नूंह में एनकाउंटर! मारा गया गौतस्कर शाहिद; थार में भर ले जा रहा था गौवंश
नूंह पुलिस ने गौतस्कर शाहिद उर्फ आडवाणी को एनकाउंटर में मार गिराया है। आडवाणी अपराध जगत का जाना-पहचाना नाम बन चुका था। गुरुवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और शाहिद के बीच फायरिंग हुई, जिसमें आडवाणी मारा गया।

नूंह पुलिस ने गौतस्कर शाहिद उर्फ आडवाणी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। गुरुवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वांटेड गोतस्कर को गोली लगी थी, जिसमें उसकी मौत हो गई। क्राइम ब्रांच नूंह की टीम और काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी में अवैध रूप से पशुओं की तस्करी कर रहे शातिर बदमाशों के बीच हुई आमने-सामने की मुठभेड़ में दो दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांक्षित एक कुख्यात तस्कर ढेर हो गया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गए बदमाश की पहचान शाहीद उर्फ आडवाणी निवासी खरखड़ी जिला नूंह के रूप में हुई है। इस पूरी घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
थार से कर रहा था गोतस्करी
क्राइम ब्रांच नूंह की टीम को इनपुट मिला था कि कुछ कुख्यात पशु तस्कर काले रंग की एक थार गाड़ी के जरिए अवैध रूप से मवेशियों को ले जा रहे हैं। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए मार्ग पर नाकाबंदी कर दी और हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहन पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ ही देर में जैसे ही संदिग्ध काले रंग की थार तेज रफ्तार में वहां से गुजरी, पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का स्पष्ट इशारा किया,लेकिन बेखौफ तस्करों ने अंजाम देते हुए थार के अंदर से ही पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
अपराध जगत का जाना-पहचाना चेहरा था साजिद उर्फ आडवाणी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस मुठभेड़ में मारा गया 27 वर्षीय साजिद उर्फ आडवाणी कोई साधारण अपराधी नहीं था, बल्कि वह मेवात और गुरुग्राम क्षेत्र में अपराध की दुनिया का एक बड़ा और खूंखार नाम था। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, पशु तस्करी, अवैध हथियार रखने और वाहन चोरी जैसे संगीन अपराधों के लगभग दो दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल था और इलाके में उसका खौफ था।
साजिद उर्फ आडवाणी की आपराधिक फेरिहरत बेहद शातिर और दुस्साहसिक रही है। साजिद को पहली बार मार्च 2018 में पटौदी क्षेत्र से हुई एक कार चोरी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था, जिससे उसके कई संगीन राज खुले थे। अपनी गिरफ्तारी के बाद, जब बिलासपुर क्राइम ब्रांच की टीम उसे एक एटीएम चोरी के मामले में रिकवरी और तस्दीक के लिए वारदात के स्थान पर ले जा रही थी, तब साजिद ने बेहद शातिर तरीके से शौचालय जाने का बहाना बनाया। मौका मिलते ही वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस सनसनीखेज फरार होने की घटना के बाद से ही वह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था।
पुलिस ने मुठभेड़ में मारे गए तस्कर साजिद उर्फ आडवाणी के शव को कब्जे में लेकर स्थानीय सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। नियमानुसार मजिस्ट्रेट की निगरानी और मेडिकल बोर्ड के पैनल द्वारा शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने घटनास्थल से थार गाड़ी, बचे हुए अवैध हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य फोरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिए हैं। इस संबंध में संबंधित पुलिस थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।


