जिसने जंतर-मंतर जाकर दिया साथ, अब उसी ने कर दिया कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध
नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को जंतर-मंतर जाकर ऐक्ट्रेस और मॉडल पूनम पांडे ने समर्थन दिया था। लेकिन अब उन्होंने इसका विरोध किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। एक तरफ जहां इसके नेताओं पर कानूनी शिंकजा कसने लगा है तो दूसरी तरफ इसके विरोध में भी लोग सड़कों पर उतरने लगे हैं। इस बीच एक ऐसी शख्सियत ने भी सीजेपी की ओर से किए जा रहे आंदोलन और पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग को देश के साथ मजाक करार दिया है, जिसने नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर जाकर समर्थन किया था।
नीट पेपर लीक के खिलाफ जून-जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान छात्रों के मुद्दों को देखते हुए बहुत से आम और खास लोग सीजेपी का समर्थन करने पहुंचे थे। खासकर 18 जुलाई को सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से उठाए जाने के बाद जंतर-मंतर पर भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान ऐक्ट्रेस पूनम पांडे ने भी वहां जाकर सीजेपी का समर्थन किया था और सरकार से जल्दी छात्रों के हित की बात सुनने को कहा था।
अब जब सीजेपी देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के इस्तीफे की मांग करते हुए आंदोलन चला रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी इस्तीफा मांग रही है तो पूनम पांडे ने इसे मजाक करार दिया है। तीन महीने बाद ही पूनम पांडे के विचार काफी बदल चुके हैं। उन्होंने ऐक्टर इमरान खान को देश छोड़ने के मिले नोटिस पर कहा कि वह अमेरिकी नागरिक हैं तो देश के आंतरिक मुद्दों पर दखल नहीं देना चाहिए था। उन्होंने आगे कहा, ‘वैसे ही यहां बहुत ड्रामा चल रहा है। आधे से ज्यादा लोगों को तो पता भी नहीं वो लड़ क्यों रहे हैं। आधे बच्चों को पता भी नहीं कि वो वहां बैठे क्यों हैं। जो चल रहा है ना वह बहुत अनहेल्दी है, हमारे देश के लिए ठीक नहीं है।’
जिसका मन चाहे मांग रहा पीएम का इस्तीफा, ऐसे थोड़ी चलता है देश: पूनम पांडे
सीईसी के साथ पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग और रेजीम चेंज तक की घोषणाओं को लेकर मॉडल पूनम पांडे ने कहा, ‘देश का मजाक ही तो उड़ाया जा रहा है। फिलहाल क्या हो रहा है, जिसका मन चाहे सीधा उठकर बोल देते हैं प्राइम मिनिस्टर इस्तीफा दो। ये क्या बात हो गई। मतलब वो तु्म्हारे घर के कौन हैं, तुम्हारे पड़ोसी हैं क्या। वह देश के प्रधानमंत्री हैं। मतलब वो कौन हैं उनका नाम तो देखिए, ऐसे थोड़ी ना देश चलता है।’
कनॉट प्लेस में भी हुआ विरोध
शुक्रवार को जब कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में लहरा दो तिरंगा कार्यक्रम के लिए समर्थकों को बुलाया तो बड़ी संख्या में लोग विरोध में जुट गए। खासकर कनॉट प्लेस के कारोबारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी, दिल्ली पुलिस के समर्थन में और सीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की। खुद अभिजीत दीपके और नेहा बोरा जैसे युवा नेता कनॉट प्लेस जाने से पहले हिरासत में ले लिए गए तो समर्थक भी बहुत कम संख्या में पहुंचे।

