नूंह में पशु तस्करी रोकने के दौरान कांस्टेबल की मौत, तीन साल पहले पुलिस में भर्ती हुए थे
फरीदाबाद के नूंह में पशु तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि एक ईएसआई घायल हो गया। पुलिस ने कैंटर से 15 पशुओं को मुक्त करवाया है और अलग-अलग दो मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पशु तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुरुवार तड़के कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पशु तस्करों के कैंटर में टक्कर मार दी। इससे कैंटर के पास खड़े सिपाही की मौत हो गई, जबकि ईएसआई घायल हो गया।
पुलिस ने कैंटर से 15 पशुओं को मुक्त करवाया है। पुलिस ने अलग-अलग दो मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सीएस एवं पीओ स्टाफ पुन्हाना की टीम गुरुवार तड़के करीब 4:00 बजे थाना मोहम्मदपुर अहीर क्षेत्र में केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोयला गांव के पास गश्त कर रही थी। सूचना मिली थी कि एक कैंटर में पशुओं को भरकर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान कैंटर के टायर पंक्चर हो गए। इस दौरान पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर एक्सप्रेसवे के साइड में खड़ा करवा दिया। वहीं उसमें से 15 पशुओं को मुक्त करवा लिया। पुलिस ने आरोपी चालक यूपी के कानपुर देहात जिले के अंतर्गत मंडोली गांव निवासी रानू सिंह को काबू कर लिया। इसी दौरान पुलिस ने इस मामले की कार्रवाई में जुटी हुई थी। पलवल के थंथरी गांव निवासी सिपाही गिरीश और ईएसआई मुकेश कुमार कैंटर के पास खड़े हुए थे। कैंटर को पकड़ने के करीब 20 मिनट बाद मानेसर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने एक्सप्रेसवे किनारे खड़े कैंटर में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर से वहां मौजूद सिपाही गिरीश और ईएसआई मुकेश कुमार उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे में सिपाही गिरीश कैंटर के पिछले पहिए के नीचे आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ईएसआई मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
सिपाही गिरीश पलवल जिले के थंथरी गांव के रहने वाले थे। लगभग तीन वर्ष पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। कर्तव्य का पालन करने के दौरान हुई उनकी शहादत से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है। पशु तस्करी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पशुओं को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया है। वहीं, दुर्घटना के मामले में फरार ट्रक चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।


