मालिश कराते वक्त बहू से अश्लीलता करने वाले 80 साल के बुजुर्ग को अग्रिम जमानत; HC बोला- हिरासत में पूछताछ जरूरी नहीं
कोर्ट ने इस आशंका को भी मानने से इनकार कर दिया कि क्योंकि आरोपी के परिवार के दूसरे सदस्य कनाडा बसे हुए हैं, इसलिए अग्रिम जमानत देने पर वह भाग सकता है। कोर्ट ने कहा कि केवल इस आधार पर आरोपी को उसकी आजादी से दूर नहीं किया जा सकता और वह भी तब जब उसकी उम्र लगभग 80 साल है।

दिल्ली हाईकोर्ट ने बहू के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोपी 80 साल के बुजुर्ग को अग्रिम जमानत देते हुए कहा है कि स्त्रीधन की रिकवरी (वसूली) के लिए हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी नहीं है और ऐसी रिकवरी बेल कोर्ट के दायरे में नहीं आती है। उधर सुनवाई के दौरान आरोपी ससुर के वकील ने कहा कि बुजुर्ग पर आरोप केवल इस मकसद से लगाए गए हैं कि पति-पत्नी के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद में शिकायतकर्ता के पति और आरोपी के बेटे पर दबाव बनाने के लिए ही बुजुर्ग पर ये आरोप लगाए गए हैं।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस अधिकारी के दावे पर उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें उसने दावा किया था कि बार-बार नोटिस देने के बाद भी आरोपी जांच में शामिल नहीं हुआ। जिसके बाद कोर्ट ने उनसे इस मामले में आरोपी को दिए गए नोटिस पेश करने को कहा, तब अधिकारी ने बताया कि ये सभी नोटिस लिखित में ना देकर मौखिक रूप से दिए गए थे। तब सख्त टिप्पणी करते हुए कोर्ट ने कहा कि कथित नोटिस से जुड़ी कोई केस डायरी तक पेश नहीं की गई और जांच अधिकारी का काम भरोसा दिलाने में नाकाम रहा।
वैवाहिक विवाद के मामले में दी अग्रिम जमानत
जस्टिस गिरीश कथपालिया ने ये बातें लगभग 80 साल के रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को IPC के सेक्शन 354, 354A, 376, 498A, 406 और 34 और BNS के सेक्शन 74 के तहत आरोपों से जुड़े एक वैवाहिक विवाद के मामले में अग्रिम जमानत देते हुए कहीं।
इस मामले में शुरू में 29 अप्रैल, 2026 को सेक्शन 498A और 406 IPC के तहत दर्ज की गई थी। इसके बाद, सेक्शन 354, 354A और 376 IPC और BNS का सेक्शन 74 जोड़ा गया। इस मामले में शिकायतकर्ता महिला ने अपने ससुर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। FIR के मुताबिक, आरोपी ने कई मौकों पर महिला का यौन उत्पीड़न किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की।
मालिश करते वक्त हाथ को प्राइवेट पार्ट की तरफ खींचा
FIR में अपने आरोपों से जुड़ी एक घटना के बारे में बताते हुए शिकायतकर्ता महिला ने दावा किया कि जब वह आरोपी ससुर के पैरों की मालिश कर रही थी, तो आरोपी ने उसके हाथों को अपने प्राइवेट पार्ट्स की तरफ खींच लिया था। उसने यह भी आरोप लगाया कि मई 2022 में, आरोपी ने उसे जबरदस्ती बिस्तर पर धकेल दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
पीड़ित बोला- बेटे पर दबाव बनाने मुझ पर आरोप लगाए
उधर सुनवाई के दौरान अपना बचाव करते हुए आरोपी ने तर्क दिया कि शिकायतकर्ता की तरफ से यह सभी आरोप उसके बेटे और शिकायतकर्ता के पति पर शादी के झगड़े के सिलसिले में दबाव डालने के लिए लगाए गए थे। हालांकि अभियोजन पक्ष ने अग्रिम जमानत याचिका का विरोध करते हुए तर्क दिया कि हिरासत में पूछताछ ज्यादा असरदार थी और जांच की शुरुआती स्टेज में ही की गई थी।
कोर्ट ने आरोपी और शिकायतकर्ता के फैमिली फोटोज भी देखे
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने रिकॉर्ड में रखे गए फैमिली फोटोज पर भी विचार किया, जिनमें आरोपी, शिकायतकर्ता और उनका बच्चा एक साथ दिखाई दे रहा था। हालांकि, कोर्ट ने बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि इन बातों पर सिर्फ अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला करने के लिए विचार किया गया था और आखिरी फैसला ट्रायल कोर्ट को ट्रायल के दौरान पेश किए गए सबूतों के आधार पर लेना होगा।
'इतनी लंबी चुप्पी को सही ठहराने के सबूत नहीं मिले'
अग्रिम जमानत के सीमित मकसद के लिए आरोपों पर विचार करते हुए, कोर्ट ने कहा कि कथित यौन अपराध मई 2022 या उससे पहले होना बताए गए हैं, जबकि FIR 29 अप्रैल, 2026 को दर्ज की गई। कोर्ट ने यह भी नोट किया कि FIR में कथित अपराधों की कोई खास तारीख नहीं बताई गई है और कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा इतनी लंबी चुप्पी को सही ठहराने के लिए कोई ठोस हालात नहीं मिले।
आरोपी के कनाडा भागने की आशंका को भी कोर्ट ने खारिज किया
कोर्ट ने प्रॉसिक्यूशन (अभियोजन) की इस आशंका को भी खारिज कर दिया कि क्योंकि आरोपी के परिवार के दूसरे सदस्य कनाडा बसे हुए हैं, इसलिए अग्रिम जमानत मिलने पर उसके भागने का खतरा है। कोर्ट ने कहा कि केवल इस आधार पर आरोपी को उसकी आजादी से दूर नहीं किया जा सकता और वह भी तब जब उसकी उम्र लगभग 80 साल है।
जिसके बाद कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली और निर्देश दिया कि आरोपी की गिरफ्तारी की स्थिति में, उसे 25 हजार रुपए के पर्सनल बॉन्ड और उतनी ही रकम की एक श्योरिटी देने पर जमानत पर रिहा कर दिया।


