Hindi Newsएनसीआर NewsCongress MLA Maman Khan seeks Z+ security; expresses threat from Lawrence Bishnoi, Rohit Godara gang
कांग्रेस विधायक मामन खान ने मांगी Z+ सुरक्षा; लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा गैंग से जताया खतरा

कांग्रेस विधायक मामन खान ने मांगी Z+ सुरक्षा; लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा गैंग से जताया खतरा

संक्षेप:

उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राज्य सरकार और केंद्र सरकार से जेड या जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने और बिना कोर्ट की अनुमति के सुरक्षा में कोई भी कटौती नहीं करने के निर्देश देने की मांग की है।

Dec 23, 2025 07:29 pm ISTRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नूंह
share Share
Follow Us on

हरियाणा के नूंह जिले की फिरोजपुर झिरका विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मामन खान ने अपनी जान को गंभीर खतरा होने की बात सरकार और कोर्ट में पहुंचाई है। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राज्य सरकार और केंद्र सरकार से जेड या जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने और बिना कोर्ट की अनुमति के सुरक्षा में कोई भी कटौती नहीं करने के निर्देश देने की मांग की है। हाईकोर्ट ने केंद्र व हरियाणा सरकार को 22 जनवरी तक जवाब दायर करने का आदेश दिया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

लारेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग से खतरा

याचिका में विधायक मामन खान ने कहा है कि वह एक संवेदनशील और सांप्रदायिक रूप से नाजुक क्षेत्र से आते हैं और लगातार सक्रिय राजनीतिक जीवन में हैं। उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और सरकार की नीतियों की मुखर आलोचना के चलते उन्हें संगठित आपराधिक गिरोहों से लगातार धमकियां मिल रही हैं। याचिका में कुख्यात गैंगस्टरों लारेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा से जुड़े तत्वों द्वारा निगरानी और संभावित हमले की आशंका का जिक्र किया गया है।

निजी वाहनों को कराया गया बुलेटप्रूफ, लेकिन…

जनवरी 2025 में नूंह के पुलिस अधीक्षक द्वारा विधायक के निजी वाहन को बुलेटप्रूफ कराने की अनुमति दी गई थी, जिसमें स्पष्ट रूप से गंभीर खतरे का उल्लेख किया गया था। उन्हें उपलब्ध कराई गई सुरक्षा न तो पर्याप्त है और न ही नियमित रूप से तैनात रहती है। इससे उनकी और उनके परिवार की जान को खतरा बना रहता है। उन्हें अस्थायी रूप से नूंह से गुरुग्राम ​शिफ्ट करना पड़ा।

सुरक्षा बढ़ाने का लिखित आवेदन भी दिया

याचिका में विधायक मामन खान ने आरोप लगाया है कि 3 नवंबर 2025 को उन्होंने मुख्यमंत्री और संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को लिखित रूप से सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक न तो उन आवेदनों पर कोई निर्णय लिया गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। अदालत अंतरिम आदेश पारित कर याचिका के लंबित रहने तक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कटौती पर रोक लगाए और एक स्वतंत्र, खुफिया-आधारित थ्रेट असेसमेंट कराकर उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दें।

नूंह हिंसा भड़काने के आरोप में हुए थे गिरफ्तार

कांग्रेस विधायक मामन खान को नूंह हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। नूंह में हिंसा की घटना 31 जुलाई 2023 को हुई थी, जिसमें छह लोगों की जान चली गई थी और निजी और सार्वजनिक संपत्ति का भारी नुकसान हुआ था। नूंह हिंसा का मुख्य सरगना बताते हुए हरियाणा सरकार ने 10 सितंबर, 2025 को उनकी जमानत रद्द करने की हाईकोर्ट से गुहार लगाई थी, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। इस मामले में जेल में बंद वरिष्ठ कांग्रेस नेता मामन खान को 18 अक्टूबर 2023 को निचली अदालत ने जमानत दे दी थी।

रिपोर्ट: मोनी देवी

Ratan Gupta

लेखक के बारे में

Ratan Gupta
IIMC दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद लाइव हिन्दुस्तान में बतौर कंटेट प्रोड्यूसर हैं। खबरों की दुनिया के अलावा साहित्य पढ़ना, फिल्में देखना और गाने सुनना पसंद है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।