Hindi Newsएनसीआर Newscm yogi noida international airport review medanta hospital inauguration
कल नोएडा आएंगे सीएम योगी, जेवर एयरपोर्ट का दौरा; मेदांता अस्पताल का भी शुभारंभ

कल नोएडा आएंगे सीएम योगी, जेवर एयरपोर्ट का दौरा; मेदांता अस्पताल का भी शुभारंभ

संक्षेप:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कामकाज की प्रगति का जायजा लेने के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और फिर नोएडा सेक्टर-50 में बने एक निजी मेदांता अस्पताल के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

Nov 26, 2025 06:18 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कामकाज की प्रगति का गुरुवार को जायजा लेंगे। वह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके बाद नोएडा के सेक्टर-50 में बने एक निजी अस्पताल के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में फेरबदल किया गया है। अब तक तैयारी थी कि गाजियाबाद के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री जेवर एयरपोर्ट के कामकाज का जायजा लेने जाएंगे। इसके बाद नोएडा पहुंचकर सेक्टर-50 में बने मेदांता अस्पताल का शुभारंभ करेंगे।

यहां कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीएससी रोड पर भंगेल एलिवेटेड रोड का आधिकारिक रूप से उद्घाटन करने जाएंगे और फिर सेक्टर-38 स्थित गोल्फ कोर्स में एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रमों में बदलाव: अब कार्यक्रम में बदलावों के अनुसार मुख्यमंत्री गाजियाबाद के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट के कामकाज का जायजा लेने जाएंगे।

फिर नोएडा में अस्पताल का शुभारंभ करेंगे और यहां से गाजियाबाद के हिंडन की ओर लौट जाएंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री के हाथों अब भंगेल एलिवेटेड रोड का आधिकारिक शुभारंभ संभवत: नहीं होगा। करीब ढाई महीने से प्राधिकरण मुख्यमंत्री से एलिवेटेड रोड का उद्घाटन कराने के प्रयास में जुटा है। इस दौरान मुख्यमंत्री तीन बार जिले में भी आए, लेकिन मौका नहीं मिल सका। हालांकि, लोगों की मांग और किसानों की चेतावनी के बाद प्राधिकरण एक सप्ताह पहले ही परीक्षण के तौर पर भंगेल एलिवेटेड रोड को खोल चुका है। अब वाहन चालक बिना जाम में फंसे नोएडा के सेक्टर-37 से फेज टू की ओर आ-जा रहे हैं।

निर्माण कार्य पूरा हो चुका

एयरपोर्ट का प्रथम चरण के तहत 1334 हेक्टेयर में चल रहा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इनमें रनवे, टैक्सीवे, टर्मिनल व पार्किंग समेत अन्य सुविधा शामिल हैं। बैगेज हैंडलिंग, बोर्डिंग, सिक्योरिटी स्क्रीनिंग और यात्री प्रबंधन से जुड़े तकनीकी परीक्षण भी पूरे हो चुके हैं, जोकि जांच में सफल भी पाए गए थे। गुरुवार को डीजीसीए, बकास, यूपी नागरिक उड्डयन विभाग, नायल, सीआईएसएफ और एयरलाइंस के अधिकारी उच्चस्तरीय बैठक कर अन्य तैयारियों को परख चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसकी शुरुआत होने के बाद सबसे पहले घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं शुरू होंगी और बाद में चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा।

वाहनों के रास्ते बदलेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दोपहर करीब ढाई बजे अस्पताल आएंगे। यहां करीब 45 मिनट तक रहेंगे। ऐसे में सेक्टर-113 से सेक्टर-50 तक आने-जाने के दौरान सेक्टर-78 अस्पताल के सामने से आने वाली सड़क, बरौला बाइपास, सेक्टर-50 के सामने समेत कुछ और सड़कों पर 20-25 मिनट तक वाहनों के रास्तों में बदलाव रहेगा। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए खाका तैयार कर लिया है।

सेक्टर-113 में हेलीपेड बनाया जा रहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को देखते हुए सेक्टर-113 में हेलीपेड तैयार कराया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के निर्देश पर हेलीपेड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्दी ही यह काम पूरा कर लिया जाएगा। एक अधिकारी का कहना है कि हेलीपेड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग के जरिए निजी अस्पताल का उद्घाटन करने के लिए जाएंगे।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।