'कॉकरोच जनता पार्टी' ने बताया 6 जून के विरोध-प्रदर्शन का मकसद, हिंसा होने की आशंका का भी दिया जवाब

पीटीआई, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ताओं और नेताओं ने सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा।

 CJP spokesperson Ashutosh Ranka says, "Cockroach Janta Party calls for 'peaceful and democratic' protests

देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) आगामी 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा विरोध-प्रदर्शन करने जा रही है। इसे लेकर पार्टी के प्रवक्ता आशुतोश रांका का कहना है कि यह विरोध-प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा, और इस बारे में जो भी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वो पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन किसी भी प्रकार की हिंसा का समर्थन नहीं करता है और प्रदर्शन के दौरान हिंसा से जुड़ी जो भी बातें कही जा रही हैं, वो सब हमारे खिलाफ साजिश है।

CJP प्रवक्ता ने आगे कहा कि उनके विरोध-प्रदर्शन का एकमात्र उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगना है। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई वास्तविक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस द्वारा की गई एक टिप्पणी के विरोध में सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में बनाया गया एक हैंडल है, जिसे युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिला है। इस पेज को अमेरिका में रह रहे एक भारतीय युवक अभिजीत दीपके ने बनाया था और अब वह 6 जून को इसी के बैनर तले दिल्ली में एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं।

'हम किसी भी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करते'

इस बारे में गुरुवार को दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, 'हमने और अभिजीत दीपके ने शुरुआत से पहले दिन से ये बात बोली है कि हम खुलेआम ये बात बोल रहे हैं कि किसी भी प्रकार का प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहेगा। कॉकरोच जनता पार्टी और हमारा ये पूरा आंदोलन किसी भी प्रकार की हिंसा का बिल्कुल समर्थन नहीं करता है। कल से हम देख रहे हैं कि बहुत सारे अकाउंट्स से ये अफवाह फैलाई जा रही है कि दिल्ली में ये होगा, दिल्ली में वो होगा, हम ये साफ कर देना चाहते हैं कि कॉकरोच जनता पार्टी एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी।'

पुलिस से मांगा सहयोग, कहा- भड़काऊ वीडियो का संज्ञान लें

आशुतोष ने आगे कहा, ‘हम दिल्ली पुलिस से भी निवेदन करते हैं कि ऐसे जितने भी वीडियोज वो अगर कहीं भी सर्कुलेट होते हुए देखें, तो तुरंत उनका संज्ञान ले। कॉकरोच जनता पार्टी ने इस देश की कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है। हम सभी आपको 6 जून को जंतर-मंतर पर एक शांतिपूर्ण-लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शन के लिए देखना चाहते हैं।’

‘अभिजीत दीपके आकर लेंगे पुलिस से अनुमति’

पीसी के दौरान जब आशुतोष से इस विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं लेने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि '6 जून को भारत आने के तुरंत बाद अभिजीत दीपके (पार्टी के संस्थापक) पुलिस थाने जाकर सबसे पहले इस विरोध-प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। और हमें पूरी उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति हमें जरूर देगी। क्योंकि ये लड़ाई हम सिर्फ युवाओं के लिए नहीं लड़ रहे, बल्कि ये लड़ाई हम पुलिसवालों के लिए भी लड़ रहे हैं।'

'हम स्टूडेंट्स के साथ पुलिसवालों के लिए भी लड़ रहे'

आशुतोष रांका ने आगे कहा, 'इस देश में SI भर्ती में कितने पेपर लीक हुए हैं, राजस्थान का SI पेपर भर्ती का मुद्दा आपने सुना होगा। यूपी का पुलिस कांस्टेबल का पेपर साल 2024 में लीक हुआ था। तो ये लड़ाई हम पुलिसवालों के लिए भी लड़ रहे हैं। तो हमें बिल्कुल उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति हमें जरूर देगी।'

बताया अपने विरोध-प्रदर्शन का एकमात्र उद्देश्य

CJP प्रवक्ता ने एकबार फिर अपने प्रदर्शन को लेकर देशवासियों को आश्वास्त करते हुए कहा कि 'जो कुछ भी कॉकरोच जनता पार्टी करेगी वह इस देश की कानून-व्यवस्था के अनुरूप होगा। हमने जंतर-मंतर पर पूरी तरह से शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसके अलावा जितनी भी चीजें हमारे बारे में उड़ाई जा रही हैं और जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, हमें पता है कि इसके पीछे पूरा IT सेल लगा हुआ है, जो अपनी पूरी ताकत लगा रहा है, लेकिन उस पर ध्यान ना दें। कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक स्टैंड बिल्कुल स्पष्ट है कि 6 जून को जंतर-मंतर पर हम एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे और इसका मात्र एक उद्देश्य है कि धर्मेंद्र प्रधान जी अपने पद से इस्तीफा दें।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।