दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG, 2 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम, जानिए नई कीमत

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली-एनसीआर के शहरों में सीएनजी (CNG) के दामों में आज एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। दो दिन में यह दूसरी बार सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी के दाम 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गए हैं।

दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG, 2 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम, जानिए नई कीमत

दिल्ली-एनसीआर के शहरों में सीएनजी (CNG) के दामों में आज एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। दो दिन में यह दूसरी बार सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी के दाम 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गए हैं।

दिल्ली और उससे सटे नोएडा एवं गाजियाबाद जैसे में सीएनजी की कीमतों में रविवार सुबह 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद दिल्ली में प्रति किलोग्राम CNG की कीमत 80.09 रुपये होगी। वहीं, नोएडा-गाजियाबाद में प्रति किलोग्राम CNG की कीमत 88.70 रुपये होगी। बीते 2 दिनों में सीएनजी कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को सीएनजी की कीमतें 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाई गई थीं।

पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपये की हुई थी वृद्धि

बता दें कि शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। राजधानी में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल अब 87.67 रुपये के मुकाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। यह पिछले चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली वृद्धि है। कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का घाटा बढ़ने के बीच यह वृद्धि की गई है। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई हैं जब सरकार ईंधन खपत को कम करने और देश की तेल आयात लागत को नियंत्रित करने के लिए उपाय कर रही है।

पीएनजी-एलपीजी में कोई वृद्धि नहीं

हालांकि, घरों में खाना पकाने के लिए पाइप से मुहैया कराई जाने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) और घरेलू खाना पकाने वाली गैस एलपीजी दोनों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू रसोई गैस एलपीजी की कीमतें मार्च में 60 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई थीं लेकिन वे अब भी वास्तविक लागत से काफी कम हैं। तेल कंपनियों को 14.2 किलोग्राम के एक एलपीजी सिलेंडर पर 674 रुपये का नुकसान हो रहा है।

अमेरिका-ईरान युद्ध के असर से बढ़ रहे दाम

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका-इजराइल हमले के बाद और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बाद से 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इस युद्ध से होर्मुज स्ट्रेट अवरुद्ध हो गया, जिससे दुनिया के तेल एवं गैस का पांचवां हिस्सा गुजरता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में ईंधन बचत, वर्क फ्रॉम होम करने और विदेश यात्रा कम करने की अपील की थी क्योंकि ऊर्जा की ऊंची कीमतें भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव डाल रही हैं और लगातार तीसरे वर्ष चालू खाते के घाटे को बढ़ाने का खतरा उत्पन्न कर रही हैं।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।