भागने नहीं दूंगा.. इस गैंगेस्टर ने ली दिल्ली में जिम ट्रेनर मर्डर की जिम्मेदारी
दिल्ली के आया नगर में सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने जिम ट्रेनर विजय लोहिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आपसी दुश्मनी के कारण हत्या के संदेह को लेकर चल रही जांच के बीच मामले में नया मोड़ आ गया है।

दिल्ली के आया नगर में सोमवार को सुबह जिम ट्रेनर विजय लोहिया की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। जिम के बाहर घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उन पर करीब 12 से 15 राउंड फायरिंग की थी। इस बीच विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। अब दिल्ली पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
किसी को भागने नहीं दूंगा… गैंगस्टर हिमांशु भाऊ
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के नाम से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह दावा हत्या से जुड़ा है। हिमांशु भाऊ के नाम से किए गए एक पोस्ट में गैंगस्टर ने हिंदी में धमकी दी कि मैं किसी को भागने नहीं दूंगा। भागने से काम नहीं चलेगा मैदान में आओ। पोस्ट में 'भाऊ गैंग' और 'सिंस-2020' का जिक्र था।
आपसी रंजिश में हो चुके हैं दो कत्ल
फतेहपुर बेरी के रहने वाले विजय लोहिया की सोमवार को सुबह के वक्त करीब 10 बजे आया नगर में हंसा चौक के पास बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को शक है कि यह हमला दो परिवारों के बीच पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हो सकता है। आपसी रंजिश में पहले भी दो लोगों की जान जा चुकी है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
संदिग्धों ने की कई राउंड फायरिंग
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (दक्षिण) अनंत मित्तल ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलने के बाद एक टीम मौके पर पहुंची। दो संदिग्धों ने कई राउंड फायरिंग की। इससे एक व्यक्ति को जानलेवा चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई। फतेहपुर बेरी पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 103 (हत्या) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
बहाने से जिम के बाहर बुलाया और गोलियों की बौछार
दक्षिण दिल्ली पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि जिम ट्रेनर विजय लोहिया को बहाने से जिम के बाहर बुलाया गया। उससे कहा गया कि कोई बाहर आया है और उससे बात करना चाहता है। बाहर निकलते ही उस पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने विजय पर कथित तौर पर 12 से 15 राउंड फायरिंग की। विजय को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया पर भी शक
वहीं पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को लोहिया हत्याकांड में गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के शामिल होने का भी शक है। दिल्ली पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हमला हरियाणा के शूटरों ने तो अंजाम नहीं दिया था। पुलिस विदेश में रहने वाले हिमांशु भाऊ के नाम से किए गए पोस्ट की सच्चाई भी जांच रही है। दिल्ली पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उक्त दावे का हत्या से कोई संबंध है?


