दिल्ली में रहने वाले अलग-अलग राज्यों के लोगों को सीएम रेखा गुप्ता ने दी खुशखबरी, की एक बड़ी घोषणा
- विधानसभा की कार्यवाही के दौरान पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए सीएम गुप्ता ने कहा, 'सारी की सारी पाइपलाइन राजस्व से इन्होंने अपने घरों में लगा रखी थी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को विधानसभा में एक बड़ी घोषणा की और बताया कि अब से राष्ट्रीय राजधानी में हर राज्य का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसकी वजह बताते हुए उन्होंन कहा कि क्योंकि यहां सभी राज्यों के लोग रहते हैं, इसलिए दिल्ली सरकार सभी की भावनाओं का सम्मान करते हुए सभी प्रदेशों के स्थापना दिवस को सेलिब्रेट करेगी। सीएम गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा में बजट चर्चा का जवाब देते हुए यह घोषणा की।
इस बारे में विधानसभा में बोलते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, 'एक बड़ा सुंदर सुझाव हमारे साथियों की तरफ से आया है कि दिल्ली जो है अलग-अलग राज्यों का यहां पर परिवेश है, हर राज्य के लोग यहां पर रहते हैं, वो अभिन्न अंग हैं दिल्ली का, तो दिल्ली सरकार अब से जिस भी राज्य का स्थापना दिवस आएगा, उसे दिल्ली सरकार के द्वारा मनाया जाएगा। अब सबसे पहला जो स्टेट डे है वो ओडिशा का आएगा, जो कि 1 अप्रैल को है, तो दिल्ली सरकार उसका आयोजन करेगी और उसे भव्यता के साथ मनाएगी और आप सबको भी बुलाएगी।'
बजट चर्चा का जवाब देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, 'बजट चर्चा के दौरान साथियों से मिले सुझावो में से जो सुझाव मुझे अच्छे लगे, उनको मैं बजट में जरूर जोड़ना चाहूंगी। उसमें से एक है यमुना पार विकास बोर्ड उसे हम अपने इस बजट में लाएंगे और उस पर काम चालू करेंगे। दूसरा सुझाव जो हमें पसंद आया वो है दिल्ली की सभी मंडियों के सुधार और विकास कार्य, उसे भी हम पूरी शिद्दत से करेंगे।' अलग-अलग राज्यों का स्थापना मनाने का सुझाव भी इसी दौरान मिला था।
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए सीएम गुप्ता ने कहा, 'सारी की सारी पाइपलाइन राजस्व से इन्होंने अपने घरों में लगा रखी थी। तीन प्रकार से बजट का दुरुपयोग इनके माध्यम से किया गया। एक तो जो बजट रखा कागजों में इस्तेमाल नहीं किया। वो तो अन्याय किया ही, दूसरा जो बजट रखा, उसका दुरुपयोग किया, और तीसरा सीधा-सीधा भ्रष्टाचार किया। ऐसी तीन कैटेगरी में AAP सरकार ने दिल्ली के बजट का पूरा का पूरा दुरुपयोग किया।'
सीएम गुप्ता ने आगे कहा, 'किस तरीके से इन्होंने कागजों पर फंड रखा, लेकिन समाज के लिए उस फंड का उपयोग ही नहीं किया। बाबा साहब का नाम लेकर जो अपनी पहचान बताते हैं, उन्होंने कितना अन्याय किया उनको मानने वाले वर्ग के साथ, मैं आपको बताना चाहती हूं।' गुप्ता ने आगे कहा, ‘एक हेड था इम्प्रूवमेंट ऑफ एससी बस्तीज, और उसमें 65 करोड़ रुपए का फंड रखा गया, 2020-21 में मात्र 50 लाख रुपए खर्च किए गए।’
इसके बाद गुप्ता ने कहा, 'दूसरा हेड था, जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना, जिसे ये लेकर आए, पहले साल 2020-21 में 40 करोड़ लाए, केवल डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए, फिर 2021-22 में 50 करोड़ लाए, सिर्फ 2 करोड़ 90 लाख रुपए खर्च किए और 2022-23 में 70 करोड़ लेकर आए और उसमें से शून्य रुपए खर्च किया। इसके बाद 2023-24 में 30 करोड़ रुपए रखे, इसमें से मात्र 1 लाख रुपए खर्च किए।'
AAP पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'चोरी की इंतेहा ये हुई कि इन्होंने दिल्ली की जनता को तकलीफें देकर उनका सुख-चैन छीन लिया, लेकिन चोरी यहां भी खत्म नहीं हुई, आप लोग तो CMO दिल्ली के तीनों हैंडल भी चोरी करके ले गए, हमें शिकायत करनी पड़ी, एक महीना संघर्ष करके हम उन्हें वापस लेकर आए। अरे ऐसी भी क्या आदत लग गई थी चोरी की।'
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


