Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़cracks in shimla minister visits area committee formed investigation ordered
शिमला के चलौंठी में घरों में दरारें; मंत्री के दौरा, कमेटी गठित, जांच के निर्देश

शिमला के चलौंठी में घरों में दरारें; मंत्री के दौरा, कमेटी गठित, जांच के निर्देश

संक्षेप:

Himachal Pradesh Shimla Cracks: शिमला के चलौंठी क्षेत्र में हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। कई रिहायशी मकानों में दरारें आ गई हैं। मामला मकानों तक सीमित नहीं है। संजौली-ढली बाईपास सड़क के किनारे भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। एक बहुमंजिला भवन को खाली करा लिया गया है।  

Jan 10, 2026 07:04 pm ISTKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share Share
Follow Us on

शिमला के चलौंठी क्षेत्र में फोरलेन टनल निर्माण से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। कई रिहायशी मकानों में दरारें आ गई हैं। एक बहुमंजिला भवन को खाली करा लिया गया है। आसपास के अन्य मकानों को भी खतरे की जद में बताया जा रहा है। घरों में दरारों के बाद संजौली-ढली बाईपास सड़क के किनारे भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। मौके पर पुलिस और अन्य विभागों की टीमों को तैनात किया गया है। पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कई मकानों में दरारें, नुकसान का आकलन करेगी कमेटी

बताया जाता है कि टनल के भीतर हो रही ब्लास्टिंग के कारण कई रिहायशी मकानों में दरारें आ गई हैं। इससे लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। स्थिति को गंभीर मानते हुए उपायुक्त शिमला ने नुकसान के आकलन के लिए एक जांच कमेटी का गठन कर दिया है।

सड़क के किनारे भी दरारें

स्थानीय लोगों ने बताया कि दरारें घरों तक सीमित नहीं हैं। संजौली-ढली बाईपास सड़क के किनारे भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। बीती रात हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन ने एहतियातन एक बहुमंजिला भवन को खाली करवाया था। आसपास के अन्य मकानों को भी खतरे की जद में बताया जा रहा है।

प्रभावितों को दूसरे जगह किया शिफ्ट

प्रभावित परिवारों को देर रात ही सुरक्षित स्थान पर किसान भवन में शिफ्ट किया गया। प्रशासन की ओर से मौके पर पुलिस और अन्य विभागों की टीमों को तैनात किया गया।

मंत्री ने लिया हालात का जायजा

शनिवार सुबह मंत्री अनिरुद्ध सिंह चलौंठी पहुंचे और क्षतिग्रस्त भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी।

प्रभावितों को तुरंत राहत देने के निर्देश

मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने एनएचएआई अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को तुरंत राहत दी जाए और मुआवजा प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न की जाए। फोरलेन परियोजना से प्रभावित लोगों की समस्याएं लंबे समय से सामने आ रही हैं।

2 से 3 मकानों को कराना पड़ा खाली

मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि टनल निर्माण में की जा रही ब्लास्टिंग के कारण यहां 2 से 3 मकानों को खाली करवाना पड़ा है, जबकि आसपास और ऊपर की ओर बने अन्य मकानों को भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वह पहले भी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से बात कर चुके हैं।

मकानों तक सीमित नहीं रहा असर

टनल निर्माण का असर सिर्फ मकानों तक सीमित नहीं रहा है। संजौली-ढली बाईपास सड़क के किनारे भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से इस सड़क को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लापरवाही बरतने के आरोप

वहीं प्रभावित परिवारों ने एनएचएआई पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले भी निर्माण कार्य से हो रहे नुकसान की शिकायतें दी थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग से उनके घरों की हालत खराब हो गई और अब जान का खतरा पैदा हो गया है।

प्रभावितों को दिया जाएगा मुआवजा

इस बीच उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने नुकसान के आकलन के लिए एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर ही प्रभावितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

जांच के आदेश

उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल फोरलेन निर्माण कार्य को पूरी तरह से रोक दिया गया है। उपायुक्त ने यह भी कहा कि स्टेट जियोलॉजिस्ट को नुकसान के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं और वह भी अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह में सौंपेंगे। शनिवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्वयं चलौंठी पहुंचकर प्रभावित घरों का निरीक्षण किया और लोगों से बातचीत कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh
पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों से केबी उपनाम से पहचान रखने वाले कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह लोकमत, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। मूलरूप से यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लॉ और साइंस से ग्रेजुएट केबी ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमफिल किया है। वह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।