा एजेंट की ओर से की गई किसी भी प्रकार की लापरवाही, धोखाधड़ी या गलती का खामियाजा ग्राहक नहीं भुगतेगा। यदि ग्राहक ने एजेंट को पुरानी बीमारी से जुड़े सही तथ्य और कागजात सौंप दिए थे, तो फॉर्म में जानकारी दर्ज नहीं करने के लिए सीधे तौर पर बीमा कंपनी ही जिम्मेदार मानी जाएगी।

आयोग ने कंपनी को उपभोक्ता को 20 लाख रुपये छह फीसदी सालाना ब्याज के साथ चुकाने का आदेश दिया। साथ ही कानूनी खर्च के 35 हजार रुपये अलग से देने होंगे।

क्या है मामला

यह मामला सुभाष नगर निवासी वरिंदर कुमार भसीन की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने वर्ष में इंश्योरेंस कंपनी के अधिकृत एजेंट गौरव मलिक के जरिए 10 लाख रुपये (नो-क्लेम बोनस मिलाकर 20 लाख रुपये) की ‘स्टार कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस’ पॉलिसी ली थी। पॉलिसी लेते वक्त भसीन ने एजेंट को स्पष्ट बताया था कि उनकी पत्नी सीमा भसीन का वर्ष 2014 में कैंसर का ऑपरेशन हो चुका है और वे खुद भी शुगर के मरीज हैं। उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट्स भी एजेंट को सौंपीं, लेकिन एजेंट ने दफ्तर में जाकर ब्योरा भरने का झांसा देकर सादे फॉर्म पर हस्ताक्षर करा लिए। जब पॉलिसी की कॉपी घर पहुंची तो उसमें पुरानी बीमारी के कॉलम में ‘नो-पीईडी (कोई पुरानी बीमारी नहीं)’ दर्ज था। भसीन ने सतर्कता दिखाते हुए अगस्त 2018 में एजेंट को ई-मेल और वॉट्सऐप के जरिये पत्नी की पुरानी कैंसर रिपोर्ट भेजी और रिकॉर्ड में सुधार करने को कहा था। उसके बाद भी एजेंट ने कहा कि कागजात सिस्टम में अपडेट कर दिए हैं।

बीमा दावा खारिज करना पड़ा महंगा

मई 2021 में भसीन की पत्नी सीमा को दोबारा कैंसर हुआ और 31 मई को मुंबई के एक अस्पताल में उनका ऑपरेशन हुआ। इलाज के दौरान 4 सितंबर 2021 को उनका निधन हो गया। पति ने इलाज पर खर्च हुए करीब 58.37 लाख रुपये में से 20 लाख रुपये के बीमा क्लेम के लिए आवेदन किया। कंपनी ने 5 अक्टूबर 2021 को यह कहते हुए दावा खारिज कर दिया कि पॉलिसी लेते समय कैंसर की जानकारी छिपाई गई थी। इसके बाद पीड़ित ने उपभोक्ता आयोग का रुख किया।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsबीमा एजेंट की गलती का खामियाजा ग्राहक नहीं भुगतेगा, उपभोक्ता आयोग का फैसला