
बम धमाके के पीड़ित की तस्वीर पर भद्दा मजाक, कांग्रेस नेता ने लिखा- हंस-हंस कर पेट में दर्द
लाल किले के पास हुए कार धमाके में घायल एक पीड़ित संग पीएम मोदी की तस्वीर संग भद्दा मजाक किया गया है तो कांग्रेस की एक महिला नेता ने कहा कि हंस-हंसकर उनके पेट में दर्द हो गया है।
दिल्ली में हुए आतंकी हमले और विस्फोट की जद में आए लोगों के जख्मों पर भी राजनीति से नेता बाज नहीं आ रहे हैं। लाल किले के पास हुए कार धमाके में घायल एक पीड़ित संग पीएम मोदी की तस्वीर संग भद्दा मजाक किया गया है तो कांग्रेस की एक महिला नेता ने कहा कि हंस-हंसकर उनके पेट में दर्द हो गया है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने एक्स पर यह विवादित ट्वीट किया है। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें बम धमाके में जख्मी हुए शख्स संग पीएम मोदी बातचीत करते दिख रहे हैं। लेकिन वीडियो को एडिट करके इसमें राजू श्रीवास्तव के एक चुटकुले का ऑडियो लगा दिया गया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए रागिनी नायक ने लिखा, 'हंस-हंस कर पेट में दर्द हो गया।' कांग्रेस नेता ने इसके साथ स्माइली वाली इमोजी भी लगाई है।
रागिनी नायक को इस टिप्पणी की वजह से आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। उनके पोस्ट पर टिप्पणी करने वाले अधिकतर यूजर्स ने अपना गुस्सा जाहिर किया। एक यूजर ने लिखा, 'रागिनी नायक जी अच्छी कॉमेडी कर लेती हैं लेकिन बहन जी इसका एक समय होता है। इस घटना को कॉमेडी से जोड़ना आप अपने आप सोच कर देखिए जो व्यक्ति हॉस्पिटल में है गंभीर रूप से घायल है, प्रधानमंत्री जी जाते हैं और आप उनकी कॉमेडी बनाते हैं। कांग्रेस की कॉमेडी बन चुकी है जनता आप पर हंस रही है।' एक अन्य ने लिखा, 'इतने संवेदनशील है ये लोग, फिर ये बोलते है हम सत्ता में क्यों नहीं आ रहे है।'
सोमवार को दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई तो कम से कम 20 लोग घायल हो गए। फरीदाबाद के अल फलाह यूनिवर्सिटी के कुछ डॉक्टरों के आतंकी मॉड्यूल ने इस घटना को अंजाम दिया है।



