‘यह विरोध यहीं खत्म…’; दिल्ली में ‘दम’ दिखाकर कॉकरोच पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने केंद्र को दी वॉर्निंग

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने कहा कि अगर 7 दिन में धर्मेंद्र प्रधान को नहीं हटाया गया तो आंदोलन को देशभर में फैलाया जाएगा।

‘यह विरोध यहीं खत्म…’; दिल्ली में ‘दम’ दिखाकर कॉकरोच पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने केंद्र को दी वॉर्निंग

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद यह दावा किया कि इस प्रदर्शन से सरकार को एक कड़ा और बड़ा संदेश गया है। साथ ही, उन्होंने कहा कि यह प्रोटेस्ट यहीं खत्म नहीं होता।अभिजीत ने चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार अगले 7 दिन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नहीं हटाती या वो खुद इस्तीफा नहीं देते तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

अभिजीत ने बयान में जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए लोगों का धन्यवाद करते हुए इसे एक ऐतिहासिक और शांतिपूर्ण आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि कई लोग पहली बार विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जो शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी निराशा जाहिर करना चाहते थे।

कॉकरोच पार्टी के मुखिया ने कहा, “यह विरोध यहीं खत्म नहीं होता। धर्मेंद्र प्रधान ने पूरी पीढ़ी के साथ गलत किया है। अगर उन्हें अगले 7 दिनों में हटाया नहीं गया या वे खुद इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हमें अपना विरोध जारी रखने के लिए जमीन पर आने को मजबूर होना पड़ेगा।”

अभिजीत दीपके के आज अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''कल हममें से हजारों लोगों ने इतिहास रचा। जंतर-मंतर पर हमारे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन ने सरकार को दिखा दिया कि जब हम एकजुट होते हैं, तो 'कॉकरोच' क्या-क्या कर सकते हैं। कल हमारे साथ शामिल होने वाले अधिकतर लोगों ने पहले कभी किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया था, लेकिन हमारी सामूहिक मौजूदगी से उन्हें हिम्मत मिली कि वे शिक्षा व्यवस्था के प्रति अपना गुस्सा और निराशा जाहिर कर सकें। अगर हम अपनी आवाज नहीं उठाएंगे, तो बदलाव नहीं आ सकता।''

शांतिपूर्ण विरोध ही हमारी सबसे बड़ी ताकत : अभिजीत

उन्होंने आगे लिखा, ''मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं छोटे बच्चों और छात्रों समेत जिन्होंने गर्मी की तेज धूप के बावजूद यह साबित किया कि शांतिपूर्ण विरोध ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सरकार एक एकजुट और शांतिपूर्ण आंदोलन का कुछ नहीं बिगाड़ सकती। हम 'कॉकरोचों' को उनसे कभी डरने की जरूरत नहीं है।''

CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि हम सरकार को सात दिन का समय दे रहे हैं। या तो धर्मेंद्र प्रधान सम्मानपूर्वक इस्तीफा दें या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें बर्खास्त करें। अगर सात दिनों के भीतर उनका इस्तीफा नहीं आता है, तो यह आंदोलन पूरे देश में फैल जाएगा।उन्होंने कहा कि अब हमारे शिक्षा तंत्र को नए सिरे से व्यवस्थित करने का समय आ गया है और हमने आज इसकी शुरुआत कर दी है।

नितिन नवीन ने अभिजीत दीपके पर किया कटाक्ष

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति की ओर धकेलने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा कि विदेश में बैठे कुछ लोग सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा दे सकते हैं, लेकिन युवा कुछ लोगों के हाथों की कठपुतली नहीं बनने वाले। आज के युवा राष्ट्र निर्माण और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम करना चाहते हैं, लेकिन कुछ ताकतें देश के युवाओं को सत्ता विरोधी बनाने की कोशिश कर रही हैं। नितिन नवीन ने कहा कि जो लोग देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति की ओर धकेलना चाहते हैं, मैं उन्हें चेतावनी देता हूं कि भारत के युवा सकारात्मक राजनीति का चुनाव करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन लोकतांत्रिक मानदंडों के भीतर।

उन्होंने कहा, "पड़ोसी देशों में हमने जो सत्ता-विरोधी आंदोलन देखे हैं, वे देश के उन युवाओं के लिए कभी भी उपयुक्त नहीं हो सकते, जो अनुशासित तरीके से राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।"

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।