‘मारने की धमकी देते थे… दाह संस्कार साथ हो’; लव मैरिज करने वाले भाई-बहन के सुसाइड नोट में क्या-क्या बात

लाइव हिन्दुस्तान, गाजियाबाद। हिन्दुस्तान
share

गाजियाबाद में एक नवविवाहित जोड़े ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुसाइड करने वाले पति-पत्नी रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे, जिन्होंने 17 फरवरी को कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस को मौके से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दोनों ने लड़की के परिजनों से जान का खतरा बताया है।

Ghaziabad Piyush and Nisha Suicide

गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के महेंद्रा एंक्लेव में फर्रुखाबाद निवासी नवविवाहित जोड़े ने आत्महत्या कर ली। मंगलवार को दोनों के शव फंदे पर लटके मिले। पुलिस के मुताबिक, सुसाइड करने वाले पति-पत्नी रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे, जिन्होंने घर से भागकर 17 फरवरी को गाजियाबाद में कोर्ट मैरिज की थी। इस शादी से लड़की के परिवारवाले खुश नहीं थे। मौके से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दोनों ने लड़की के परिजनों से जान का खतरा बताया है।

मूलरूप से थाना कायमगंज, जिला फर्रुखाबाद के गांव अल्लापुर निवासी पीयूष सिंह और निशा महेंद्रा एंक्लेव के एफ-ब्लॉक में सोहनवीर सिंह के मकान में किराये पर रह रहे थे। पीयूष मजदूरी कर अपनी आजीविका चला रहा था। दोनों ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार दोपहर मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शवों को नीचे उतारा और परिजनों को घटना की सूचना दी।

एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने अंदेशा जताया है कि नवविवाहित जोड़े ने सोमवार देर रात फांसी लगाई थी। मंगलवार दोपहर बाद तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर पड़ोसी किरायेदारों ने खिड़की से झांककर देखा तो दोनों के शव फंदे पर लटके मिले। एसीपी ने बताया कि पीयूष सिंह और निशा आपस में चचेरे भाई-बहन थे। दोनों 16 फरवरी को घर से लापता हुए थे।

मौके से मिले सुसाइड नोट से पता चला है कि पीयूष और निशा ने 17 फरवरी को गाजियाबाद कोर्ट में शादी की थी। इस शादी से निशा के परिजन खुश नहीं थे। वह उन्हें और पीयूष के परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। अंदेशा है कि लोकलाज और निशा के परिजनों के दबाव में ही दोनों ने आत्महत्या कर ली। दोनों के परिजनों के पहुंचने पर उनसे पूछताछ की जाएगी।

घर लाने की कोशिश में जुटे थे परिजन : घर से अचानक लापता हुए चचेरे भाई-बहन को परिवार के लोग वापस घर लाने की कोशिश में थे, पर दोनों ने अपना ठिकाना भी बदल लिया था। परिजन उन्हें ढूंढने के लिए पांच दिन पहले गाजियाबाद भी गए थे। परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले मौत की खबर आ गई।

‘मारकर जेल जाने की धमकी देते थे’

सुसाइड नोट में पीयूष ने लिखा कि उसने अपनी मर्जी से निशा से कोर्ट मैरिज की थी। निशा के घरवालों को यह मंजूर नहीं था। वह आए दिन उन्हें और उसके परिवार को धमकी देते थे कि उनके तीन बेटे हैं। एक बेटा दोनों को मारकर जेल चला जाएगा, तब भी दो बेटे बचे रहेंगे। निशा के घरवालों ने उसे ढूंढने की भी कोशिश की थी। एक दिन उसके नए नंबर पर कविनगर थाने के एसआई तेजवीर सिंह की कॉल आई तो उन्होंने मुझे समझाया। बाद में उसके बयान सुनकर उन्होंने उसे छोड़ दिया।

साथ जी नहीं सकी, पर मर तो सकती हूं...

सुसाइड नोट में निशा ने लिखा कि वह अपनी मौत की खुद जिम्मेदार है। उसके पार्टनर का इस फैसले में कोई दबाव नहीं है। मैं अपने पार्टनर के साथ जीवित तो नहीं रह सकी, पर मर तो सकती हूं। दोनों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि मरने के बाद हमारा दाह संस्कार एक साथ कराया जाए। निशा ने लिखा कि वह अपने घर से दो जोड़ी पाजेब ही लाई है। अगर कोई व्यक्ति कुछ अन्य सामान लाने का आरोप लगाता है तो वह बिल्कुल झूठ है। अगर उसके इस फैसले से परिवार, रिश्तेदार, दीदी, मां-पापा को बुरा लगे तो मेरी इतनी ही जिंदगी समझकर माफ कर देना।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर News‘मारने की धमकी देते थे…’; लव मैरिज करने वाले भाई-के सुसाइड नोट में क्या-क्या बात